Media24Media.com: Dantewada news

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label Dantewada news. Show all posts
Showing posts with label Dantewada news. Show all posts

बड़ी खबर: नक्सलियों ने फिर पुलिस कैंप पर किया हमला, फायरिंग में 2 जवान समेत 4 घायल

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की कायराना हरकत की खबरें आए दिन सामने आती रहती है। ताजा मामला दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला का है, जहां पहाड़ी के नीचे खोले गए नए पुलिस कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। जंगल की तरफ से नक्सलियों ने कैंप पर 15 BGL यानी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर दागे हैं। साथ ही अंधाधुंध फायरिंग भी की। नक्सलियों के इस हमले से CAF के 2 जवान और 2 महिला मजदूर घायल हो गए। हालांकि सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एक महिला मजदूर को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि दोनों जवान और दूसरी महिला मजदूर का कैंप में ही इलाज किया गया।   

बता दें कि दंतेवाड़ा जिले के अति संवेदनशील इलाके हिरोली में हाल ही में पुलिस कैंप स्थापित किया गया है। बुधवार की रात नक्सलियों की पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के सदस्यों ने कैंप पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी के बाद जवानों ने फौरन मोर्चा संभाल लिया। नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब 40 मिनट तक यहां रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। नक्सलियों की फायरिंग में CAF के आरक्षक सलीम लकड़ा के पीठ और आरक्षक किशन सूर्यवंशी के दाहिने कान के पीछे गोली लगी।

2 मजदूर भी हुए घायल

वहीं कैंप के निर्माण काम में लगे मजदूर भी यहीं थे। गोलीबारी में दुले हेमला के पेट और बुदरी ताती के चेहरे को छूकर गोली निकली। हालांकि सभी की स्थित सामान्य है। इसके बाद 108 की मदद से महिला मजदूर दुले को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। अन्य का कैंप में पदस्थ डॉक्टरों ने इलाज किया। SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। नक्सलियों ने कैंप पर कुल 15 BGL दागे थे, जिनमें 7 फटे। बताया जा रहा है कि हमला करने से पहले नक्सलियों ने कैंप तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क के बीच ट्रैक्टर खड़े कर दिया था। साथ ही गड्ढा कर मार्ग भी बंद कर दिया था। ताकि फायरिंग के बाद बैकअप पार्टी को आने में समय लग जाए। रात में घायलों को लेने गई एंबुलेस 108 को दूसरे रास्ते से खेतों को पार कर कैंप तक जाना पड़ा।

लगातार हो रहे आतंकी हमले

बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस कई तरह के अभियान चला रही है, जिससे प्रभावित होकर कई नक्सली आत्मसमर्पण भी कर रहे है। जबकि सूरक्षाबल के जवान कई नक्सलियों को गिरफ्तार भी कर रहे है, जिससे बौखलाएं नक्सली इस तरह के कायरना हरकत कर रहे है।बता दें कि प्रदेश में बीते साल के मुताबले इस साल नक्सली हमले और गतिविधियां कम हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस और सरकार नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

CM भूपेश ने मां दंतेश्वरी को अर्पित की 11 किमी लंबी चुनरी, जिले का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

No comments Document Thumbnail

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन कर उन्हें 11 किमी लंबी चुनरी ओढ़ाई। इस तरह से दंतेवाड़ा की डेनेक्स की बहनों का नाम विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। इससे पहले नर्मदा मैया को मंदसौर में 8 किमी लंबी चुनरी ओढ़ाई गई थी। डेनेक्स की 300 महिलाओं ने सिर्फ 7 दिनों में अपने हुनर से ये कार्य कर लिया। जब मुख्यमंत्री अपने हाथों से चुनरी अर्पित करने पहुंचे तो पूरे दंतेवाड़ा शहर में उत्सव सा माहौल था। पूरा शहर इस सुंदर दृश्य को देखने के लिए उमड़ आया था। 


11 किमी लंबी इस चुनरी के साथ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नागरिकों के गहरे उत्साह की जो झलक मिल रही थी। वो अपने आप में अद्भुत है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर में पूजा अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मावली माता और भैरव जी के दर्शन भी किए। इस दौरान मंदिर परिसर में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सुमधुर ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया था। 

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि डेनेक्स की महिलाओं ने जो चुनरी बनाई है उससे उनके हुनर को पूरे देश में जगह मिलेगी और इससे उनके काम की ख्याति दुनिया भर में फैलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि हम प्रदेशवासी बहुत सौभाग्यशाली हैं कि हमें माईं दंतेश्वरी का निरंतर आशीर्वाद और उनकी छत्रछाया मिल रही है।

जिले के फागुन मेले में पुलिस ने किया 2 नक्सलियों को गिरफ्तार, कई घटनाओं में थे शामिल

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र में फागुन मेला से 2 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों नक्सली ग्रामीण वेशभूषा धारण कर मेला घूमने के लिए आए थे, जिनकी सूचना मुखबिर ने पुलिस को दी थी। इसके बाद जवानों ने मेला में सर्चिंग की। वहीं कुछ ही घंटों में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। 

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार नक्सली रतिराम कुंजाम उर्फ रतन जनताना सरकार अध्यक्ष है। जबकि दूसरे नक्सली की पहचान बुधरु उर्फ डेंगा के रूप में की गई है। ये जनताना सरकार में उपाध्यक्ष है। ये दोनों नक्सली पिछले कई सालों से नक्सल संगठन से जुड़कर काम कर रहे थे। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल और बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में दोनों नक्सलियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज है।

दंतेवाड़ा SP सिद्धार्थ तिवारी ने दी जानकारी

दंतेवाड़ा के SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दोनों नक्सली हत्या, लूट, आगजनी, बड़े नक्सली लीडरों के आने पर उनके बैठक की व्यवस्था करना समेत अन्य काम करते थे। दोनों नक्सली इलाके में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे थे। मेला स्थल से दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ पुलिस चला रही कई तरह के अभियान

बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस कई तरह के अभियान चला रही है, जिससे प्रभावित होकर कई नक्सली आत्मसमर्पण भी कर रहे है। जबकि सूरक्षाबल के जवान कई नक्सलियों को गिरफ्तार भी कर रहे है, जिससे बौखलाएं नक्सली इस तरह के कायरना हरकत कर रहे हैं। बता दें कि प्रदेश में बीते साल के मुताबले इस साल नक्सली हमले और गतिविधियां कम हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस और सरकार नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। 

देश में पहली बार इस होली में गालों पर चढ़ेगा गोबर के गुलाल का रंग

No comments Document Thumbnail

अब तक आपने फूलों से बने हर्बल गुलाल से होली खेली होगी, लेकिन दंतेवाड़ा में इस बार होली गोबर के बने गुलाल से खेली जाएगी। जिले की सांई बाबा स्व सहायता समूह की महिलाएं गोबर से गुलाल बना रही हैं। देश में पहली बार गोबर से गुलाल बनाने का ये नया प्रयोग हुआ है। कलेक्टर दीपक सोनी ने सांई बाबा स्व सहायता समूह की दीदीयों द्वारा गोबर से निर्मित गुलाल की तारीफ कर समूह को बधाई और शुभकामनाएं दी। वैज्ञानिक नारायण साहू और स्व सहायता समूह ने कलेक्टर सोनी को गोमय और वनस्पति से निर्मित गुलाल भेंट किए।

दंतेवाड़ा के कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन से फूल, सब्जियों के बाद महिलाएं अब गोबर से हर्बल गुलाल बना रही हैं। इसे 'गोमय हर्बल गुलाल' नाम दिया गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 11 मार्च से 14 मार्च 2022 तक फार्मटेक एशिया और कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय किसान मेला के आयोजन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस गोमय गुलाल को लॉन्च किया। छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना पर काम हो रहा है। 

गोबर से कंपोस्ट, वर्मी कंपोस्ट, दीए समेत अन्य वस्तुएं बनाई जा रही है। ऐसे में इस बार दंतेवाड़ा के वैज्ञानिकों ने गोबर से हर्बल गुलाल बनाने का न सिर्फ प्रयोग किया बल्कि इस पर काम भी किया, जिसकी तारीफ सीएम ने भी की। अब ये गुलाल इस होली ही छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में भेजा जा रहा है। ये हर्बल गुलाल को एनएमडीसी बैलाडीला, कलेक्ट्रेट परिसर, रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के साथ ही ऑनलाइन भी बेचा जा रहा है। 

वरिष्ठ वैज्ञानिक नारायण साहू ने दी जानकारी

केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक नारायण साहू ने बताया कि गोमय हर्बल गुलाल प्रसंस्कृत गोमय (गोबर), प्रसंस्कृत वर्मी कंपोस्ट और प्राकृतिक रंगों को मिलकर बनाया गया है। ये औषधीय गुणों से भरपूर है। ये एंटी रेडिएशन, एंटी बैक्टीरियल गुणों से युक्त है। ये सुगंधित है और त्वचा को ठंडकता प्रदान करती है। बालों और त्वचा की धुलाई, सफाई करती है।

इको और ह्यूमन फ्रेंडली गुलाल

उन्होंने कहा कि ये गुलाल पूर्णत इकोफ्रेंडली और ह्यूमन फ्रेंडली है। ये महिलाओं के आय सृजन के लिए कम लागत में तैयार किया गया है, जो गोठानों के शुद्ध कम्पोस्ट से बनाया गया है। सांई बाबा स्वसहायता समूह में 20 महिलाएं काम करती है। केवीके से जुड़कर काम करने वाली समूह की दीदीयां इसे बनाने के लिए काफी उत्साहित हैं। वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में काम कर रही शांति कश्यप, पूजा बघेल समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि गोबर से गुलाल बनाने की जब बात आई तो उन्होंने भी उत्साहित होकर काम किया। नारायण साहू ने बताया कि इससे महिलाओं को अच्छी आय प्राप्त हो रही है।

दंतेवाड़ा जिले के आदिवासी छात्र बनेंगे डॉक्टर

No comments Document Thumbnail

दंतेवाड़ा जिले के आदिवासी छात्रों का डॉक्टर बनने का सपना साकार हो रहा है। इस बार फिर से नीट परीक्षा साल 2020-21 में जिले से 7 छात्रों का चयन मेडिकल कॉलेज में हुआ है, जिसमें पीयूषा वेक, नीट स्कोर 481 पं. जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज रायपुर। रमशीला वेक, नीट स्कोर 419, पं.जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज रायपुर में चयन हुआ है। 

इसी तरह पदमा मडे़, नीट स्कोर 415 छतीसगढ़ इंस्टीटयूट ऑफ मेडिकल साइंस बिलासपुर। इंदू, नीट स्कोर 403, छतीसगढ़ इंस्टीटयूट ऑफ मेडिकल साइंस बिलासपुर। आरती नेताम, नीट स्कोर 384, बलिराम कश्यप मेमोरियल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जगदलपुर। पिन्टु राम, नीट स्कोर 362, राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर और सलवम पाले नीट स्कोर 311 का गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज रायपुर में चयन हुआ है। 

जिले में 9 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 'लोन वर्राटू' अभियान के तहत फिर हुए मुख्यधारा में शामिल

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान (Naxalite eradication Campaign) के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर 9 नक्सलियों ने CRPF और पुलिस अधिकारियों के सामने सरेंडर किया है। जिले के 2 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सलियों ने पुलिस के सामने हथियार डाले हैं। दंतेवाड़ा में लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 509 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक जिले में पहला सरेंडर भांसी थाना में हुआ है। यहां CRPF 230 बटालियन और पुलिस ने 6 नक्सलियों का सरेंडर कराया गया। CRPF DIG विनय कुमार सिंह, बटालियन के सीओ दिनेश सिंह चंदेल, SP सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में 6 नक्सलियों ने सरेंडर किया। बताया जा रहा है कि जिले के सीमावर्ती इलाकों के अलग-अलग नक्सल एरिया कमेटी के नक्सलियों ने CRPF 230 बटालियन के अफसरों के सामने आकर सरेंडर की इच्छा जताई। अफसरों ने तुरंत ही भांसी थाना बुलाकर सरेंडर किया। वहीं अरनपुर थाना में भी 3 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इन सभी नक्सलियों के मुख्यधारा में लौटने पर अफसरों ने तोहफा और प्रोत्साहन राशि देकर स्वागत किया।

अब तक 509 नक्सलियों ने किया सरेंडर

CRPF DIG विनय कुमार और सीओ दिनेश सिंह चंदेल ने बताया कि दंतेवाड़ा और इसके सीमावर्ती जिलों के गांवों के जो व्यक्ति प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सक्रिय हैं, उन्हें राज्य सरकार की नीतियों के तहत आत्मसर्मपण कराकर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने के लिए परिचालनिक अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता में विश्वास पैदा कर भटके हुए युवाओं से सरेंडर की अपील की जा रही है। SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सरेंडर नक्सली कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 509 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। अफसरों के सामने नक्सलियों का मिलिशिया सदस्य हिड़मा कवासी, सोमाराम मंडावी, मेडिकल टीम सदस्य सुनील नुप्पो, कोसाराम सोड़ी, हिड़मा माड़वी, मंगलू कुंजाम, सोमड़ी लेकाम, महेश मरकाम व हिड़मा उर्फ कोयली ताती ने सरेंडर किया है।

लोन वर्राटू अभियान

बस्तर में इन दिनों पुलिस लोन वर्राटू अभियान चला रही है। जिसमें माओवाद का रास्ता छोड़ नक्सलियों की घर वापसी कराई जा रही है। बुधवार को लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर एक इनामी नक्सली ने समर्पण किया। नक्सली माओवादियों की खोखली विचारधारा को छोड़कर मुख्यधारा से लगातार जुड़ रहे हैं।

क्या है 'लोन वर्राटू' अभियान ?

दंतेवाड़ा में नक्सलियों के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। जिसका नाम लोन वर्राटू दिया गया है, जिसका अर्थ है घर वापस लौट आइए। इसके लिए पुलिस के जवानों द्वारा गांव-गांव में प्रचार करवाया जा रहा है।गांव-गांव में पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर भी दिए जा रहे हैं, ताकि समर्पण की इच्छा रखने वाले नक्सली सीधे उनसे संपर्क कर सकें। इस अभियान के तहत अब धीरे-धीरे पूरे दंतेवाड़ा जिले से स्थानीय कैडर के नक्सली इस अभियान के तहत पुलिस से संपर्क कर सरकार की मुख्य धारा में लौट रहे हैं।

दंतेवाड़ा में एडवेंचर स्पोर्ट्स होगा आकर्षण का केंद्र

No comments Document Thumbnail

अपने चारों ओर पहाड़ों से घिरे हरे-भरे वादियों के बीच प्रशासनिक और धार्मिक महत्व के स्थल दंतेवाड़ा में डंकिनी नदी के तट पर विकसित हो रहे एडवेंचर स्पोर्ट्स जल्द ही आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां साहसिक खेलों और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए बस्तर संभाग के प्रथम एडवेंचर पार्क की स्थापना जिला खनिज संस्थान न्यास निधि  मद के तहत जिला प्रशासन और वन विभाग के द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 

एडवेंचर पार्क में संचालित होने वाली साहसिक खेल गतिविधियों और प्रशिक्षण से पर्यटकों और नागरिकों को अपने स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखने का महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में शासन-प्रशासन की पहल से विकसित किए जा रहे यह पार्क दंतेवाड़ा जिले के पर्यटन विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। इसके तहत सायकल जिप लाइन के निर्माण समेत सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा दंतेवाड़ा और इसके आस-पास ढोलकल और सातधार  महत्वपूर्ण स्थानों तक पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है।  

एडवेंचर पार्क एक आधुनिक व्यायाम प्रक्रिया साधन है, जिसमें जिप लाइन, साइकिल जिप लाइन, किड एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसे रस्सी द्वारा निर्मित पुल, हवा में ऊपर छलांग लगाने वाला कमरबंद झूला साहसिक खेल प्रदर्शन के माध्यम से नई विधियों और तकनीकों से परिचय कराना है। इसे ध्यान में रखते हुए खेल प्रशिक्षकों और खेल वैज्ञानिकों द्वारा पार्क के माध्यम से नवीनतम और प्रभावी जानकारी कुशलता से प्रदान की जाएगी। साथ ही ये पर्यटन के क्षेत्र में पर्यटकों की रुचि का केंद्र और दंतेवाड़ा जिले की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा। 

पर्यटकों के रुकने की उत्तम व्यवस्था

इस कड़ी में जिले के अंतर्गत पर्यटन के क्षेत्र में ढोलकल पहाड़ी में प्राचीन भगवान गणेश की प्रतिमा विश्व-विख्यात है। यहां देश और विदेश से पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए ढोलकल में बस्तर और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शैली अनुसार पर्यटकों के रुकने की उत्तम व्यवस्था और पारंपरिक खान-पान से संबंधित गढ़कलेवा को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की महत्वपूर्ण योजना भी बनाई जा रही है। इस तरह परंपरागत बस्तर और छत्तीसगढ़िया खान-पान को समाहित करते हुए अत्याधुनिक कॉटेज हट अपने आप में आधुनिकता को पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और लोकप्रियता के साथ प्रदर्शित करेंगे।

साल 2021 में 251 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 74 नक्सली गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ के बस्तर में दंतेवाड़ा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान (Naxalite eradication Campaign) के तहत साल  2021 में कुल 251 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। दंतेवाड़ा पुलिस के लिए साल 2021 बहुत सफल रहा। इस साल पुलिस के लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर और माओवादियों की खोखली विचारधारा को छोड़कर 251 नक्सली मुख्यधारा से वापस जुड़े हैं। इनमें 33 लाख रुपए के 6 खूंखार नक्सली भी शामिल हैं। जबकि जिले में अलग-अलग जगह हुई मुठभेड़ों में जवानों ने लाखों रुपए के इनामी नक्सलियों को ढेर भी किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 74 नक्सलियों की गिरफ्तारी भी की गई है, जिनमें से कुल 6 खूंखार नक्सलियों पर 33 लाख रुपए का इनाम घोषित है।

बस्तर में इन दिनों पुलिस लोन वर्राटू अभियान चला रही है। जिसमें माओवाद का रास्ता छोड़ नक्सलियों की घर वापसी कराई जा रही है। ये अभियान माओवाद को चोट पहुंचाने में कारगर साबित हुआ है। दंतेवाड़ा पुलिस ने साल 2020 में इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसके तहत महज डेढ़ साल में ही 480 से ज्यादा माओवादी मुख्यधारा में लौट आए हैं। सरेंडर करने वालों में कुल 117 नक्सली पर इनाम भी घोषित था। दंतेवाड़ा देश का पहला ऐसा नक्सल प्रभावित जिला है, जहां पर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे किसी अभियान में महज डेढ़ साल के अंदर इतनी बड़ी सफलता हाथ लगी है।

SP अभिषेक पल्लव ने दी जानकारी

दंतेवाड़ा के SP अभिषेक पल्लव ने बताया कि जिले में नक्सलियों की कमर लगातार टूटती जा रही है। वहीं इलाके के ग्रामीणों का भी पुलिस पर विश्वास बढ़ा है। इसलिए अब वे नक्सलियों का साथ नहीं दे रहे हैं। ग्रामीण गांव में विकास चाहते हैं। पुलिस ने कई नक्सलगढ़ में हाल ही में कई कैंप भी स्थापित किए हैं, जिससे नक्सली काफी हद तक बैकफुट हुए हैं। इस साल एक भी कैजुअल्टी नहीं हुई है। जल्द ही दंतेवाड़ा जिला नक्सल मुक्त हो जाएगा।

क्या है 'लोन वर्राटू' अभियान ? 

दंतेवाड़ा में नक्सलियों के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। जिसका नाम लोन वर्राटू दिया गया है, जिसका अर्थ है घर वापस लौट आइए। इसके लिए पुलिस के जवानों द्वारा गांव-गांव में प्रचार करवाया जा रहा है।गांव-गांव में पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर भी दिए जा रहे हैं, ताकि समर्पण की इच्छा रखने वाले नक्सली सीधे उनसे संपर्क कर सकें। इस अभियान के तहत अब धीरे-धीरे पूरे दंतेवाड़ा जिले से स्थानीय कैडर के नक्सली इस अभियान के तहत पुलिस से संपर्क कर सरकार की मुख्य धारा में लौट रहे हैं।

20 सालों में 4 हजार 739 नक्सलियों की मौत

इधर, नक्सलियों की PLGA यानी 'पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी' ने 109 पन्नों की एक किताब जारी की है। इस किताब में नक्सलियों ने साल 2000 से लेकर अगस्त 2021 तक अपनी सारी कामयाबी और नुकसान का जिक्र किया है। जितने भी माओवादी नेताओं की मुठभेड़ हो या सामान्य मौत उनका भी जिक्र किया है। नक्सलियों ने 109 पन्नों की इस किताब में पिछले 20 सालों की हर एक घटना के बारे में लिखा है। PLGA के मुताबिक बीते 20 सालों में पूरे देशभर में कुल 4739 नक्सलियों की बीमारी, हादसों और मुठभेड़ की वजह से मौत हुई है। इनमें 909 महिला नक्सली भी शामिल हैं। साथ ही सेंट्रल कमेटी मेंबर 16, SSC, SZC, SC मेंबर 44, आरसी मेंबर 9 और जेसी, डीवीसी और डीसी के 168 मेंबर भी शामिल हैं।

3 हजार 672 जवानों को घायल करने का दावा 

माओवाद पार्टी के ये सभी बड़े टॉप कैडर हैं। पद के हिसाब से इनकी खूंखार प्रवृत्ति का पता चलता है। माओवादियों के पद के अनुसार 5 लाख रुपए से लेकर 1 करोड़ तक का इनाम था। पुलिस की माने तो कुल 60 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम इन सभी पर घोषित था। नक्सलियों ने किताब में जो आंकड़े जारी किए हैं उसके मुताबिक पिछले 20 सालों में अब तक कुल 4031 छोटे-बड़े हमले जवानों पर किए गए हैं। PLGA ने पिछले 20 सालों के इन हमलों में कुल 3054 जवानों को मारने और 3672 जवानों को घायल करने का दावा किया है।

1 लाख 55 हजार 356 कारतूस लूटने का जिक्र

मुठभेड़ के बाद जवानों के लगभग 3 हजार 222 हथियार लूटने और 1 लाख 55 हजार 356 कारतूस लूटने का जिक्र भी किताब में किया गया है। वहीं नक्सलियों की तरफ से एंबुश लगाकर जवानों पर किए गए हमलों में 20 सालों में 196 नक्सलियों के मारे जाने की भी बात किताब में लिखी हुई है। नक्सलियों ने देश के अलग-अलग राज्यों में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। जिसमें सैकड़ों जवानों की शहादत हुई है। 

जवानों को एंबुश में फंसाने का दावा

छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में जवानों को एंबुश में फंसाया है। इनमें सबसे बड़े एंबुश, मिनपा, जीरागुड़ेम, सारंडा -2, नवाटोला, ऑपरेशन विकास मदनवेड़ा, सनबाइल एंबुश, ताड़मेटला, टेकलगुड़ा, टाहाकवाड़ा, कसलपाड़, बुरकापाल, उरपलमेटा, धरधारिया, डुमरीनाला समेत 20 से ज्यादा बड़े एंबुश नक्सलियों ने प्लान किए थे। नक्सलियों की बनाई रणनीति में इन सभी एंबुश में कई जवानों की शहादत हुई है। हालांकि कई जगह माओवादियों को भी थोड़े बहुत नुकसान झेलने पड़े थे।

नक्सलियों के व्यक्तिगत जीवन पर किताब 

नक्सलियों को संगठन में और मजबूती देने के साथ लोगों में क्रांतिकारी विचारधारा फैलाने के लिए संगठन की किताबों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। PLGA ने अपनी बुक में किताबों का भी जिक्र किया है। साल 1989 में पूर्ववर्ती भाकपा राज्य कमेटी आंध्र प्रदेश ने 'एक जंग' पत्रिका आरंभ की थी। यह नक्सलवाद के शुरुआती दौर के बारे में लिखी पत्रिका थी। जिसने कोई का मन बदला था। वहीं साल 2004 के अंत से भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की पत्रिका के रूप में जारी है। वहीं वर्तमान में अलग-अलग राज्यों में कुल 100 से ज्यादा नक्सलियों के व्यक्तिगत जीवन और संगठन को लेकर किताब लिखी हुई है।

छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार चला रही अभियान

नक्सलियों की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी ने अपनी किताब में हेलिकॉप्टर हमले का भी जिक्र किया है। माओवादियों का कहना है कि फोर्स ने उन पर हेलिकॉप्टर और ड्रोन से हमला किया था, लेकिन माओवादियों ने भी ड्रोन और हेलिकॉप्टर को नुकसान पहुंचाया है। साल 2008 में बीजापुर, 2010 में झारखंड, 2011 रांची और छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, 2012 में झारखंड, 2013 में सुकमा हेलिकॉप्टर पर फायरिंग कर नुकसान पहुंचाने की बात लिखी है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

दंतेवाड़ा के सहायक खाद्य अधिकारी और नवागढ़ खाद्य निरीक्षक निलंबित, 7 दुकानदारों पर भी गिरी गाज

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दंतेवाड़ा जिले के सहायक खाद्य अधिकारी मनीष चितले को प्रशासनिक कार्यों में अनुशासनहीनता और लापरवाही बरतने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में निलंबित शासकीय सेवक का मुख्यालय कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। 


नवागढ़ खाद्य निरीक्षक निलंबित

नगरीय निकाय  निर्वाचन कार्य मे गंभीर लापरवाही बरतने के कारण नवागढ़ खाद्य निरीक्षक विवेक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान ने निलंबन आदेश जारी किया है। खाद्य निरीक्षक मिश्रा का निलंबन अवधि में मुख्यालय खाद्य शाखा कार्यालय कलेक्टर बेमेतरा मे नियत किया गया है।

बारदाना जमा नहीं करने वाले 7 दुकानदारों पर भी गिरी गाज  

वहीं बीजापुर कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा के निर्देश पर भोपालपटनम SDM ने बारदाना जमा नहीं करने वाले 7 उचित मूल्य दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है और इन उचित मूल्य दुकानों को निलंबित कर दिया है। खाद्य विभाग द्वारा अप्रैल 2021 से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की खाली बारदाना संबंधित लेंपस समितियों में जमा करने के लिए निर्देश देने के बावजूद उचित मूल्य दुकान संचालकों द्वारा बारदाना जमा नहीं किया जा रहा हैं, ऐसे उचित मूल्य दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 

SDM ने किया दुकानों को निलंबित

SDM हेमेंद्र भुआर्य द्वारा उसूर ब्लॉक के पामेड़, तर्रेम, नेला कांकेर, गगनपल्ली और लंकापल्ली और भोपालपटनम ब्लॉक के सेंड्रा और एडापल्ली उचित मूल्य दुकान को बारदाना जमा नहीं करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर समीपस्थ उचित मूल्य दुकान में संलग्न कर दिया गया है। वहीं बाकी सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर खाली बारदाना लैंपस में जमा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। बारदाना जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित उचित मूल्य दुकान संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली  नियंत्रण आदेश के आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। 

समर्थन मूल्य पर धान उर्पाजन 

बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उर्पाजन किया जा रहा है। खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक शासन के निर्देशानुसार महत्ती कार्य के लिए नया, मिलर्स और PDS बारदानों का उपयोग किया जा रहा है। लक्ष्य के अनुरुप बारदानों की पूर्ति के लिए निरंतर उचित मूल्य दुकानों से PDS बारदाना संकलित किया जा रहा है। इसी के तहत कार्रवाई कर उचित मूल्य दुकानों का निलंबन किया जा रहा है।

सोनी सोरी ने खेल के क्षेत्र में लहराया परचम, रोशन किया जिले का नाम

No comments Document Thumbnail

दंतेवाड़ा के कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बढ़ने वाली सोनी सोरी ने खेल की क्षेत्र में परचम लहराया है। बड़े बेड़मा गांव की रहने वाली सोनी सोरी ने बताया कि उसके माता-पिता किसान है। जिनके पास एक एकड़ जमनी है, जिसमें खेती किसानी कर अपना भरण-पोषण करते हैं। उसके परिवार में पांच भाई-बहन है। जिन्हें पढ़ाने के लिए उसके माता-पिता को बड़ी मेहनत मजदूरी भी करनी पड़ती है। कुमारी सोनी सोरी अपनी प्राथमिक स्तर की पढ़ाई यानी पहली से पांचवी तक की पढ़ाई बचेली कन्या आश्रम में की। इसके बाद कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय में प्रवेश लिया। उसने बताया कि अधीक्षिका के मार्गदर्शन और आश्रम स्कूल के अनुशासन से अच्छे संस्कार मिलने के साथ उसका मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ने लगा। 

विद्यालय के नियमों को पालन करने से ही शारिरीक और बौद्धिक विकास होने लगा। कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं में यहां आने के बाद शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियां जैसे-खेलकूद, डांस, योगा, पुस्तकालय के बारे में जानकारी हुई। जिससे रूचि पढ़ाई की ओर बढ़ने लगी। सोनी ने बताया कि मीना बाल मंच, बाल संसद का गठन से स्कूल की पूरी गतिविधिया सुचारू रूप से होता है और वह बाल संसद में खेल मंत्री के पद पर कार्य कर रही है। साथ ही खेल मंत्री होने के नाते अपने कर्तव्य को बखूबी से करने और अपने सभी साथी बहनों को खेल के लिए प्रेरित करती है। 

5 हजार का नगद इनाम

सोनी को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि है। खेल में भी दौड़ बहुत पसंद है दौड़ के प्रति रुचि अधीक्षिका प्रभा वालम से प्रेरणा मिली। वे सभी छात्र छात्राओं को अपनी अपनी रुचि के खेल खेलने के लिए प्रेरित करती है। कुमारी सोनी ब्लॉक स्तरीय मैराथन हुआ, जिसमें प्रथम स्थान आई, जिसमें 1 हजार रुपए का नगद इनाम प्राप्त हुआ। सोनी ने बताया कि जिला स्तरीय मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उसे 5 हजार रुपए का नगद इनाम मिला। 

सोनी ने इन खेलों में जीता इनाम

इसी तरह स्कूल गेम में प्रथम पायका खेल में प्रथम स्थान प्राप्त करती है। स्कूल राज्य स्तरीय जगदलपुर में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीजापुर जिला में CRPF द्वारा कराई गई प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। जिसमें 5000 रुपए नगद और ट्रॉफी प्राप्त किया। 

राज्य और देश के लिए खेलना चाहती है सोनी

खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर में पिंक मैराथन में भाग लिया, जिसमें तीसरा स्थान हासिल किया। जिसमें 7000 रूपये और ट्रॉफी प्राप्त हुआ। आगे वह अपने राज्य और देश के लिए खेलना चाहती है। वह बताती है कि कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शिक्षिकाओं के द्वारा प्रतिदिन योगा कराया जाता है, जिससे वे दिनभर ऊर्जावान महसूस करते हैं और दिनभर पढ़ाई में मन लगा रहता है। वहीं स्वतंत्रता दिवस गणतंत्र दिवस, रंगीला बाल महोत्सव, जिला राष्ट्रीय निर्माण दिवस कार्यक्रम और बारसूर महोत्सव में हमें अपनी प्रतिभा का परिचय पूरे जिले में कराया जाता है। यहां पर कंप्यूटर की शिक्षा के साथ, संगीत, अन्य गतिविधियां सीखने को मिलता है। 

सोनी ने इन्हें दिया अपनी सफलता का श्रेय

सोनी अपनी सफलता का श्रेय कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में निशुल्क शिक्षा को देती है, जहां हर प्रकार की सुविधा जैसे-भोजन, पढ़ाई के लिए आवश्यक चीजें, हर प्रकार की सुविधाए प्रदान की जाती है। जिसके कारण शिक्षा के साथ खेल क्षेत्र में भी सफलता हासिल किया है। कुमारी सोनी अपनी सफलता के लिए अधीक्षिका और शिक्षकों को धन्यवाद करती हैं। जिन्होंने उसे हर कदम पर  आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया।

दुर्गम इलाकों में गंभीर मरीजों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाकर बचाई सैकड़ों जिंदगियां

No comments Document Thumbnail

घने वन और दुर्गम रास्ते के बीच भी लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं अब पहुंचने लगी है। जच्चे बच्चे की देखभाल की बात हो या अन्य किसी बीमारी के कारण आपात स्थिति की बात हो, अब दंतेवाड़ा जिले में किसी मरीज को अस्पताल पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं हो रही है। सुगम स्वास्थ्य योजना में दुर्गम इलाकों में रहने वालों सैकड़ों मरीजों को निजी वाहन सुविधा उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुंचाया गया है, इससे इन लोगों को नया जीवन मिला है।  


छत्तीसगढ़ सरकार वनांचल क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रही है। अस्पतालों की अधोसंरचना के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति कर इन क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैय्या करा रही है। दंतेवाड़ा जिले में 239 गांव और 143 ग्राम पंचायत हैं। 


लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला चिकित्सालय, मातृत्व और शिशु अस्पताल के साथ-साथ 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 13 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल लाने के लिए 44 एंबुलेंस भी उपलब्ध हैं। जिले की भौगोलिक परिस्थति और दुर्गम क्षेत्रों को देखते हुए गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल लाने के लिए सुगम स्वास्थ्य योजना शुरू की गई। 

दंतेवाड़ा जिले में कई बार यह देखने को मिलता था कि शासकीय एम्बुलेंस इन दुर्गम इलाकों में रास्ते खराब होने के कारण सही समय पर नहीं पहुंच पाती थी। इससे गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा सुगम स्वास्थ्य योजना में दुर्गम इलाके के गांवों में उपलब्ध निजी वाहनों में मरीजों को अस्पताल तक लाने की सुविधा दी गई। इस सुविधा से 189 गंभीर मरीजों को न सिर्फ समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका है, बल्कि उनके जिंदगी बचाई जा सकी है।


बड़ी घोषणा- अब नक्सल गढ़ से अलग गारमेंट हब बनेगा दंतेवाड़ा, पूरे देश में होगी डैनेक्स की सप्लाई

No comments Document Thumbnail

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नवा छत्तीसगढ़ और नवा-दंतेवाड़ा गढ़ने में दंतेवाड़ा जिले की माताएं और बहनें आगे बढ़कर काम कर रही हैं। अब जिले को मां दन्तेश्वरी के नाम से ही नहीं यहां की माताओं और बहनों के नाम से भी जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ाया है। जिले को नयी पहचान दिलाने के लिए डैनेक्स नाम से गारमेंट तैयार कर रही है। दंतेवाड़ा को गारमेंट हब (Dantewada As Garment Hub) के रूप में विकसित करने 04 नवा दंतेवाड़ा गारमेंट फैक्ट्री तैयार की जा रही है। डैनेक्स (दंतेवाड़ा नेक्स्ट) में तैयार गारमेंट की सप्लाई पूरे देश में होगी। CM आज जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में आम सभा को संबोधित कर रहे थे।






विकास के साथ संस्कृति बचाए रखना भी जरुरी






मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास जितना जरूरी है, अपनी संस्कृति को बचाए रखना भी उतना ही जरूरी है। देवगुड़ियों के कायाकल्प (Dantewada As Garment Hub) की शुरुआत गमावाड़ा से हुई है, बस्तर संभाग के सातों जिलों में देवगुड़ियों का कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए सुपोषण अभियान की शुरूआत दंतेवाड़ा जिले से की गई थी। केवल 10 माह में कुपोषण की दर घटाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। सुपोषण अभियान से छत्तीसगढ़ में एक वर्ष में 99 हजार बच्चे कुपोषण से मुक्त हुए हैं तथा 20 हजार महिलाएं एनीमिया से मुक्त हुई हैं।





Read More- Budget 2021: आज पेश होगा आम बजट, कोरोना काल में लिए जा सकते हैं कई अहम फैसले





मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 सालों से लंबित बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना को फिर से शुरु करने की पहल सरकार ने की है। इस योजना के पूरी होने से न सिर्फ दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के किसानों का जीवन पूरी तरह बदल जाएगा, बल्कि इसका लाभ नारायणपुर और कोण्डागांव जिले तक मिलेगा। वनांचल क्षेत्र के किसानों और वनवासियों की आय बढ़ाने शासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 2500 रुपए मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रुपया मानक बोरा किया गया। वनांचल क्षेत्रों में 52 तरह के लघु वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं। कोरोना-काल में वनवासियों की आय प्रभावित न हो, इसलिए लॉकडाउन के दिनों में भी छत्तीसगढ़ में वनोपज इकट्ठा करने का काम बंद नहीं होने दिया गया। जिसके फलस्वरूप लॉकडाउन के समय छत्तीसगढ़ में देश का सबसे ज्यादा लघु-वनोपज संग्रह किया गया।




Dantewada as garment hub




मुख्यमंत्री ने कहा कि वन-भूमि पर वर्षों से काबिज किसान जमीनों के पट्टे बांटने का काम तत्परता से किया है। व्यक्तिगत पट्टों के साथ-साथ, सामुदायिक पट्टे और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार भी दिया है। वनभूमि के पट्टे देने के मामले में छत्तीसगढ़ पूरे देश में अव्वल है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को भूमिहीन नहीं रहने दिया जाएगा, जिन लोगों के पास जमीन नहीं है, उन्हें भी जमीन दी जाएगी। साथ ही सरकार द्वारा जल्द ही कोदो-कुटकी का भी समर्थन मूल्य घोषित किया जाएगा। कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग प्लांट लगाए जाएंगे।





मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव-गांव में गोठानों का निर्माण किया जा रहा, ताकि पशुओं की देखभाल अच्छी तरह हो, फसलों को चराई से होने वाला नुकसान रुके और दूध का उत्पादन भी बढ़े। इन गोठानों का विकास आजीविका केंद्रों के रूप में भी किया जा रहा है, जहां स्व सहायता समूह की हजारों माताएं-बहनें तरह-तरह की गतिविधियों से आय प्राप्त कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार दुनिया की पहली सरकार है, जो दो रुपए किलो में गोबर खरीद रही है। जिन लोगों के पास न पशुधन है, न जमीन, वे भी आज गोबर इकट्ठा कर आय प्राप्त कर रहे हैं। पहले लोग धान बेचकर मोटरसाइकिल खरीदते थे, अब तो गोबर बेचकर ही मोटरसाइकिल और जेवर खरीद रहे हैं।





Read More- चुनाव बाद अकेले रह जाएंगी ममता दीदी, यहां पढ़ें गृहमंत्री अमित शाह के संबोधन





उन्होंने कहा कि गरीबों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ सकें इसके लिए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना शुरु की गई है। इस योजना के तहत अभी 52 स्कूल संचालित हो रहे हैं। अगले साल से 100 और स्कूल शुरु किया जाएगा।





कार्यक्रम को उद्योग मंत्री कवासी लखमा, राजस्व मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद दीपक बैज, स्थानीय विधायक श्रीमती देवती कर्मा, विधायक मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया और प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं, जनहितैषी निर्णय एवं फैसलों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अनेक जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


बैलाडीला की डिपॉजिट-13 खदान का भविष्य तय करने भूपेश सरकार का पत्र

No comments Document Thumbnail

रायपुर. दंतेवाड़ा के बैलाडीला स्थित लौह अयस्क खदान डिपाजिट-13(Bailadila Iron ore Deposit-13) को लेकर सरकार ने एनसीएल कंपनी से जवाब तलब किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैलाडीला लौह अयस्क खदान डिपाजिट-13 के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे विरोध के मद्देनजर खनिज विभाग को इस संबंध में भविष्य की योजना तय करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में राज्य शासन के खनिज साधन विभाग द्वारा बैलाडीला लौह अयस्क खदान के सुचारू रूप से संचालन के संबंध में (दंतेवाड़ा स्थित फारेस्ट डिवीजन बैलाडीला फारेस्ट रेंज में स्थित लौह अयस्क डिपाजिट-13) एनएमडीसी-सीएमडीसी लिमिटेड (मेसर्स एनसीएल) के मुख्यकार्यपालन अधिकारी को इस प्रकरण को एनसीएल के संचालक मण्डल के समक्ष रखने तथा संचालक मण्डल द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी से राज्य सरकार अवगत कराने को कहा है।





महिला ने लगाया था रेप का आरोप, नाराज युवक ने बदले के लिए 2 साल बाद उसकी बेटी और…





गौरतलब है कि दंतेवाड़ा स्थित फारेस्ट डिवीजन बैलाडीला फारेस्ट रेंज में स्थित लौह अयस्क डिपाजिट-13(Bailadila Iron ore Deposit-13) के खनिज पट्टा निष्पादन की तिथि से दो वर्ष की अवधि के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं होने के कारण खनिज रियायत नियम 2016 के नियम 20(3) के तहत व्यपगत की श्रेणी में आ चुका है।





सीईओ के खिलाफ मामला दर्ज
गौरतलब है कि बिना अनुमति खदान इलाकों में पेड़ों की कटाई के कारण एनसीएल के सीईओ के विरूद्ध वन विभाग द्वारा वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज हो चुका है। कलेक्टर दंतेवाड़ा द्वारा भी एनएमडीसी द्वारा वन स्वीकृति के लिए कराए गए ग्राम सभा को शून्य घोषित किया जा चुका है। बैलाडीला लौह अयस्क निक्षेप कमांक-13 राज्य शासन के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके संचालन केलिए त्वरित कार्यवाही नहीं होने से राज्य शासन को बहुत बड़ी राजस्व की हानि हो रही है तथा राज्य के अंतर्गत स्थापित उद्योगों को लौह अयस्क की कमी से जूझना पड़ रहा है।


किसानों की शिकायत पर सख्त कार्रवाई, गीदम धान खरीदी केंद्र प्रभारी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम धान खरीदी केंद्र (Geedam Paddy Procurement Center of Dantewada District) में किसानों की शिकायत पर धान खरीदी केंद्र के प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। गीदम धान खरीदी केंद्र के प्रभारी विजेन्द्र ठाकुर (Vijender Thakur in charge of Paddy Procurement Center) को अपने पदीय कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति सेवा नियम के उल्लंघन के कारण उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। इसके लिए आदिम जाति कृषक सेवा सहकारी समिति गीदम के प्राधिकृत अधिकारी ने आदेश भी जारी कर दिया है।





छत्तीसगढ़ में 14 दिसंबर तक 20.67 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 5.70 लाख किसानों ने बेचा धान





जांच दल द्वारा धान खरीदी केन्द्र में कृषि उपज के मालिक शुभम राय का 6.31 क्विंटल 12 बोरा धान को जब्त किया गया है। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दंतेवाड़ा कलेक्टर (Dantewada Collector) के निर्देश पर धान खरीदी केंद्र का खाद्य निरीक्षक गीदम, मंडी उप निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक द्वारा लैम्पस प्रबंधक, ऑपरेटर और किसानों की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि धान विक्रय के लिए कुल 14 किसानों से 564.80 क्विंटल अनुमानित धान के लिए टोकन जारी किया गया था।





छत्तीसगढ़ में फिर एक किसान ने की आत्महत्या, यह बनी खुदकुशी की वजह





टोकन क्रमांक 61001401202100117 किसान कोड एफसी 610140180593 किसान लालजीध्फागू द्वारा टोकन में अनुमानित धान 77.60 क्विंटल धान विक्रय के लिए खरीदी केंद्र लाया गया। खरीदी केन्द्र प्रभारी की अनुपस्थिति में कृषक लालजी के बेटे दशरथ साहू द्वारा ढेरी लगाकर हमालों की उपस्थिति में धान का कांटा कराया गया। तौल करने के दौरान हमालों द्वारा प्रति बोरा 41-42 किलो धान की भर्ती की जा रही थी, जो कि शासन द्वारा निर्धारित 40.700 किलोग्राम (बोरा सहित) से ज्यादा है। कृषक लालजी द्वारा तौल कराए गए 90 धान की बोरियों में निर्धारित मानक 40.700 किलोग्राम से ज्यादा भरकर तौल किया गया।





शादी के पांच दिन बाद ही दूल्हे ने की आत्महत्या, छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे खुदकुशी के मामले





इस संबंध में जांच दल द्वारा लैम्पस प्रबंधक आलोक ठाकुर की भूमिका के बारे में उपस्थित किसानों से पूछताछ कर जानकारी ली गई। किसान दशरथ साहू और हेमंत साहू ने बताया कि लैम्पस प्रबंधक को इस त्रुटि के बारे में अवगत कराया, जिसे प्रबंधक आलोक ठाकुर द्वारा सुधार करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मानक के मुताबिक भरकर तौलकर धान विक्रय किया गया। धान खरीदी केन्द्र में निरीक्षण के दौरान 63 किसानों से 1339 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी हैं। कृषक लालजी और पूर्व में क्रय किए गए किसानों के धान को रैंडमली तौला गया।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.