Media24Media.com: इस राज्य में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी, रोजाना मिल रहे 30 हजार से ज्यादा केस

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

इस राज्य में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी, रोजाना मिल रहे 30 हजार से ज्यादा केस

Document Thumbnail

कोरोना की दूसरी लहर भारत के लिए काफी घातक साबित हुई है। इसी बीच देश में अब कोरोना की तीसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है। देश में रोजाना कोरोना के 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। केरल के हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक हैं। केरल में बड़ी संख्या में केस दर्ज किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बीते 5 दिनों से केरल में करीब 1.5 लाख नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में बीते चार दिन से 30 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं। शनिवार को केरल में 31 हजार से ज्यादा नए कोरोना  मरीजों की पुष्टि हुई। 


वहीं शनिवार को राज्य में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट एक दिन पहले आए पॉजिटिविटी रेट 19.22 प्रतिशत से थोड़ा कम होकर 18.67 प्रतिशत हो गई है। केरल में एक्टिव मामलों ने शनिवार को 2 लाख का आंकड़ा पार कर लिया। अब देश के कुल एक्टिव मामलों यानी 3.7 लाख एक्टिव मामलों में से 55 प्रतिशत सिर्फ दक्षिणी राज्य के ममाले हैं। बीते पांच दिनों में ओणम के बाद कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी शुरू हुई है। राज्य ने लगभग 50 हजार एक्टिव मामले जोड़े गए हैं। इस दौरान प्रदेश में 1 लाख 49 हजार 814 नए मामले सामने आए हैं।

10 अगस्त के बाद से रोजाना बढ़ रहे केस

सबसे ज्यादा संक्रमित मामले आने वाले राज्य महाराष्ट्र में शनिवार को 4 हजार 831 नए मामले दर्ज किए गए। लगातार दूसरे दिन राज्य में दैनिक संख्या बीते हफ्ते के इसी दिन की संख्या से ज्यादा हो गई है। कुल मिलाकर महाराष्ट्र में मामलों के कम होने की रफ्तार अभी भी धीमा है। मिजोरम में भी संक्रमित मामलों में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है। पूर्वोत्तर राज्य ने शनिवार को 905 नए संक्रमित मामले दर्ज करने के एक दिन बाद शनिवार को 888 नए मामले दर्ज किए, जो कि 10 अगस्त के बाद से सबसे ज्यादा एक दिन के मामले हैं।

केरल में 153 मौतें दर्ज

देश ने शनिवार को कोरोना से 444 मौतों के मामले दर्ज किए। वहीं केरल में 153, महाराष्ट्र में 126, ओडिशा में 68, तमिलनाडु में 21 और आंध्र प्रदेश में 19 लोगों की मौत हुई। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए केरल सरकार ने कोविड की समीक्षा बैठक में फैसला लिया था कि राज्य में सोमवार रात 10 बजे से  सुबह 6 बजे तक लाइट कर्फ्यू लागू किया जाएगा। CM ने कहा जिन जगहों पर संक्रमितों की संख्या 7 प्रतिशत से ज्यादा है वहां ट्रिपल लॉकडाउन होगा और IPS अधिकारी सोमवार से प्रत्येक जिले में निवारक उपायों के समन्वय के लिए कार्यभार संभालेंगे। स्थानीय निकायों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि टीकों का पर्याप्त स्टॉक हो।

देश में 46 हजार 759 नए मरीजों की पुष्टि

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देश में 46,759 नए मामले सामने आए हैं, 509 लोगों की जान गई है जबकि 31,374 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। 24 घंटे के दौरान सक्रिय मामलों की संख्या में 14,876 का इजाफा हुआ है, जिससे सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 359,775 पर पहुंच गया है। इस समय केरल में कोरोना के सबसे ज्यादा 195,796 मामले सक्रिय हैं। वहीं महाराष्ट्र में 55,091, कर्नाटक में 18,996, तमिलनाडु में 17,797 और आंध्रप्रदेश में 15,050 मामले अभी भी सक्रिय हैं।  महाराष्ट्र में 64,47,442 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 62,55,451 ठीक हो चुके हैं। दूसरे नंबर पर केरल है, जहां अब तक 39,46,307 मामले सामने आ चुके हैं।

वैक्सीनेशन में तेजी

वहीं वैक्सीनेशन की बात करें तो जहां देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं तो वहीं इस जानलेवा बीमारी को हराने के लिए टीकाकरण भी तेजी से हो रहा है। वैक्सीनेशन के मामले में देश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 27 अगस्त को एक दिन में एक करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 63 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है। शाम 7 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को कोविड-19 रोधी टीके की 65 लाख से ज्यादा खुराकें दी गईं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.