Media24Media.com: बालोद न्यूज

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label बालोद न्यूज. Show all posts
Showing posts with label बालोद न्यूज. Show all posts

मोखा शासकीय हाईस्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

No comments Document Thumbnail

बालोद कलेक्टर जनमेजय महोबे ने गुरूर विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल मोखा में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संज्ञान में लिया और जांच समिति गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गुरूर, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गुरूर और तहसीलदार गुरूर की गठित जांच समिति द्वारा शासकीय हाईस्कूल मोखा में जांच की गई। 


उन्होंने बताया कि जांच में छात्र-छात्राओं और व्याख्याताओं के बयान लिए गए, जिसमें व्याख्याता  कैलाश कुमार साहू को प्रथम दृष्टया छेड़छाड़ का दोषी पाया गया। इस पर तुरंत दोषी व्याख्याता के निलंबन की कार्रवाई के लिए संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ नवा रायपुर को पत्र लिखा गया।  उन्होंने बताया कि संस्था के प्राचार्य और व्याख्याताओं को इस घटना की जानकारी होने के बाद भी उच्च कार्यालय को जानकारी नहीं दी।

शिक्षकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश

इस कारण संस्था के प्राचार्य और समस्त व्याख्याताओं के संचयी प्रभाव से 02 वेतनवृद्धि रोकने की अनुशंसा संचालनालय, छत्तीसगढ़ नवा रायपुर से की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले के समस्त प्राचार्य एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर तत्काल संस्था में शिक्षकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

एक ही फंदे से लटककर पति-पत्नी ने की खुदकुशी, 4 महीने पहले हुई थी शादी

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। ताजा मामला बालोद जिले के खैरतराई गांव का है, जहां पति-पत्नी ने एक साथ फांसी के फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली। दोनों के शव एक ही चुन्नी से लटके मिले। ग्रामीणों ने दंपती के शव को पेड़ से लटका देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शवों को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपती ने खुदकुशी क्यों की, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। दोनों ने 4 महीने पहले ही लव मैरिज की थी।

जानकारी के मुताबिक खैरतराई गांव के रहने वाले तारकेश्वर और उसकी पत्नी ज्योति का शव उनके घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में पेड़ से लटक रहा था। सुबह जब गांव वाले निकले तो दोनों के शव देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर बालोद थाना पुलिस सहित नायब तहसीलदार चांदनी देवांगन भी मौके पर पहुंच गई। उनके सामने पुलिस ने शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

आत्महत्या का कारण अज्ञात

दोनों की खुदकुशी का कारण अभी तक नहीं पता चला है। इसको लेकर ग्रामीणों और परिजनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। परिवार में भी किसी तरह के झगड़े की बात अभी तक सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि तारकेश्वर ड्राइवरी का काम करता था। उसने करीब 4 महीने पहले ही कांकेर के भानुप्रतापपुर की रहने वाली ज्योति से लव मैरिज की थी। इसके बाद उसे गांव ले आया था। गांव के नियमानुसार लव मैरिज करने पर बैठक भी हुई और किसी को आपत्ति नहीं थी। इसके बाद दोनों गांव में रह रहे थे। इसके बावजूद दोनों ने एक साथ ऐसा कदम क्यों उठाया, ये किसी को समझ नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हेल्पलाइन की ले सकते हैं मदद

बता दें कि खुदकुशी एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है। अगर आप या अपने दोस्त या रिस्तेदार तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं। आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए, ताकि आत्महत्या जैसे प्राणघातक कदम उठाने से बच सकें। देश में रोजाना आत्महत्या की घटनाएं सामने आ रही है।

ये हैं आत्महत्या के प्रमुख कारण  

  • पारिवारिक - 26 %
  • बीमारी - 19 %
  • वैवाहिक - 11 %
  • बेरोजगारी - 6 %
  • नशे की लत - 5 %
  • अन्य कारण - 24 %

शादी के बंधन में बंधे 22 जोड़े, मंत्री अनिला भेंडिया ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया की उपस्थिति में बालोद जिले के भैंसबोड़ गांव में मानिकपुरी पनिका समाज के तत्वाधान में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। मंत्री भेंडिया ने नवदंपतियों को सुखमय दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये बहुत ही शुभ अवसर है, यहां एक साथ 22 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर योजना की राशि 15 हजार रूपए से बढ़ाकर पच्चीस हजार रूपए की गई है। मंत्री भेंडिया ने इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देकर उसका लाभ उठाने प्रेरित किया। कार्यक्रम में मानिकपुरी पनिका समाज के पदाधिकारियों द्वारा मंत्री भेंडिया को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मानिकपुरी पनिका समाज के जिला अध्यक्ष बृजमोहन दास मानिकपुरी, तहसील अध्यक्ष लखन दास मानिकपुरी समेत समाज के अन्य पदाधिकारीगण, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी, पूर्व जनपद सदस्य अनिल सुथार, गणमान्य नागरिक पीयूष सोनी, नवदंपतियों के परिवारजन और बड़ी संख्या मे ग्रामीण मौजूद थे।   

क्या है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना

इस योजना को छत्तीसगढ़ सरकार ने शुरू किया है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की कन्या के विवाह पर सरकार द्वारा 25000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस योजना का संचालन किया जाता है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए कन्या की आयु 18  या फिर 18 साल से ज्यादा होनी चाहिए। इसके अलावा इस योजना का लाभ सिर्फ एक परिवार की 2 कन्याएं ही उठा सकती हैं। 

सामूहिक विवाह का आयोजन

इस योजना के माध्यम से सामूहिक विवाह का आयोजन भी करवाया जाता है। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विधवा, अनाथ या निराक्षित कन्याओं को भी शामिल किया गया है। इस योजना के माध्यम से परिवार को विवाह के समय आने वाली आर्थिक कठिनाइयों से निवारण मिलेगा। इसके अलावा ये योजना विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची रोकने में भी कारगर साबित होगी। सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से लाभार्थियों के सामाजिक स्थिति में भी सुधार आएगा और सादगी पूर्ण विवाह को बढ़ावा, सामूहिक विवाह का प्रोत्साहन समेत शादी में दहेज की लेनदेन पर रोकथाम भी होगी।

सल्हाईटोला गौठान में स्व-सहायता समूह विकसित कर रहा ड्रैगन फ्रूट का बगीचा, रोपे एक हजार पौधे

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी ग्राम योजना के तहत निर्मित गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। गांवों के मवेशियों के डे-केयर सेंटर के रूप में गांव-गांव में बनाए गए गौठनों में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का संचालन कर गौठान को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है।  ग्रामीणों को उनके गांव में ही आजीविका के साधनों से जोड़कर उन्हें रोजगार और आय का जरिया उपलब्ध कराना रूरल इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का उद्देश्य है।

ग्रामीणों को लाभप्रद रोजगार से जोड़ने के लिए गौठनों में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बालोद जिले के आदिवासी विकासखंड डौंडी के ग्राम सल्हाईटोला में निर्मित गौठान में नवाचार के रूप में भगवती स्व-सहायता समूह की 10 महिलाओं द्वारा वर्तमान में 01 हजार नग ड्रैगन फ्रूट के पौधे का रोपण किया गया है, जिससे आगामी साल में अच्छी आय की उम्मीद है। 

सल्हाईटोला गौठान ले रहा रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का आकार

ग्रामीणों द्वारा विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन से इस गौठान को ग्रामीण औद्योगिक पार्क का स्वरूप मिल रहा है। सल्हाईटोला के गौठान में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों में गांव के स्व-सहायता समूहों के लगभग 109 महिला और पुरूष जुड़े हुए हैं। स्व-सहायता समूह वर्मी-कंपोस्ट के निर्माण के साथ-साथ मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, दोना-पत्तल निर्माण, राइस मिल संचालन, मशरूम उत्पादन, सब्जी उत्पादन जैसी विभिन्न गतिविधियों से जुड़े हैं। वर्मी कंपोस्ट तैयार कर रहे 2 समूह को 73 हजार रुपए, मछली पालन करने वाले समूह को 40 हजार रुपए की आमदनी अब तक हुई है। मुर्गी पालन करने वाले समूह को हर 45 दिन में लगभग 30 से 40 हजार रुपए की आमदनी हो रही है। 

गौठान में एक समूह द्वारा फलदार पेड़ों की नर्सरी लगाई गई है। वहीं एक समूह ने एक हजार ड्रेगन फ्रूट के पौधे लगाए हैं, जिनसे आने वाले समय में अच्छी खासी आमदनी की उम्मीद समूह को है। यहां दुग्ध उत्पादन के लिए डेयरी की गतिविधि भी संचालित की जा रही है। सल्हाईटोला गौठान में प्रेरणा स्व-सहायता समूह की 10 महिलाओं द्वारा गौठान के निकट निर्मित डबरी में मछली पालन का कार्य किया जा रहा है, जिससे समूह को अब तक लगभग 40 हजार रूपए अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। 

सरस्वती स्व-सहायता समूह की 10 महिलाओं द्वारा गौठान में निर्मित शेड में ब्रायलर मुर्गी पालन का कार्य किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक चक्र यानी 45 दिन में लगभग 30 से 40 हजार रूपए की आय प्राप्त होगी। गायत्री स्व-सहायता समूह की 10 महिलाओं द्वारा उद्यान विभाग के मार्गदर्शन में नर्सरी का कार्य किया जा रहा है, जिसमें मनरेगा के तहत नर्सरी में आम, आंवला, मुनगा, करंज, नीम उन्नत किस्म के फलदार, छायादार और औषधीय पौधे तैयार किया जा रहा है। गौठान को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने के लिए वर्किंग शेड तैयार किया गया है, जिसमें संगम स्व-सहायता समूह की 10 महिलाओं द्वारा दोना-पत्तल निर्माण का काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें लगभग 15 हजार रूपए आय प्राप्त हुई है। 

इसी तरह सरस्वती स्व-सहायता समूह की 05 महिलाओं द्वारा मिनी राइस मिला के माध्यम से प्रसंस्करण इकाई की स्थापना की गई है, जिसमें दाल, हल्दी, धनिया, मिर्च को प्रसंस्कृत कर विक्रय किया जा रहा है, जिससे लगभग 17 हजार रूपए आय प्राप्त हुई है। गौठान में त्रिवेणी स्वसहायता समूह की 11 महिलाओं द्वारा मशरूम शेड में मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू किया गया है। गौठान के चारागाह में उन्नत चारा नेपियर का उत्पादन कर पशुओं को खिलाया जा रहा है। चारागाह की शेष भूमि पर बमलेश्वरी स्व-सहायता समूह और संगम स्वसहायता समूह की 21 महिलाओं द्वारा ड्रिप सिंचाई पद्धति से सब्जी उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। 

वर्मी कंपोस्ट बेचकर दो समूहों ने कमाए 73 हजार रुपए

इस गौठान में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत सहेली स्व-सहायता समूह और ज्योति स्व-सहायता समूह की 22 महिलाओं द्वारा वर्मी कंपोस्ट उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। अब तक 1210 क्विंटल गोबर क्रय कर 299 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन कर 223 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट विक्रय किया गया है, जिससे समूह को 73 हजार रूपए और गौठान समिति को 13 हजार रूपए की आय प्राप्त हुई है। गौठान में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा समय-समय पर पशु इलाज और टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाता है। 

गौठान में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए HF नस्ल की गायों के माध्यम से डेयरी काम का संचालन भी किया जा रहा है। बालोद जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बताया कि सरकार के मन मुताबिक पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, मत्स्य पालन विभाग के सहयोग से गौठान में गांव की महिलाएं और युवा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिससे इनकी आय में भी अतिरिक्त बढ़ोतरी हो रही है।   

धमतरी के प्रेमी जोड़े ने बालोद जिले में की खुदकुशी, एक ही पेड़ पर लटका मिला दोनों का शव

No comments Document Thumbnail

देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रेमी जोड़े की खुदकुशी करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला छत्तीसगढ़ के बालोद जिले का है, जहां धमतरी के रहने वाले प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। दोनों 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के दिन से लापता थे, जिनका शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना गुरूर थाना के राजाराव पठार गांव की है।

गुरुर पुलिस के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि राजाराव पठार गांव में एक पेड़ पर 2 लोगों की लाश लटकी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि दोनों धमतरी शहर के रहने वाले हैं। लड़के की पहचान गगन मारकंडे (उम्र 21) के रूप में हुई है। जबकि लड़की 17 साल की नाबालिग है। इसके बाद धमतरी की सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।  साथ ही परिजनों को भी सूचित किया गया है।

15 फरवरी को दर्ज कराई गई थी शिकायत

वहीं 15 फरवरी को ही दोनों के परिजनों ने लापता होने की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। लड़की के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि लड़की 14 फरवरी को सुबह स्कूटी लेकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी है। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी। इधर, लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद शीतला पारा हाटकेश्वर के रहने वाले गगन के पिता किशन ने भी इस मामले की शिकायत की थी। धमतरी पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू की थी, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला था। 

आत्महत्या का कारण अज्ञात

इस बीच पुलिस को बुधवार सुबह बालोद पुलिस ने इस घटना की सूचना दी है । पुलिस अब इस केस की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दोनों ने आत्महत्या क्यों की, इस बात का पता नहीं चल पाया है। परिजनों से पूछताछ के बाद पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रथम दृष्यटता में ये मामला प्रेम प्रसंग से ही जुड़ा लगा रहा है।

बालोद के इस गांव में हो रही थी नाबालिग लड़के की शादी, टीम की तत्परता से रुकी शादी

No comments Document Thumbnail

बालोद जिला प्रशासन (Balod District Administration) और महिला एवं बाल विकास विभाग (Women and Child Development Department) की सतर्कता और संयुक्त कोशिश से नाबालिग लड़के की शादी को रूकवाने में कामयाबी मिली है। दरअसल, बालोद जिले के गुंडरदेही तहसील के अंतर्गत एक बाल विवाह को रूकवाया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिकीर्तन राठौर ने बताया कि रनचिरई थाना अंतर्गत सूचना मिली कि शादी के निर्धारित उम्र से पहले एक लड़के की शादी 14 फरवरी 2022 को कराई जा रही है। 

इस सूचना पर एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, थाना प्रभारी, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानीन, ग्राम पंचायत के सचिव, उप सरपंच, कोटवार, वरिष्ठ नागरिक और साहू समाज के सचिव के संयुक्त रेस्क्यू दल ने संबंधित के घर पहुंचकर लड़के के उम्र संबंधी दस्तावेज का सत्यापन किया, जिसमें उसका उम्र 18 साल 10 महीने मिला। 

परिजन को दी गई बाल विवाह की जानकारी 

उन्होंने बताया कि लड़के के परिवार वालों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की विस्तृत जानकारी के साथ विवाह के समय वर की आयु 21 साल से ज्यादा होने की जानकारी दी गई। परिवार वालों को लड़के के उम्र होने के बाद ही विवाह किए जाने की समझाइश दी गई। साथ ही बाल विवाह से संबंधित पंचनामा कर परिजन से घोषणा पत्र प्राप्त किया गया। परिवारजनों ने लड़के की शादी का उम्र होने के बाद ही शादी किए जाने की सहमति दी।

पीपरछेड़ी सहकारी समिति के प्रबंधक यसवंत साहू और राजस्व निरीक्षक तुलसिंह नेताम निलंबित

No comments Document Thumbnail

बालोद के पीपरछेड़ी सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निलंबन की ये कार्रवाई समिति प्रबंधक द्वारा धान खरीदी के लिए किसानों के टोकन वितरण की व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले की गई है।

गौरतलब है कि 1 दिसंबर से सहकारी समितियां और उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए शासन द्वारा किसानों को नियमानुसार टोकन प्रदाय करने के निर्देश शासन द्वारा दिए गए हैं। टोकन वितरण का ये काम समितियों के धान उपार्जन की प्रतिदिन की क्षमता के मान से दिए जाने के निर्देश हैं। समिति प्रबंधक पीपरछेड़ी यशवंत कुमार साहू द्वारा शासन के उक्त निर्देश के परिपालन में लापरवाही बरती गई। प्रबंधक द्वारा 29 नवंबर  2021 को पीपरछेड़ी समिति से जुड़े सभी ग्रामों में मुनादी कर टोकन के लिए कृषकों को बुलाए जाने से समिति में भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे वहां अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई।  

सभी की स्थिति सामान्य 

सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी में टोकन लेने के लिए बड़ी संख्या में एक साथ कृषकों के पहुंचने और वहां अव्यवस्था की सूचना मिलते ही कलेक्टर  जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार वहां पहुंचे। उन्होंने समिति में धान खरीदी की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि समिति में अव्यवस्थित भीड़ के दौरान घायल ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। सभी की स्थिति सामान्य है।

राजस्व निरीक्षक तुलसिंह नेताम निलंबित 

वहीं गरियाबंद के देवभोग तहसील अंतर्गत राजस्व निरीक्षक तुलसिंह नेताम को शासकीय कार्यों और कर्तव्यों की उपेक्षा करने के कारण कलेक्टर निलेश क्षीरसागर ने निलंबित कर दिया है।  जारी आदेश के मुताबिक तुलसिंह नेताम को शराब के नशे में पाए जाने की पुष्टी सीएचसी देवभोग द्वारा भी किया गया है। फसस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में नेताम का मुख्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा नियत किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

कोमा के पंचायत सचिव निलंबित, मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

No comments Document Thumbnail

महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश छिकारा ने आदेश जारी कर कोमा ग्राम पंचायत के सचिव को तत्काल निलंबित कर दिया है। जनपद पंचायत बागबाहरा के ग्राम पंचायत कोमा के पंचायत सचिव पुनुराम साहू को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने समेत कई कारणों से निलंबित किया गया है। 

सचिव पुनुराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि बिना मूल्यांकन किए आहरण कर लिया था।  इससे पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने के कारण निलंबन की कार्रवाई की गई।  निलंबन अवधि में साहू को जनपद पंचायत बागबाहरा मुख्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की नियमानुसार पात्रता होगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस  

बालोद कलेक्टर जनमेजय महोबे ने डौंडीलोहारा के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपक ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 13 अक्टूबर 2021 तक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कारण बताओ सूचना पत्र में कहा है कि ग्राम पंचायत भेड़ी-लो के सरपंच द्वारा पत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत में सचिव के स्थानांतरण करने की मांग की गई थी, जिसे आपके द्वारा बिना परीक्षण किए अनुचित भाषा शैली के साथ इस कार्यालय को प्रेषित किया गया है। 

सेवा-शर्तों का उल्लंघन

छत्तीसगढ़ शासन पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा पंचायतकर्मियों की सेवा-शर्तों  के लिए जारी मार्गदर्शिका के स्थानांतरण के संबंध में जारी निर्देश के विपरीत आपके द्वारा ग्राम पंचायत भेड़ी-लो के ग्राम पंचायत सचिव हेमलता मानिकपुरी को जनपद पंचायत डौंडीलोहारा में संलग्न किया गया है। 

13 अक्टूबर तक जबाव देने के निर्देश

 इसी प्रकार कार्यालय जिला पंचायत बालोद के पत्र द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बालोद को ग्राम पंचायत सचिवों के अवकाश और सेवा-निवृत्त के परिप्रेक्ष्य में जारी निर्देश का अनुचित उपयोग कर आपके द्वारा अनाधिकृत रूप से ग्राम पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण 13 अक्टूबर 2021 तक प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे। समयावधि और अनुपस्थिति की दशा में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।  

बालोद के इस गांव में हो रही थी नाबालिग लड़के की शादी, टीम की तत्परता से रुकी शादी

No comments Document Thumbnail

बालोद जिला प्रशासन (Balod District Administration) और महिला एवं बाल विकास विभाग (Women and Child Development Department) की सतर्कता और संयुक्त प्रयास से नाबालिग लड़के की शादी रोकने में कामयाबी मिली है। दरअसल बालोद जिले के सुरेगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शहनाई बजने की पूरी तैयारी हो चुकी थी। हल्दी लगाने मेहमान भी पहुंच गए थे, लेकिन शादी उस समय रोक दी गई जब दूल्हा नाबालिग निकला। जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शादी रुकवा दी।





यह भी पढ़ें:- ​​​​​​​बिलाईगढ़ में नाबालिग की शादी रोकने में प्रशासन कामयाब : परिजन को दी समझाइश





महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इसके साथ ही परिजनों को समझाया कि जब बेटा बालिग हो जाए तो उसकी शादी करे।





सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम





महिला एवं बाल विकास विभाग (Women and Child Development Department) के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले के सुरेगांव थाना अंतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़के के विवाह की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी (बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी) गुंडरदेही, तहसीलदार अर्जुन्दा, थाना प्रभारी सुरेगांव, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन बालोद, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, ग्राम पंचायत के पंच की संयुक्त रेस्क्यू दल ने नाबालिग के घर पहुंचा। टीम ने नाबालिग के उम्र संबंधी दस्तावेज का सत्यापन किया। सत्यापन में बालक की उम्र 19 साल 3 माह पाई गई।





बाल विवाह की जानकारी





नाबालिग के परिवार को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के बारे में विस्तार से बताया गया। विवाह के समय वर की आयु 21 साल से ज्यादा और वधु की आयु 18 साल या उससे ज्यादा होने की जानकारी दी गई। बाल विवाह से संबंधित पंचनामा कर परिजनों से घोषणा पत्र लिया गया। उन्होंने बताया कि परिवारजनों द्वारा बालक के बालिग होने के बाद ही शादी किए जाने की सहमति दी गई।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.