Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, एक दिन में 46 नए मरीज मिले

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, एक दिन में 46 नए मरीज मिले

Document Thumbnail

प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 298 पहुंचा, रायपुर में सबसे ज्यादा 19 नए मामले; 113 मरीज एक्टिव

रायपुर- छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में एक दिन में 46 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही 1 जनवरी से 8 सितंबर 2026 तक राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल 298 मामले सामने आ चुके हैं।

रायपुर में सबसे ज्यादा मामले

राजधानी रायपुर संक्रमण के मामले में सबसे आगे है। यहां एक दिन में 19 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में इस साल अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 127 मामले दर्ज हो चुके हैं, जो प्रदेश के सभी जिलों में सबसे ज्यादा हैं।

कई जिलों में मिले नए मरीज

ताजा आंकड़ों के अनुसार दुर्ग में 4, बिलासपुर और कोरबा में 3-3, जबकि बलौदाबाजार, बस्तर, महासमुंद और राजनांदगांव में 2-2 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, मुंगेली और सरगुजा में भी नए मामले सामने आए हैं। पांच संक्रमित मरीज दूसरे राज्यों से संबंधित हैं।

113 मरीज अभी एक्टिव

प्रदेश में फिलहाल 113 एक्टिव मरीज हैं। इनमें 81 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 32 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार संक्रमित मरीजों की निगरानी कर रहा है।

लक्षण दिखने पर रहें सतर्क

स्वाइन फ्लू एक H1N1 इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाला संक्रमण है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी शामिल हैं। सांस लेने में परेशानी या लक्षण गंभीर होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू से किसी मौत की सूचना नहीं है। हालांकि बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी और सतर्कता बनाए रखना जरूरी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.