Media24Media.com: केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया, ‘नशा मुक्त भारत’ का दिया संदेश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया, ‘नशा मुक्त भारत’ का दिया संदेश

Document Thumbnail

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात से देशभर में आयोजित ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 85वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश था—‘फिटनेस को हां, ड्रग्स को ना।’

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा फिट इंडिया आंदोलन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के युवाओं को नशे के खिलाफ अभियान के केंद्र में रखा गया। पहल का उद्देश्य नशे जैसी हानिकारक आदतों के सकारात्मक विकल्प के रूप में फिटनेस को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

डॉ. मांडविया ने ‘संडे ऑन साइकिल’ को एक जन आंदोलन बताते हुए कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के फिट इंडिया आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं और नागरिकों ने साइकिलिंग के माध्यम से फिटनेस का संदेश दिया है।

दिसंबर 2024 में डॉ. मांडविया द्वारा शुरू किए गए ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में अब तक देशभर में 30 लाख से अधिक लोग भाग ले चुके हैं।

दिल्ली में इसका मेगा आयोजन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सामूहिक ‘नशा मुक्त भारत’ संकल्प रहा, जिसमें 1,000 से अधिक प्रतिभागियों ने नशे से मुक्त जीवन जीने और अपने परिवार, मित्रों तथा समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

रविवार सुबह तड़के ही फिटनेस गतिविधियां शुरू हो गईं। सुबह 5:30 बजे तक 1,000 से अधिक नागरिक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे। प्रतिभागियों ने योग और जुंबा सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास 5 किलोमीटर की साइकिलिंग राइड आयोजित की गई।

कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष गेम जोन भी बनाया गया, जहां कैरम, शतरंज, लूडो और बैडमिंटन जैसी गतिविधियों के साथ-साथ टग ऑफ वॉर और बाधा दौड़ जैसी फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इस अवसर पर अभिनेता एवं मॉडल सिद्धार्थ निगम, अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी और जूनियर नेशनल चैंपियन गुरवीर सिंह, IRS अधिकारी एवं फिट इंडिया एंबेसडर नरेंद्र कुमार तथा फिट इंडिया चैंपियन और प्रसिद्ध जुंबा प्रशिक्षक मीनल पाठक सहित कई विशेष अतिथियों ने भाग लिया।

साइकिलिंग राइड पूरी करने के बाद सिद्धार्थ निगम ने कहा कि सुबह 5 बजे दिल्ली के लोगों को इतने उत्साह और ऊर्जा के साथ साइकिल चलाते देखना शानदार अनुभव था। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत’ की थीम लोगों को यह संदेश देती है कि हानिकारक नशे की जगह फिटनेस, मेहनत और अपने लक्ष्य हासिल करने की आदत अपनानी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से ड्रग्स, सिगरेट और शराब से दूर रहने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट फिटनेस के लिए देने की अपील की। उन्होंने कहा—“Fitness ka dose, aadhe ghante roz.”

गुरवीर सिंह ने भी पहल की सराहना करते हुए कहा कि फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत युवाओं को फिटनेस की ओर प्रेरित करने और नशे से दूर रखने वाली बेहतरीन पहल हैं। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए देने का आग्रह किया।

उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के 39 पदक जीतने के प्रदर्शन की भी सराहना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI), राहगीरी फाउंडेशन और MY Bharat के सहयोग से किया जाता है।

यह साइकिलिंग अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। इसमें SAI क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (NCOEs), SAI प्रशिक्षण केंद्रों (STCs), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों (KISCEs), खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) तथा हजारों नमो फिट इंडिया क्लबों के साथ साइकिलिंग प्रेमी, स्कूल और कॉलेज भी भाग लेते हैं।


Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.