Media24Media.com: अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 14 घायल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 14 घायल

Document Thumbnail

श्रावण के तीसरे सोमवार को उमड़ी थी भारी भीड़, बिजली के तार गिरने की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी

लखीसराय- बिहार के लखीसराय जिले के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। श्रावण के तीसरे सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के पास भगदड़ मच गई, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए हैं।

भारी भीड़ के बीच बिगड़े हालात

बताया जा रहा है कि सुबह मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान दो ट्रेनों के लगातार पहुंचने से भीड़ अचानक बढ़ गई। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूट गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अधिकारियों के अनुसार, बिजली का खंभा गिरने या करंट फैलने की अफवाह के बाद लोगों में घबराहट बढ़ी, जिसके चलते भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

सभी मृतक महिलाएं बताई जा रहीं

आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात श्रद्धालु महिलाएं थीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जांच की जा रही है। इस हादसे ने बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह हादसा ऐसे समय हुआ जब सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर अशोक धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.