Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव : घर-घर जाकर मांग रहे हैं वोट

जगदलपुर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार-प्रसार तेज हो गया है। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पार्टी प्रत्याशी सावित्री मंडावी के साथ नगर पंचायत चारामा में विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर वोट मांगा। इसके साथ ही भानुप्रतापपुर के ग्राम उडकूड़ा और चनदेली में ग्रामीणों की सभा ली। उधर, भारतीय जनता पार्टी के साथ ही अन्य उम्मीदवार भी संभाएं लेकर और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी सहित सात उम्मीदवार मैदान में हैं। इस उपचुनाव के तहत पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, मतगणना और चुनाव परिणाम की घोषणा आठ दिसंबर को होगी।



कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों को गुमराह करने का आरोप

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में विषय लाना अलग बात है और उसे कानून में परिवर्तित करना अलग है। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कारण ही आज एससी और अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण प्रभावित हुआ है। भानुप्रतापपुर विधानसभा के कोरर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान कश्यप ने कई सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार केवल राजनीतिक छल कपट करना जानती है।

वहीं, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जयप्रकाश चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अंठावन फीसदी आरक्षण बचा नहीं पाई और अब प्रदेशवासियों को छिहत्तर प्रतिशत आरक्षण का सपना दिखा रही है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में आरक्षण को लेकर जो प्रस्ताव पारित किया गया है, वह जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास है।

दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा आदिवासी आरक्षण की विरोधी है और इसलिए आरक्षण बहाली के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का विरोध कर रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.