Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बेमौसम बारिश के कारण चौथा टोकन जारी करने के निर्देश, अब तक 84.73 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी

छत्तीसगढ़ शासन की ओर से दिए गए निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर सौरभ कुमार ने बीते हफ्ते हुए बेमौसम बारिश से किसानों को जारी तीसरे टोकन में धान खरीदी नहीं हो पाने से चौथा टोकन जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि किसानों को जारी तीसरे टोकन में धान की खरीदी नहीं होने या धान खरीदी मात्रा शून्य है तो चौथा टोकन जारी करने की अनुमति राज्य शासन के खाद्य विभाग की ओर से प्रदान की गई है। उन्होंने इसके लिए NIC के सॉफ्टवेयर में भी आवश्यक प्रावधान करने के निर्देश दिए हैं।

 

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के चालू सीजन में राज्य के 2484 धान उपार्जन केंद्रों में 24 जनवरी तक 19 लाख 95 हजार 868 किसानों से 84 लाख 72 हजार 820 मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी की जा चुकी है, जो राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी के अनुमानित लक्ष्य का लगभग 80.69 प्रतिशत है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 15,407.20 करोड़ रूपए जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर इस साल धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का तेजी से उठाव भी किया जा रहा है। डीओ और टीओ के माध्यम से अब तक 45.96 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है। 

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 39 लाख 98 हजार मीट्रिक टन धान का डीओ जारी कर दिया गया है। उपार्जन केंद्रों से मिलर्स ने 34 लाख 79 हजार मीट्रिक धान का उठाव कर लिया है। इसी तरह अब तक 16 लाख 79 हजार मीट्रिक टन धान के परिवहन के लिए टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध समितियों से 11 लाख 17 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है। 

जांजगीर-चांपा जिला प्रदेश में समर्थन मूल्य पर 24 जनवरी तक धान खरीदी के मामले में पहले पायदान पर है। यहां 7 लाख 39 हजार 896 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं राजनांदगांव जिला प्रदेश में धान खरीदी में दूसरे स्थान पर है। यहां 7 लाख 32 हजार 574 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। महासमुंद जिला धान खरीदी में तीसरे स्थान पर है। महासमुंद जिले में 6 लाख 05 हजार 805 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। 

 

खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 24 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर बस्तर जिले में 1,36,444 मीट्रिक टन, बीजापुर जिले में 56,099 मीट्रिक टन, दंतेवाड़ा जिले में 14,568 मीट्रिक टन, कांकेर जिले में 2,57,620 मीट्रिक टन, कोंडागांव जिले में 1,30,091 मीट्रिक टन, नारायणपुर जिले में 20,057 मीट्रिक टन, सुकमा जिले में 39,220 मीट्रिक टन, बिलासपुर जिले में 4,41,227 मीट्रिक टन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 60,029 मीट्रिक टन, कोरबा जिले में 1,45,447 मीट्रिक टन, मुंगेली जिले में 3,51,592 मीट्रिक टन, रायगढ़ जिले में 4,71,509 मीट्रिक टन, बालोद जिले में 4,61,094 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। 

इसी तरह बेमेतरा जिले में 5,58,753 मीट्रिक टन, दुर्ग जिले में 3,66,106 मीट्रिक टन, कवर्धा जिले में 3,83,166 मीट्रिक टन, धमतरी जिले में 350,909 मीट्रिक टन, गरियाबंद जिले में 2,84,522 मीट्रिक टन, बलौदाबाजार जिले में 5,99,344 रायपुर जिले में 4,28,257 मीट्रिक टन, बलरामपुर जिले में 1,69,211 मीट्रिक टन, जशपुर जिले में 1,30,938 मीट्रिक टन, कोरिया जिले में 1,18,983 मीट्रिक टन, सरगुजा जिले में 1,96,509 मीट्रिक टन और सूरजपुर जिले में 2,22,852 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।

जिले के 74.02 प्रतिशत किसानों ने बेचा धान

कोरिया जिले में चालू खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में 1 दिसंबर 2021 से शुरू धान खरीदी में 74.02 प्रतिशत किसानों से धान खरीदी की गई है। पंजीकृत 33 हजार 830 किसानों में से 24 जनवरी 2022 तक की स्थिति में 25 हजार 41 किसानों से 11 लाख 83 हजार 960 क्विंटल की धान खरीदी की गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए 31 जनवरी 2022 तक की जाने वाली धान खरीदी की तिथि में बदलाव करते हुए 7 फरवरी 2022 किए जाने के अहम फैसले ने अन्नदाताओं को राहत दी है। 

शत प्रतिशत धान खरीदी का प्रयास

जिले के बाकी 8 हजार 789 किसानों से शत प्रतिशत धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में बनाए गए 41 उपार्जन केंद्रों में सुचारु रूप से जारी है। जिले में बीते दिनों मौसम की खराबी, बारिश और ओलावृष्टि के प्रभाव से किसानों को हुए नुकसान की पूर्ति बचे हुए खरीदी दिनों से हो सकेगी। प्रशासन द्वारा जिले में बचे हुए किसानों से शत प्रतिशत धान खरीदी का प्रयास किया जा रहा है। अब तक मिलरों के द्वारा 44.38 प्रतिशत धान का उठाव किया गया है। वहीं जिले में 7 हजार 927 किसानों ने 797.528 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया है।

टोकन जांच और सत्यापन की कार्रवाई जारी 

कलेक्टर ने जिले में सुव्यवस्थित धान खरीदी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं, जिनके द्वारा खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते हुए भौतिक सत्यापन करते हुए कार्रवाई जारी है। मनेंद्रगढ़ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व  के द्वारा धान उपार्जन केंद्र बंजी में किए गए निरीक्षण में 2 किसानों द्वारा 29.69 क्विंटल और 26.40 क्विंटल मिक्स धान पर जब्ती की गई। 

मनेंद्रगढ़ नायब तहसीलदार ने की कार्रवाई

मनेंद्रगढ़ नायब तहसीलदार ने बरबसपुर धान उपार्जन केंद्र का जांच किया। समिति में अभी तक खरीदे गए धान की जांच, टोकन जांच और ऐसे किसान जिन्होंने अभी तक धान नहीं बेचा है, उनके घर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण में किसान कन्हैया निवासी बरबसपुर के घर पर भौतिक सत्यापन करने पर सिर्फ 5 क्विंटल धान मिला। जबकि टोकन 21 क्विंटल का कटाया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 क्विंटल का रकबा समर्पण करवाया गया।

270 बोरी धान जब्त

पटना तहसील के करहियाखांड गांव में भौतिक सत्यापन में एक किसान श्याम बिहारी यादव के द्वारा 270 बोरी धान जूट बोरी के पाए गए, जिस पर अलग-अलग धान खरीदी केंद्र जिल्दा, कोड़ा, पटना समिति के 2020-21, 2021-22 के स्टेनशील लगे बारदाने प्राप्त हुए। मौके से 270 बोरी धान जब्त किया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.