Media24Media.com: #सोशल मीडिया

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #सोशल मीडिया. Show all posts
Showing posts with label #सोशल मीडिया. Show all posts

शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर! VIDEO वायरल होते ही मचा बवाल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

No comments Document Thumbnail

 सूरजपुर। जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल से सामने आए कथित वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक हेडमास्टर स्कूल परिसर में कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है तथा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।


जानकारी के अनुसार, मामला रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह पर आरोप है कि वे स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे।

वायरल वीडियो में हेडमास्टर कथित रूप से स्कूल परिसर में जमीन पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे स्वयं को संभालने की स्थिति में नहीं दिख रहे हैं और आसपास मौजूद लोगों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि जहां बच्चों का भविष्य संवरता है, वहां इस तरह की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय, संविधान की आत्मा को कुचलने का हुआ था प्रयास : मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। वीडियो में आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर हुए प्रतिबंध, बड़े पैमाने पर हुई गिरफ्तारियों, प्रेस सेंसरशिप, लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संदेश को प्रमुखता से दर्शाया गया है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सत्ता के अहंकार में संविधान की आत्मा को कुचलते हुए पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया था।


आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों पर गंभीर प्रहार हुआ। MISA जैसे दमनकारी कानूनों के तहत हजारों लोकतंत्र सेनानियों, पत्रकारों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन लोकतंत्र के रक्षकों का साहस और संकल्प अडिग रहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 जून को "संविधान हत्या दिवस" घोषित किया जाना उन सभी लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। इससे नई पीढ़ी भारतीय लोकतंत्र के उस काले अध्याय को जान सकेगी और संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अधिक जागरूक होगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने भी लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान को पुनर्स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा बंद की गई सम्मान निधि को पुनः प्रारंभ करते हुए बकाया राशि का भुगतान किया गया तथा लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक-2025 पारित कर उनके सम्मान को कानूनी संरक्षण प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए संविधान की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा… युवती से दुष्कर्म, आरोपी फरार

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से दुर्ग निवासी सौरभ राजपूत से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती को दुर्ग बुलाया। 5 मार्च 2026 को युवती के दुर्ग पहुंचने पर आरोपी उसे सिकोला भाटा स्थित अपने बड़े भाई के घर ले गया, जहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत में पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसे उज्जैन घुमाने के बहाने ले गया, जहां भी उसने कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर दुर्ग सहित अन्य स्थानों पर भी लगातार उसका शोषण किया।

बताया गया कि 11 अप्रैल 2026 को आरोपी युवती को ग्राम संबलपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे उसके गांव छोड़ दिया। जब युवती के परिजनों ने शादी की बात की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में साफ इंकार कर फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

धर्म के खिलाफ भड़काऊ वीडियो पड़ा भारी, पुलिस ने दबोचा आरोपी

No comments Document Thumbnail

 भिलाई। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दुर्ग जिले के थाना छावनी क्षेत्र का है।


पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

19 फरवरी 2026 को शास्त्री मार्केट पावर हाउस निवासी दीपक कुमार कुलकर्णी (31 वर्ष) ने थाना छावनी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके व्हाट्सएप पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर हिंदू धर्म के खिलाफ अपमानजनक और भड़काऊ शब्दों का उपयोग किया गया था।

आरोपी ने कबूला कृत्य

जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद केम्प-01 निवासी नजरूल खान (48 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार कर ली।

घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

न्यायालय में पेश

मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी को 20 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित किया गया था और मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या धार्मिक भावना आहत करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसा करना कानूनन दंडनीय अपराध है। सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें।

सोशल मीडिया बना मौत की वजह! रील बनाने को लेकर विवाद, भिलाई में महिला की आत्महत्या

No comments Document Thumbnail

 भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई की निवासी थी। अंजली इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी और रील बनाती थी, लेकिन उसका यह शौक उसके पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बच्चों के ट्यूशन जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, अंजली अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह गृहिणी थी, जबकि पति निजी काम करता है। 30 जनवरी को भी दोनों के बीच रील बनाने को लेकर विवाद हुआ था।

शाम के समय जब दोनों बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए, उसी दौरान अंजली ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों के वापस लौटने पर उन्होंने मां को फंदे से लटका देखा और जोर-जोर से चीखने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व पति को सूचना दी गई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को अंजली का अंतिम संस्कार किया गया।

पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश

स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट साझा की थी। बताया गया है कि दिसंबर महीने में भी उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, तब उसने धतूरा खा लिया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जान बच गई थी। इसके बाद से उसका व्यवहार चिड़चिड़ा हो गया था।

फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

छावनी थाना क्षेत्र में दूसरी आत्महत्या की घटना

इसी थाना क्षेत्र से आत्महत्या की एक और घटना सामने आई है। कैंप-1 श्याम नगर इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

नीतू अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। यह घटना 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या के कारण अभी अज्ञात

फिलहाल नीतू कोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच के तहत परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

नाम बदलकर आदिवासी युवती से दोस्ती का आरोप, आरोपी युवक हिरासत में

No comments Document Thumbnail

 अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान छिपाकर एक आदिवासी युवती से कथित रूप से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता की दोस्ती फेसबुक के जरिए एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को हिंदू युवक बताते हुए “स्वराज पैकरा कंवर” नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। लंबे समय तक बातचीत के बाद आरोपी ने युवती का भरोसा जीता और नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि इस दौरान उसने अपनी असली पहचान, धर्म और पृष्ठभूमि को छिपाकर रखा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने युवती को भ्रमित करने के लिए कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड दिखाया, जिसमें नाम और अन्य विवरण बदले गए थे। पुलिस इन दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का असली नाम मोहम्मद महफूज है और वह बिहार के पटना का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर रहकर संपर्क करता था। उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पर पहले भी दो अन्य हिंदू युवतियों के साथ इसी तरह की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि इन तथ्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जा रही है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद कुछ सामाजिक संगठनों ने गांधीनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।

गांधीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया अकाउंट्स, मोबाइल डेटा, फर्जी दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी से भी संपर्क करते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

‘खूबसूरत लड़की दिख जाए तो रेप हो सकता है…’, कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल, सियासी बवाल

No comments Document Thumbnail

 भोपाल। मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का महिलाओं और दुष्कर्म को लेकर दिया गया बयान सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। विधायक के इस विवादित बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


विधायक बरैया ने अपने बयान में कहा कि “अगर रास्ते में कोई खूबसूरत लड़की दिख जाए तो दिमाग विचलित हो सकता है, रेप हो सकता है” और यहां तक कह दिया कि “रेप करने से तीर्थ यात्रा का फल मिलता है।” उनके इस बयान ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

इतना ही नहीं, उन्होंने अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उनकी सुंदरता और धर्मग्रंथों से जुड़े कथित संदर्भों का उल्लेख किया, जिस पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

बयान पर राजनीति गरमाई

विवादित बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी नेता को बेटियों को लेकर ऐसी अभद्र टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा-

“बेटियां मेरे लिए देवियां हैं। हम उन्हें जाति और समाज में बांटकर नहीं देख सकते। हमारी संस्कृति में बेटियों को देवी दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप माना गया है। ऐसे बयान बेहद दुखद और निंदनीय हैं।”

फिलहाल कांग्रेस विधायक के बयान को लेकर सियासी तूफान मचा हुआ है और सोशल मीडिया पर भी उनकी आलोचना हो रही है।

महोत्सव में चोरी की वारदात, भीड़ और अफरा-तफरी में आरोपी फरार

No comments Document Thumbnail

 बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के तातापानी महोत्सव में जेबकतरे की घटना सामने आई है। 15 जनवरी को एक युवक पर्स चोरी करने की कोशिश कर रहा था, जिसे लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक भीड़ का फायदा उठाकर पर्स चोरी का प्रयास कर रहा था। लोगों को संदेह होने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी और स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अफरा-तफरी के बीच आरोपी युवक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

तातापानी चौकी प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

‘जिसने गड़बड़ी नहीं की, उसे डर कैसा?’ — भूपेश बघेल के सर्वे दावे पर डिप्टी CM अरुण साव का करारा जवाब

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए ‘सर्वे’ संबंधी पोस्ट पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सर्वे कौन करवा रहा है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इसमें डरने जैसी कोई बात नहीं है। जिसने कोई गड़बड़ी नहीं की है, उसे डरने की आवश्यकता नहीं होती। बिना तथ्यों के आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।


दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया था कि एक सर्वे एजेंसी की 70 टीमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से यह पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधि सम्मत कार्रवाई करने के बजाय सर्वेक्षण कराया जा रहा है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे जो भी हथकंडे अपनाए जाएं, छत्तीसगढ़ की जनता उनके और कांग्रेस के साथ खड़ी है।

नगरीय निकायों की बैठक पर बोले डिप्टी CM

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हाल ही में आयोजित नगरीय प्रशासन विभागों की क्षेत्रीय बैठक को लेकर बताया कि उत्तर और मध्य भारत के पांच राज्यों के नगरीय प्रशासन विभागों की बैठक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान और शहरी मोबिलिटी—की समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ देश में तीसरे स्थान पर है। बीते दो वर्षों में राज्य ने कई योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति की है और इस तरह की क्षेत्रीय बैठकों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में मेट्रो परियोजना प्रारंभिक चरण में

छत्तीसगढ़ में मेट्रो परियोजना को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल यह प्रारंभिक चरण में है। उन्होंने बताया कि चीन और अमेरिका के बाद भारत मेट्रो नेटवर्क के विस्तार में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में भी मेट्रो परियोजना का काम तेज गति से आगे बढ़ेगा।

दलहन-तिलहन खरीदी को बताया ऐतिहासिक कदम

दलहन और तिलहन फसलों की खरीदी को लेकर मिली अनुमति पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह किसानों के हित में लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में दलहन-तिलहन की खेती में कमी आई थी, लेकिन अब इस फैसले से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

वायरल हो रहा "नैनो बनाना" ट्रेंड, लेकिन आपकी पहचान और निजता पर मंडरा रहा खतरा

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों AI जनरेटेड तस्वीरों का क्रेज़ तेजी से बढ़ रहा है। इंस्टाग्राम पर “नैनो बनाना” ट्रेंड युवाओं के बीच खूब वायरल हो रहा है। कोई अपनी सेल्फी को 3D खिलौने जैसा पोर्ट्रेट बनवा रहा है, तो कोई 90 के दशक की फिल्मी लुक में तस्वीरें शेयर कर रहा है।


क्या है "नैनो बनाना"?

  • यह गूगल के जेमिनी नैनो मॉडल पर आधारित फोटो-एडिटिंग टूल है।
  • तस्वीरों को चमकदार प्लास्टिक जैसा लुक, बड़ी एक्सप्रेसिव आंखें और फिल्मी बैकग्राउंड के साथ बदल देता है।
  • खास बात यह है कि इसके लिए न तो तकनीकी ज्ञान चाहिए और न ही कोई शुल्क। बस साधारण निर्देश देकर कोई भी शानदार AI तस्वीर बना सकता है।

क्यों बढ़ रहा है इसका क्रेज़?

  • सोशल मीडिया पर वायरल प्रॉम्प्ट्स की मदद से लोग लगातार 3D और रेट्रो तस्वीरें बना रहे हैं।
  • कॉलेज, कैफ़े और इंस्टा स्टोरीज़ में यह नया फैशन स्टेटमेंट बन चुका है।
  • रियल जैसा लुक और तुरंत तैयार नतीजे युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं।

लेकिन खतरे भी हैं…

  • हालांकि यह ट्रेंड मनोरंजक है, लेकिन प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
  • जब हम अपनी असली तस्वीरें ऐसे टूल्स पर अपलोड करते हैं, तो यह तय नहीं होता कि उनका उपयोग आगे कैसे और कहां होगा।
  • तस्वीरों से हमारी लोकेशन, बैकग्राउंड और परिवार के अन्य लोगों की पहचान तक उजागर हो सकती है।
  • गूगल का दावा है कि जेमिनी में “सिंथआईडी वॉटरमार्क” लगाया जाता है, ताकि असली और नकली में फर्क हो सके। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इन वॉटरमार्क्स को आसानी से हटाया जा सकता है।

निष्कर्ष

युवाओं में "नैनो बनाना" ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, लेकिन सावधानी जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मनोरंजन के साथ-साथ हमें अपनी निजता और डिजिटल सुरक्षा को भी ध्यान में रखना चाहिए।

चलती ट्रेन से स्टंट कर रहा युवक पोल से टकराया, वीडियो वायरल

No comments Document Thumbnail

 सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह में एक युवक ने चलती ट्रेन से स्टंट करने की कोशिश की, लेकिन अगली ही पल ऐसा हादसा हुआ जिसे वह उम्रभर याद रखेगा।


वायरल वीडियो में युवक ट्रेन के दो डिब्बों के बीच खड़ा नजर आता है। वह हाथ हवा में उठाकर "हर-हर महादेव" चिल्लाता है, तभी सामने से आ रहे पोल से उसका चेहरा टकरा जाता है।

खुशकिस्मती रही कि ट्रेन की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, वरना यह करतब उसकी जान ले सकता था। हादसे के बाद युवक की हालत देखकर साफ था कि उसे बड़ा सबक मिला है।

यह वीडियो @Rawat_1199 नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे 1 लाख से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने युवक की लापरवाही पर नाराज़गी जताई और कहा— "ऐसे स्टंट करने वालों को सबक मिलना जरूरी है।"

 

महिला ने ऑटो-रिक्शा ड्राइवर पर चप्पलों से किया हमला, वीडियो वायरल

No comments Document Thumbnail

 बेंगलुरु में एक महिला द्वारा ऑटो-रिक्शा ड्राइवर पर चप्पल से हमला करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है और कई यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।


वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला और ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही है। अचानक, महिला ने अपनी चप्पल निकालकर ड्राइवर पर हमला कर दिया। यह दृश्य न केवल चौंकाने वाला था, बल्कि कई लोगों के लिए मनोरंजक भी साबित हुआ।

इस वीडियो को देखने के बाद, नेटिज़न्स ने विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों ने इसे मजेदार बताया, जबकि अन्य ने इस तरह के व्यवहार की निंदा की। इस घटना ने बेंगलुरु के परिवहन व्यवस्था और ड्राइवरों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं।

सुरक्षा के उपाय

इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए, विशेषज्ञों का सुझाव है कि ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों को सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाए और यात्रियों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

इस घटना ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों और ड्राइवरों के बीच संवाद और समझदारी कितनी महत्वपूर्ण है।

इस वीडियो ने न केवल बेंगलुरु बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बना दिया है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.