Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सोशल मीडिया बना मौत की वजह! रील बनाने को लेकर विवाद, भिलाई में महिला की आत्महत्या

Document Thumbnail

 भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई की निवासी थी। अंजली इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी और रील बनाती थी, लेकिन उसका यह शौक उसके पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बच्चों के ट्यूशन जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, अंजली अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह गृहिणी थी, जबकि पति निजी काम करता है। 30 जनवरी को भी दोनों के बीच रील बनाने को लेकर विवाद हुआ था।

शाम के समय जब दोनों बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए, उसी दौरान अंजली ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों के वापस लौटने पर उन्होंने मां को फंदे से लटका देखा और जोर-जोर से चीखने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व पति को सूचना दी गई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को अंजली का अंतिम संस्कार किया गया।

पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश

स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट साझा की थी। बताया गया है कि दिसंबर महीने में भी उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, तब उसने धतूरा खा लिया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जान बच गई थी। इसके बाद से उसका व्यवहार चिड़चिड़ा हो गया था।

फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

छावनी थाना क्षेत्र में दूसरी आत्महत्या की घटना

इसी थाना क्षेत्र से आत्महत्या की एक और घटना सामने आई है। कैंप-1 श्याम नगर इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

नीतू अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। यह घटना 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या के कारण अभी अज्ञात

फिलहाल नीतू कोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच के तहत परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.