Media24Media.com: #पीपला वेलफेयर फाउंडेशन

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #पीपला वेलफेयर फाउंडेशन. Show all posts
Showing posts with label #पीपला वेलफेयर फाउंडेशन. Show all posts

भीषण गर्मी में बेजुबानों की प्यास बुझाने जनसहयोग से रख रहे जलपात्र, लोग नियमित डाल रहे पानी

No comments Document Thumbnail

मूक पशुओं के लिए वरदान बना जलदान अभियान, 4 साल से बांटे जा रहे जलपात्र


आरंग से शुरू हुई मुहिम महासमुंद, रायपुर, दुर्ग सहित दर्जनों शहरों और गांवों में फैली

आरंग/महासमुंद। कड़ाके की धूप और भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां इंसान पानी के लिए बेहाल हैं, वहीं मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी की तलाश और भी बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे समय में स्वयंसेवी संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन का जलदान अभियान बेजुबानों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रहा है।


विगत चार वर्षों से लगातार चलाए जा रहे इस सेवाभावी अभियान की आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में जमकर सराहना हो रही है। इस अभियान के तहत संस्था द्वारा जनसहयोग से जगह-जगह मूक पशुओं के लिए बड़े जलपात्र (कुंड) रखे जा रहे हैं। संस्था न केवल ये पात्र रख रही है, बल्कि स्थानीय नागरिकों से इनमें नियमित रूप से साफ पानी डालने का विनम्र आग्रह भी करती है, ताकि कोई भी बेजुबान प्यासा न रहे। फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य महेंद्र पटेल ने बताया कि इस मानवीय पहल की शुरुआत कुछ वर्ष पहले आरंग क्षेत्र से एक छोटे स्तर पर की गई थी। संस्था के सदस्यों ने जब मूक पशुओं को पानी के लिए तड़पते देखा, तो उन्होंने आपसी सहयोग से मिट्टी और सीमेंट के जलपात्र रखवाने शुरू किए। देखते ही देखते यह मुहिम एक बड़े जन-आंदोलन में तब्दील हो गई।


आज पीपला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आरंग के साथ-साथ रायपुर, नया रायपुर, भिलाई, दुर्ग, मंदिर हसौद, धरसींवा, तिल्दा, राजिम, अभनपुर, महासमुंद, पिथौरा, सरायपाली और तुमगांव सहित आसपास के सैकड़ों गांवों में हजारों जलपात्र रखवाए जा चुके हैं। पीपला फाउंडेशन के इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता यह है कि अब इसके लिए संस्था को लोगों से मिन्नतें नहीं करनी पड़तीं। संस्था की ईमानदारी और बेजुबानों के प्रति समर्पण को देखकर आम जनता अब स्वप्रेरित होकर इस कार्य में हाथ बंटा रही है।

बड़ी संख्या में लोग खुद आगे आकर पशुओं के लिए जलपात्र खरीदने हेतु सहयोग राशि दान कर रहे हैं। कई लोग अपने घरों, दुकानों और चौक-चौराहों के सामने इन पात्रों को रखवाकर उनकी सुरक्षा और रोज पानी भरने की जिम्मेदारी खुद संभाल रहे हैं। इस अभियान ने समाज में जीव दया और आपसी सहयोग की एक अनूठी मिसाल पेश की है।

छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म 'गवन के बछिया' की शूटिंग, गौ रक्षा और संस्कृति संरक्षण पर जोर

No comments Document Thumbnail

 आरंग। स्वयंसेवी सामाजिक संगठन पीपला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा गौ रक्षा और संस्कृति संरक्षण के लिए छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म बनाया जा रहा है। 'गवन के बछिया' टाईटिल से बन रही संदेशपरक इस फिल्म की शूटिंग महासमुंद जिले के कौंदकेरा गांव में हुई है। फिल्म की शूटिंग ग्रामीणों और बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण फिल्म की शूटिंग देखने पहुंचे।


विलुप्त होती छत्तीसगढ़ी संस्कृति और गो वंश को बचाने की दिशा में यह लघु फिल्म मील का पत्थर साबित होगा। फिल्म का निर्देशन ग्राम लाफिनकला के नवाचारी शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल कर रहे हैं। सह-निर्देशन के रूप में योगेश्वर चंद्राकर, मार्गदर्शक हायर सेकंडरी स्कूल तुमगांव के प्राचार्य सुरेंद्र मानिकपुरी व शिक्षक गोवर्धन साहू की अहम भूमिका है। पटकथा वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी आनंदराम पत्रकारश्री ने लिखी है। टाइटल सॉन्ग दुर्ग भिलाई निवासी अंतर्राष्ट्रीय रचनाकार डॉ. कृष्ण कुमार पाटिल का है।


लघु फिल्म में नया रायपुर के यूट्यूबर कलाकार भोज धीवर,मनेश्वर पटेल, महेन्द्र कुमार पटेल, दूजेराम धीवर, सुधा देवदास, नीलम साहू, कोमल लाखोटी, संजय मेश्राम, डिलेश्वर प्रसाद साहू, शिक्षिका द्रौपदी साहू, रंगमंच कलाकार परमानंद साहू, पुरानिक साहू, कुलेश्वर मानिकपुरी आदि विभिन्न रोल में नजर आएंगे। फिल्मांकन की जिम्मेदारी प्रतीक टोंड्रे,टिंकु चेलक व ढालेंद्र बाग संभाल रहे हैं।


यह छत्तीसगढ़ी में गौ सेवा पर संभवतः पहली लघु फिल्म है। इसमें गौ माता की सेवा-सुरक्षा के संदेश के साथ प्राचीन विवाह परंपरा में 'गवन के बछिया' की महत्ता को रेखांकित किया गया है। फिल्म में हास्य विनोद का भरपूर समावेश किया गया है। इसके साथ ही विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुके बैलगाड़ी, ढेरा,झांपी, चन्नी ,बेलन, कंडील, खुमरी, खड़पडी,नोई जैसी ग्रामीण परिवेश से संबंधित सामग्री और भौरा, बांटी, बिल्लस, गिल्ली डंडा आदि परंपरा गत खेल विधाओं को सहेजने पर जोर दिया गया है। फिल्म दर्शकों को ग्रामीण संस्कृति की यादें तरोताजा कराने के साथ ही अपनी संस्कृति को सहेजकर रखने का संदेश देने वाला है।


लोकतंत्र में लोक की भूमिका' पर महासमुंद में संगोष्ठी कल, पीपला वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ का आयोजन

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। स्वयंसेवी सामाजिक संगठन पीपला वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार 5 अक्टूबर को “लोकतंत्र में लोक की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन स्वाध्याय केंद्र महासमुंद में किया गया है।

फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि संगोष्ठी पूर्वान्ह साढ़े 11 बजे से आयोजित है। जिसमें स्वर्णिम छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनता, साहित्यकारों, विद्वानों और सामाजिक संगठनों की भूमिका पर चर्चा एवं चिंतन किया जाएगा। 

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे -

डॉ. चितरंजन कर, नामित सदस्य, राजभाषा हिन्दी सलाहकार समिति रेल मंत्रालय भारत सरकार, अशोक शर्मा सेवानिवृत्त सहायक प्रबंधक (विद्युत विभाग) एवं वरिष्ठ साहित्यकार, सौरिन चंद्रसेन, सेवानिवृत्त उपसंचालक (शिक्षा विभाग) एवं वरिष्ठ साहित्यकार, मुरलीमनोहर देवांगन शिक्षाविद् एवं डायरेक्टर- थिंक आईएएस रायपुर, वरिष्ठ पत्रकार चिंतक एवं समाजसेवी आनंदराम पत्ररकरश्री।संगोष्ठी का संचालन दूरदर्शन- आकाशवाणी रायपुर के एंकर,  वरिष्ठ पत्रकार शशांक खरे करेंगे।

आयोजन की तैयारियों में फाउंडेशन के संरक्षक पारसनाथ साहू, अध्यक्ष दूजेराम धीवर, मार्गदर्शक सदस्य योगेश्वर चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, संयोजक महेन्द्र कुमार पटेल, कोषाध्यक्ष कोमल लाखोटी, सचिव अभिमन्यु साहू, प्रतीक टोंड्रे सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हैं।

संगोष्ठी में समाज में बढ़ती अराजकता पर विद्वानों ने जताई चिंता, कहा-वार्ता से ही समस्याओं का हो सकता है समाधान

No comments Document Thumbnail

वर्तमान चुनौतियां और हमारा सरोकार विषय पर पीपला वेलफेयर फाउंडेशन की प्रादेशिक संगोष्ठी


रायपुर। शनिवार को वृंदावन हाल रायपुर में पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रादेशिक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसका विषय "वर्तमान चुनौतियां और हमारा सरोकार"और "छत्तीसगढ़ कल, आज और कल"था। संगोष्ठी का शुभारंभ विद्या की देवी माँ सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा आरती और राजगीत से हुआ। मुख्य वक्ता शिक्षाविद डॉ चितरंजन कर थे और अध्यक्षता डॉ माणिक विश्वकर्मा 'नवरंग' ने की।

प्रमुख वक्ताओं के स्वागत पश्चात संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष दूजेराम धीवर ने संगठन की नींव रखने से अब तक की सार्थकता पर प्रकाश डाला। संयोजक महेन्द्र पटेल ने पीपला परिवार का परिचय और आयोजन की रूपरेखा, पटल पर रखा। आधार वक्तव्य देते हुए फाउंडेशन के संरक्षक आनंदराम पत्रकारश्री ने बीते हुए कल में छत्तीसगढ़ में अकाल-दुकाल और अभावग्रस्त स्थिति, वर्तमान में छत्तीसगढ़ की आर्थिक समृद्धि के बावजूद बढ़ती चुनौतियां, बेरोजगारी, नशे की लत,कानून व्यवस्था और संस्कृति पर संकट को रेखांकित करते हुए जन सरोकारों पर ध्यानाकर्षण कराया।




मुख्य वक्ता डॉ चितरंजन कर ने कहा कि अंधेरा- अंधेरा चिल्लाने से अंधेरा दूर नहीं होता है, अंधेरा मिटाने चिराग जलाना पड़ता है। चुनौतियां किस काल में नहीं रही, चुनौतियों से निपटकर आगे बढ़ना ही जिंदगी है। युद्ध से आज तक किसी भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, वार्ता से ही बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। साधन बढ़ गए, साधना कम हो गई। शायद यही कारण है कि इंसान सबकुछ पाकर भी उदास है। शिक्षा और संस्कार की कमियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जननी जिस दिन सही मायने में माँ बन जाएगी, समाज में बदलाव आ जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ का भविष्य उज्ज्वल बताते हुए कहा कि जब तक आस है, तब तक सांस है।


अध्यक्षता कर रहे डॉ माणिक विश्वकर्मा ने छत्तीसगढ़ में पीने के पानी की समस्या को विकराल बताते हुए कहा कि आम आदमी को पीने का पानी सही मानक में उपलब्ध नहीं है। पर्यावरण संरक्षण समय की मांग है। उन्होंने हिन्दी को राष्ट्र भाषा नहीं बना पाने पर भी चिंता जाहिर की। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी जयंत थोरात ने संयुक्त परिवार के खत्म होने पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि एकाकी जीवन से नई पीढ़ी संस्कारवान नहीं हो पा रही है। कामकाजी माता पिता के पास बच्चों के लिए समय नहीं। यही बच्चे बड़े होकर माँ-बाप को वृद्धाश्रम भेजने लगे हैं।


डॉ मनीष श्रीवास्तव ने मोबाइल की लत से बाल मन पर पड़ने वाले प्रभाव पर केंद्रित चिंतन में वर्तमान चुनौतियों को रेखांकित किया। अंतर्राष्ट्रीय रचनाकार डॉ कृष्ण कुमार पाटिल ने समाज में बढ़ती अराजकता पर गहरा चिंता जताते हुए व्यंग्यात्मक शैली में कहा "अनियाव देखके खून नई खौले, धिक्कार हे तुंहर जवानी म।कोंदा बनके काबर पियत हव, छत्तीसगढ़ के पानी ल। आगे उन्होंने कहा अपने लोगों को नहीं बल्कि विद्वानों और ईमानदार लोगों को जिम्मेदारी के पद पर बैठाने से छत्तीसगढ़ का सर्वांगिण विकास हो सकता है।



चिंतक एम राजीव ने ट्रंप टैरिफ की चुनौतियों और हमारे सरोकारों पर विचार रखा। शिक्षाविद् मुरली मनोहर देवांगन ने यूथ आईकॉन की चुनौतियों को रेखांकित करते हुए संगोष्ठी की सार्थकता प्रतिपादित की। प्रख्यात कवि मीर अली मीर की सुमधुर प्रस्तुति- नंदा जाही का रे... नंदा जाही का से संगोष्ठी का समापन हुआ। सभी वक्ताओं को श्रीरामचरित मानस भेंट कर विदाई दी गई।सभी ने पीपला फाउंडेशन द्वारा जन सरोकार के मुद्दों पर राजधानी में प्रथम बार सार्थक संगोष्ठी आयोजन को मुक्त कंठ से सराहा।


संगोष्ठी का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व उदघोषक शशांक खरे और आभार ज्ञापन फाउंडेशन के संरक्षक पारसनाथ साहू ने किया।


संगोष्ठी के आयोजन संयोजन में संरक्षक आनंदराम पत्रकारश्री, पारसनाथ साहू, थानसिंग साहू,अध्यक्ष दूजेराम धीवर, संयोजक महेन्द्र कुमार पटेल, मार्गदर्शक सदस्य शशांक खरे, मुरलीमनोहर देवांगन, डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर,खिलेश देवांगन, कोषाध्यक्ष कोमल लाखोटी, सचिव अभिमन्यु साहू, श्रीमती रीति शर्मा सोनपीपरे, छत्रधारी सोनकर,प्रतीक टोंड्रे, सियाराम सोनकर दीना सोनकर,नीरज साहू,डोमेश्वर साहू सहित पीपला के सभी साथियों तथा रानी पद्मावती महिला संगठन से हेमलता पटेल और सावित्री जलक्षत्री की सहभागिता रही।इस अवसर पर नगर सहित अन्य स्थानों से पहुचे चिंतकों की उपस्थिति रही।

महानदी पुल पर पीपला वेलफेयर फाउंडेशन का ‘मिशन क्लीन’ अभियान

No comments Document Thumbnail

आरंग । पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों ने रविवार को आरंग स्थित महानदी पुल पर बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया, जिसे ‘मिशन क्लीन’ नाम दिया गया है। इस अभियान के तहत फाउंडेशन के सदस्य करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में दो घंटे तक पुल की सफाई में जुटे रहे और प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को हटाकर पुल को स्वच्छ किया। सभी ने पूरे उत्साह और मेहनत से श्रमदान करते हुए अभियान को सफल बनाया।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि छत्तीसगढ़ की जीवन रेखा कही जाने वाली महानदी पर बने इस सुंदर और विशाल पुल की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। पुल पर लोग अक्सर रुक कर नदी का दृश्य निहारते हैं और फोटो या सेल्फी भी लेते हैं, इसलिए इसका स्वच्छ रहना समुदाय के लिए गर्व की बात है।

फाउंडेशन द्वारा यह भी मांग की गई कि इस नवनिर्मित पुल का नामकरण जल्द किया जाए। सुझाव दिया गया कि आरंग के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व के आधार पर, जैसे कि राजा मोरध्वज की पावन नगरी के विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए, पुल का नामकरण होना चाहिए। इससे नगर की पहचान और गौरव दोनों बढ़ेंगे।

इस स्वच्छता अभियान में फाउंडेशन के दूजेराम धीवर, महेंद्र कुमार पटेल, संजय मेश्राम, कोमल लाखोटी, यादेश देवांगन, भागवत जलक्षत्री, प्रतीक टोंड्रे, नीरज साहू और राहुल पटेल कियांश देवांगन जैसे कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए और समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया।


आरंग में सदियों से होती रही है गणेश पूजा, नगर के अनेक मंदिरों में स्थापित है गणेश की प्रतिमा

No comments Document Thumbnail

आरंग। देवालयों और मंदिरों की नगरी के नाम से सुविख्यात नगर है आरंग। जहां आज भी जगह-जगह श्रीगणेश की पाषाण से निर्मित प्राचीन प्रतिमाएं स्थापित है। नगर के बाबा बागेश्वरनाथ महादेव मंदिर, बरमबावा मंदिर, नारायण बन हनुमान मंदिर, महामाया मंदिर, नकटी तालाब किनारे स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर, भुनेश्वर महादेव मंदिर,जवाहर चौक,सहित नगर के अन्य मंदिरों में भी श्रीगणेश की प्राचीन प्रतिमाएं सहज ही दर्शनीय हैं। खासकर शिव मंदिरों में श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित है। 

वहां प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचकर पूजा आराधना करते हैं।वहीं कुछ प्रतिमाएं काफी जीर्ण शीर्ण अवस्था में होने के कारण स्पष्ट नही है।इन प्रतिमाओं से पता चलता है कि यहां सदियों से ही श्रीगणेश‌ की पूजा आराधना होती रही है।आज भी यहां गणेशोत्सव को नगरवासी बहुत ही हर्षोल्लास से मनाते है। बड़े बड़े गणेश जी की पंडाल बनाकर ग्यारह दिनों तक पूजा आराधना करते है। यहां की भव्य गणेश जी की झांकी संपूर्ण नगर व क्षेत्र वासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। ‌वहीं नगर के स्वयंसेवी संस्था नगर में स्थित इन प्राचीन प्रतिमाओं की जानकारी संकलित कर पुराविदो से शोध अध्ययन कराने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे कि इन प्रतिमाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। फांऊडेशन के संयोजक महेन्द्र पटेल ने बताया श्रीगणेश जी की एक प्राचीन प्रतिमा नगर के लोधी पारा निवासी लक्ष्मीनारायण लोधी के निवास में स्थापित है।जो करीब ढाई फीट ऊंचा और डेढ़ फुट चौड़ा है।जिसकी पूजा आराधना वर्षों से लोधी परिवार द्वारा की जा रही है।वहीं महामाया तालाब किनारे स्थित गणेश की प्राचीन मूर्ति खंडित अवस्था में खुले में ही रखा है, जिसकी संरक्षण की विशेष आवश्यकता है।



बरोंडा में सैकड़ों छात्रों ने सीखे कैरियर निर्माण के गुर, विषय को रूचि पूर्वक पढ़ें- मुरली मनोहर देवांगन

No comments Document Thumbnail

राजिम नयापारा। सोमवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरोंडा में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कैरियर निर्माण के गुर सीखे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे रायपुर के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् मुरली मनोहर देवांगन डायरेक्टर थिंक आईएएस ने विभिन्न प्रेरक प्रसंगो के माध्यम से बच्चों को कैरियर निर्माण पर व्याख्यान दिये। 

उन्होंने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा सफलता के लिए ध्यान केंद्रित पढ़ना आवश्यक है। साथ ही जो भी विषय लिए हो उसे रूचि पूर्वक पढ़ें।इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य ललिता अग्रवाल ने कहा कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम से बच्चों भविष्य में क्या बनना है इनकी जानकारी मिलती है। बच्चों को लक्ष्य सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। वहीं दूसरे वक्ता आरंग के समाजसेवी व पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के संयोजक महेन्द्र कुमार पटेल ने वर्तमान समय में बढ़ते मोबाइल के दुरूपयोग पर प्रकाश डालते हुए प्रेरक गीत और कहानी के माध्यम से प्रेरित किया। 

जो छात्र छात्राओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम की संयोजिका देवकी साहू ने वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा अधिक से अधिक छात्र छात्राओं को कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम के माध्यम से लाभान्वित करना उनका मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के आयोजन संयोजन में अहम् भूमिका राजिम की कन्या हायर सेकंडरी स्कूल की जनभागीदारी अध्यक्ष देवकी साहू,समाजसेवी महेन्द्र कुमार पटेल, राजिम की समाजसेवी व पूर्व मंडल उपाध्यक्ष मधु नथानी, संस्था की प्राचार्य ललिता अग्रवाल का रहा। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता वर्मा ने किया।कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधौरी हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र छात्राओं व शिक्षक शिक्षिकाओं की सहभागिता रही।


क्षेत्र के इतिहास पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 2000 से अधिक छात्रों ने लिया भाग

No comments Document Thumbnail

आरंग‌। गुरूवार को स्वयंसेवी संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन और संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आरंग  क्षेत्र के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया। जिसमें आरंग नगर के समस्त हाई, हायर सेकंडरी स्कूलों के कक्षा नवमी से बारहवी तक के सभी संकाय के छात्र - छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फाउंडेशन के संयोजक और इस आयोजन की परिकल्पना कर्ता महेन्द्र कुमार पटेल ने बताया की आरंग व क्षेत्र के इतिहास एवं पुरातत्व पर आधारित प्रश्न, बच्चों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा। सभी विद्यालयों में नगर व क्षेत्र के इतिहास से संबंधित प्रतियोगिता को लेकर छात्रों में काफी उत्साह दिखा। इस मौके पर स्कूली छात्रो ने अपने विचार साझा करते हुए कहा की इस प्रकार के आयोजन से हमें अपने नगर के गौरवशाली इतिहास और धरोहर के महत्व की जानकारी मिलती है। नगर व क्षेत्र के इतिहास पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से हमें बहुत कुछ जानने व सीखने को मिला। इस आयोजन पर संस्कार भारती प्राचीन कला विभाग की सह - संयोजक और पुराविद् डॉ. शुभ्रा रजक तिवारी ने सोसल मीडिया के माध्यम से अपने विचार देते हुए कहा की छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक नगरों में आरंग का प्राचीन काल से ही विशिष्ट स्थान रहा है।


आरंग के इतिहास पर आधारित प्रश्न रहा कौतूहल का विषय

आरंग नगर सहित आरंग के आस - पास के क्षेत्र भी पुरातात्विक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। आज भी अंचल के अनेक गांवों में पुरा अवशेष देखे जा सकते हैं। हजारों साल पुराने प्राचीन धरोहर हमारे सभ्यता और संस्कृति की पहचान है। जिसे सहेजकर रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं जाने माने शिक्षाविद् थिंक आईएएस कोचिंग संस्थान रायपुर के डायरेक्टर मुरली मनोहर देवांगन ने वर्चुअल माध्यम से कहा है यह आयोजन मात्र प्रश्नोत्तर की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक अतुलनीय योगदान है, जिसने बच्चों को उनके अपने नगर आरंग की धरोहर, संस्कृति और इतिहास से साक्षात्कार कराया। दोनों संस्थाओं की यह पहल नगर व क्षेत्र में पुरातात्विक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिल का पत्थर साबित होगी। वहीं यह प्रतियोगी परीक्षा में आरंग के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सृजन सोनकर उच्चतर विद्यालय, आत्मानंद उच्चतर विद्यालय, अरूंधति देवी उच्चत्तर विद्यालय, गांधी इंग्लिश मीडियम उच्चतर विद्यालय स्कूल, राधाकृष्ण उच्चतर विद्यालय, मदर्स प्राइड स्कूल एवं शिशु मंदिर स्कूल से 2000 से अधिक छात्र - छात्राओं ने भाग लिया।सभी संस्थाओं ने पीपला और संस्कार भारती की पहल का स्वागत करते हुए आभार जताये है।परीक्षा के आयोजन, संयोजन व व्यवस्थापन में फाऊंडेशन से महेन्द्र कुमार पटेल, दूजेराम धीवर, यादेश देवांगन, ब्रजेश अग्रवाल, योगेश साहू, अभिमन्यु साहू, रीति शर्मा सोनपीपरे, कोमल लाखोटी, राहुल पटेल, प्रतीक टोंड्रे, जय वर्मा, कियांश देवांगन की अहम् भूमिका रही।



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.