Media24Media.com: कुलगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकी ढेर; 11 नवंबर के हमले का लिया बदला

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कुलगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकी ढेर; 11 नवंबर के हमले का लिया बदला

Document Thumbnail

 श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी पर हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद से ही सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में जुटे थे।


CRPF की नाका पार्टी पर हमले के बाद तेज हुआ ऑपरेशन

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। दोपहर करीब 2:15 बजे आतंकियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी घने पेड़ों और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। जांच के दौरान घायल जवानों को लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की तस्वीर दिखाई गई, जिसमें उन्होंने हमलावरों में से एक के रूप में उसकी पहचान की थी।

लतीफ भट पर दक्षिण कश्मीर में कई हमलों में शामिल होने का आरोप

पुलिस के अनुसार, लतीफ भट कुलगाम का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकियों में शामिल था। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप था। सुरक्षाबलों के लिए उसकी तलाश लंबे समय से जारी थी। अब मुठभेड़ में उसके मारे जाने को आतंकवाद के खिलाफ अभियान की अहम सफलता माना जा रहा है।

CRPF स्पेशल DG बोले- सुरक्षाबलों को मिले अहम सुराग

CRPF के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने बताया कि सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया था। जांच और तलाशी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा। मिले इनपुट के आधार पर ऑपरेशन को उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

जवानों को सतर्क रहने और SOP का पालन करने के निर्देश

स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने सुरक्षाबलों के जवानों को ऑपरेशनल अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जवानों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करने और अभियान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।

घायल जवानों की हालत में सुधार, मेडिकल टीम की सराहना

हमले में घायल हुए तीनों जवानों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी CRPF स्पेशल डीजी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जवानों की हालत बेहतर है। उन्होंने मेडिकल अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि घायल जवानों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

खिरवार के मुताबिक, मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए जवानों का तुरंत उपचार किया, जिससे उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.