Media24Media.com: सांभर में कीड़ा मिलने से मचा हड़कंप, खाद्य विभाग ने होटल को कराया बंद; जांच के लिए भेजा सैंपल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सांभर में कीड़ा मिलने से मचा हड़कंप, खाद्य विभाग ने होटल को कराया बंद; जांच के लिए भेजा सैंपल

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और होटल-रेस्टोरेंट में साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कटघोरा के मुरली होटल में नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उनकी प्लेट में परोसे गए सांभर में कीड़ा दिखाई दिया। घटना के बाद ग्राहकों ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग ने होटल का निरीक्षण किया और अनियमितताएं मिलने पर अगले आदेश तक प्रतिष्ठान बंद रखने का नोटिस जारी कर दिया।


जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय मुरली होटल में कुछ ग्राहक डोसा और सांभर का नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के भीतर कीड़ा नजर आया। उसने तत्काल इसकी जानकारी आसपास बैठे अन्य ग्राहकों को दी। इसके बाद दूसरे लोगों ने भी सांभर की जांच की, जिसमें कीड़ा दिखाई देने की बात सामने आई। ग्राहकों ने जब होटल के कर्मचारियों से इसकी शिकायत की तो उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना से नाराज कई ग्राहक खाना अधूरा छोड़कर होटल से बाहर निकल गए।

शिकायत मिलते ही हरकत में आया खाद्य विभाग

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने और शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम कटघोरा पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में अधिकारियों ने मुरली होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सांभर का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। अधिकारियों को होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित मानकों के पालन में भी कई कमियां पाई गईं।

अगले आदेश तक होटल बंद, खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के अनुसार, शिकायत के आधार पर होटल की जांच की गई है। सांभर का नमूना लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। निरीक्षण में मिली खामियों को देखते हुए होटल संचालक को अगले आदेश तक प्रतिष्ठान बंद रखने का नोटिस दिया गया है। साथ ही होटल में खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शारदा स्वीट्स का भी किया निरीक्षण

खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। जिले में लगातार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आने से होटल और रेस्टोरेंट में मिलने वाले भोजन की स्वच्छता पर सवाल उठने लगे हैं।

नियमित जांच की मांग कर रहे ग्राहक

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद ग्राहकों ने प्रशासन से जिले के बड़े होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों की नियमित जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सके। फिलहाल मुरली होटल के सांभर की प्रयोगशाला रिपोर्ट और खाद्य विभाग की अगली कार्रवाई का इंतजार है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.