Media24Media.com: 17 लोगों की जान ले चुका कबरा हाथी फिर चकमा दे गया, रेस्क्यू अभियान टला

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

17 लोगों की जान ले चुका कबरा हाथी फिर चकमा दे गया, रेस्क्यू अभियान टला

Document Thumbnail

 अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 17 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार माने जा रहे कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान पहले ही दिन सफल नहीं हो सका। शुक्रवार को हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने के उद्देश्य से वन विभाग की टीम ने बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन घने जंगल में उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल पाई। तीन ड्रोन कैमरों और दो कुमकी हाथियों की मदद लेने के बावजूद टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। अब शनिवार को नए सिरे से अभियान चलाया जाएगा।


घने जंगल में तीन ड्रोन से भी नहीं मिली लोकेशन

जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में सायर और पहाड़कोरजा के बीच स्थित जंगल में कबरा हाथी के मौजूद होने की सूचना मिली थी। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने तैमोर पिंगला अभयारण्य से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को बुलाया था। दोनों हाथियों को रात में ही उदयपुर पहुंचा दिया गया था।

शुक्रवार सुबह वन अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ग्राम सायर में पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गई। हाथी की तलाश के लिए तीन ड्रोन कैमरों से जंगल के अलग-अलग हिस्सों की निगरानी की गई, लेकिन कबरा की मौजूदगी का पता नहीं चल सका। इसके बाद महावतों और विशेषज्ञों ने कुमकी हाथियों की मदद से जंगल में तलाश शुरू की।

7 किलोमीटर तक चले कुमकी हाथी, चट्टानों ने रोका रास्ता

कबरा के पदचिह्नों और गंध के आधार पर दोनों कुमकी हाथियों को जंगल के भीतर आगे बढ़ाया गया। वे करीब सात किलोमीटर तक चले, लेकिन इलाके में पथरीली जमीन और बड़ी-बड़ी चट्टानों के कारण हाथी के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिल सके। दुर्गम रास्तों के बीच कुमकी हाथियों के भटकने की स्थिति बनने के बाद टीम को अभियान रोकना पड़ा।

17 हाथियों के झुंड में शामिल है कबरा, पहचान बनी चुनौती

मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) प्रणय मिश्रा के अनुसार, सायर और पहाड़कोरजा के बीच जिस इलाके में कबरा की मौजूदगी की सूचना है, वहां पहले से ही 17 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। कबरा भी इसी दल में शामिल हो गया है। झुंड में कई हाथियों के एक साथ मौजूद होने के कारण उसकी अलग से पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

वन अधिकारियों के मुताबिक, कबरा के झुंड से अलग होने पर उसकी सटीक पहचान कर ट्रेंक्यूलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे आगे उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद रेस्क्यू सेंटर में रखने की तैयारी

वन विभाग की योजना कबरा हाथी को बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाने के बाद तैमोर पिंगला के रेस्क्यू सेंटर में रखने की है। इस संबंध में सहमति बन चुकी है और शासन से जल्द आदेश मिलने की संभावना जताई गई है। शनिवार को दोबारा अभियान शुरू कर कुमकी हाथियों की मदद से उसकी तलाश की जाएगी।

सायर में विशेषज्ञों की टीम ने डाला डेरा

रेस्क्यू अभियान में मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा, वन्य प्राणी डीएफओ सौरभ सिंह, सरगुजा वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल, सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल, उप वनमंडलाधिकारी सपना मुखर्जी, प्रतापपुर की संस्कृति वारले और उदयपुर रेंजर फेकू चौबे सहित विभिन्न वन परिक्षेत्रों के अधिकारी मौजूद रहे।

विशेषज्ञों की टीम में तैमोर पिंगला के डॉ. अजीत तथा कानन पेंडारी के डॉ. चंदन और डॉ. जड़िया शामिल रहे। सीतापुर, मैनपाट, सूरजपुर, प्रतापपुर और प्रेमनगर के रेंजरों ने भी अभियान में सहयोग किया।

फिलहाल वन विभाग की टीम सायर क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। अब शनिवार को होने वाले दूसरे चरण के अभियान पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.