Media24Media.com: धान के खेत से आ रही थी रोने की आवाज… पास जाकर देखा तो दंग रह गए ग्रामीण

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

धान के खेत से आ रही थी रोने की आवाज… पास जाकर देखा तो दंग रह गए ग्रामीण

Document Thumbnail

 कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान के खेत में एक नवजात बच्ची मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


धान की फसल के बीच पड़ी मिली बच्ची

जानकारी के अनुसार, नवजात बच्ची धान की फसल के बीच पड़ी हुई मिली थी। देर रात घटना की सूचना बांकीमोंगरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यम साहू ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से नवजात को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस के प्रधान आरक्षक भी अस्पताल पहुंचे और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

बच्ची की हालत स्थिर, जिला अस्पताल किया रेफर

कटघोरा बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह के अनुसार, नवजात बच्ची को सुबह करीब 4:10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की स्थिति स्थिर बताई गई। हालांकि, उसकी सांसें कुछ तेज चल रही थीं।

बीएमओ ने बताया कि अस्पताल में बच्ची के उपचार की व्यवस्था की गई, लेकिन बच्ची के अज्ञात और लावारिस होने के कारण बेहतर देखभाल तथा नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया जा रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का उपचार जारी है।

बच्ची को खेत में किसने छोड़ा, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात बच्ची को खेत में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात मिलने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले ग्राम कसरेंगा में नवजात बालक मिलने और बांकीमोंगरा के मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे भ्रूण मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब जवाली-अभयपुर के धान के खेत में नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.