Media24Media.com: संकुल समन्वयक हरीश दीवान के जन्मदिन पर स्कूलों में उमड़ा उत्साह, बच्चों के साथ मनाया ‘न्योता भोज’

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

संकुल समन्वयक हरीश दीवान के जन्मदिन पर स्कूलों में उमड़ा उत्साह, बच्चों के साथ मनाया ‘न्योता भोज’

Document Thumbnail

आरंग- संकुल केंद्र खमतराई के अंतर्गत आने वाले शासकीय विद्यालयों में संकुल समन्वयक हरीश दीवान का जन्मदिन अनूठे, आत्मीय और प्रेरणादायी अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर ‘आओ खुशियां बांटें’ पहल के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के साथ खुशियां साझा कर जन्मदिन को यादगार बनाया गया।

कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल खमतराई सहित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय भौथली तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय कलई और गुखेरा में बच्चों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान संकुल समन्वयक हरीश दीवान स्वयं बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें चॉकलेट वितरित की। उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को गर्मागर्म खीर, पूड़ी और भजिया परोसा। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को खुशियों से भर दिया।

बच्चों के साथ खुशियां बांटना सबसे बड़ा उपहार : हरीश दीवान

बच्चों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए हरीश दीवान ने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां बांटने से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी अपनत्व, अच्छे संस्कार और सामाजिक समरसता की नींव भी है।

उन्होंने कहा, “विद्यालय हमारा परिवार है और ये बच्चे हमारा भविष्य हैं। जब शिक्षक और समाज मिलकर इस तरह के आयोजनों में सहभागिता करते हैं, तो बच्चों का विद्यालय के प्रति आकर्षण और जुड़ाव बढ़ता है। ऐसे आयोजन बच्चों के मन में अपनत्व की भावना विकसित करने के साथ उन्हें खुशियां बांटने और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा भी देते हैं।”

उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा विद्यालयों में सकारात्मक और आनंदमय शैक्षणिक वातावरण बनाने का आह्वान किया।

शिक्षकों और ग्रामीणों ने की पहल की सराहना

इस आयोजन में संबंधित विद्यालयों के प्रधान पाठकों, संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उपस्थित लोगों ने संकुल समन्वयक हरीश दीवान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के साथ खुशियां साझा करने की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में सी.एल. एनेस्वरी, नरसिंह दास मानिकपुरी, लक्षण लहरी, अरविंद वैष्णव, तारामती बंजारे, कृष्णकांत साहू, तारकेश्वर डडसेना, पुनेश्वर साहू, लायक सिंह डहरिया, सीमा राठौर, बबीता लहरे, हेमा बंजारे, सौरभ साहू, भूषण जलछत्री, कोमल सिंह राठौर सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

संकुल केंद्र खमतराई में आयोजित यह पहल इस बात का संदेश देती है कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को भी सामाजिक सरोकार से जोड़कर बच्चों के जीवन में खुशियां, अपनत्व और सकारात्मकता लाई जा सकती है।


Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.