Media24Media.com: कीटनाशक फैक्ट्री में बड़ा खुलासा: एक्सपायरी दवाएं और प्रतिबंधित पैकेजिंग मिली, कृषि विभाग ने यूनिट की सील

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कीटनाशक फैक्ट्री में बड़ा खुलासा: एक्सपायरी दवाएं और प्रतिबंधित पैकेजिंग मिली, कृषि विभाग ने यूनिट की सील

Document Thumbnail

 धमतरी। खरीफ सीजन के मद्देनजर कीटनाशकों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोरिदभाट स्थित भारतीय रासायनिक उद्योग की कीटनाशक निर्माण इकाई में राज्य और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अवसान तिथि पार कर चुके कीटनाशक, प्रतिबंधित उत्पाद से जुड़ी पैकेजिंग सामग्री और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी कई अनियमितताएं सामने आईं।


अनियमितताओं के बाद कृषि विभाग ने इकाई को सील कर दिया है और कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही तैयार कीटनाशी उत्पादों के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

एक्सपायरी कीटनाशक और प्रतिबंधित पैकेजिंग मिली

कृषि विभाग की टीम खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण और बिक्री की लगातार जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत संचालक कृषि के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल भारतीय रासायनिक उद्योग पहुंचा।

निरीक्षण के दौरान टीम को इकाई में अवसान तिथि पार कर चुके कीटनाशक मिले। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित उत्पाद से संबंधित पैकेजिंग सामग्री भी मौके पर बरामद की गई। निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली थोक सामग्री से संबंधित कंपनी अनुबंध की प्रति भी निरीक्षण दल को उपलब्ध नहीं कराई गई।

जरूरी दस्तावेजों की भी कमी

जांच के दौरान निर्धारित मासिक जानकारी प्रस्तुत नहीं करने और प्रयोगशाला संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। कृषि विभाग ने इन खामियों को कीटनाशी अधिनियम और संबंधित नियमों का उल्लंघन माना है।

यूनिट सील, बिक्री पर रोक

विभाग ने संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से कीटनाशी उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए पूरी निर्माण इकाई को सील कर दिया गया है।

इकाई में तैयार किए गए कीटनाशी उत्पादों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अब विभाग की आगे की कार्रवाई संस्था के कारण बताओ नोटिस के जवाब और प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी। यदि जांच में उत्पादों की गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित नियमों के तहत अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हित में जांच अभियान जारी

कृषि विभाग के अधिकारी मोनेश साहू ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक कृषि आदान उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में कीटनाशी विक्रेताओं और कृषि आदान से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर विक्रय प्रतिबंध, लाइसेंस निलंबन से लेकर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जा सकती है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.