Media24Media.com: जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील, वीडियो वायरल होने पर जांच के निर्देश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील, वीडियो वायरल होने पर जांच के निर्देश

Document Thumbnail

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान महिला टेक्नीशियंस द्वारा रील बनाए जाने का मामला सामने आया है। रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो में लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच रील बनाए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बना, होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रील बनाने के दौरान लैब के नियमित कामकाज पर कोई असर पड़ा या नहीं।

अस्पताल प्रबंधन इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि वीडियो में मरीजों के ब्लड सैंपल अथवा उनकी जांच से संबंधित कोई संवेदनशील जानकारी दिखाई दे रही है या नहीं।

जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का अहम हिस्सा है लैब

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के विभिन्न सैंपल लेकर जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लैब में करीब 134 प्रकार की जांच नि:शुल्क की जाती हैं। लैब का संचालन HLL कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में लैब के अंदर जांच प्रक्रिया और सैंपल से संबंधित गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। इसी वजह से विभाग ने मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू की है।

एचआईवी रिपोर्ट को लेकर पहले भी उठे थे सवाल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहली बार पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से संबंधित जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।

अब ड्यूटी के दौरान रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग दोनों मामलों को ध्यान में रखते हुए लैब की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की भी पड़ताल कर रहा है। फिलहाल नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.