Media24Media.com: #दुर्ग

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #दुर्ग. Show all posts
Showing posts with label #दुर्ग. Show all posts

पत्नी की गला दबाकर हत्या, मौत को बीमारी बताकर पति ने पुलिस को किया गुमराह

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर मुक्कों से वार किया और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद हत्या को छिपाने के लिए पत्नी को बीमार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच के दौरान महज 24 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।


मामला धमधा के ग्राम अगर का है। पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच 26 वर्षीय त्रिलोक खांडे और उसकी पत्नी अन्नू खांडे के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान त्रिलोक ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर लगातार मुक्के मारे। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बीमारी बताकर अस्पताल पहुंचाया

वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत को बीमारी से जोड़ने की कोशिश की। वह अन्नू को पुरानी बीमारी होने की बात कहते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

नवविवाहिता की मौत की सूचना एसडीएम को दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। इस दौरान अन्नू के सिर पर चोट के निशान मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की।

पहले से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

पुलिस की पूछताछ में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक के लिए धमधा न्यायालय पहुंचे थे। इसके अलावा अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसकी रिपोर्ट जामुल थाने में दर्ज है।

पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया।

जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील, वीडियो वायरल होने पर जांच के निर्देश

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान महिला टेक्नीशियंस द्वारा रील बनाए जाने का मामला सामने आया है। रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो में लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच रील बनाए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बना, होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रील बनाने के दौरान लैब के नियमित कामकाज पर कोई असर पड़ा या नहीं।

अस्पताल प्रबंधन इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि वीडियो में मरीजों के ब्लड सैंपल अथवा उनकी जांच से संबंधित कोई संवेदनशील जानकारी दिखाई दे रही है या नहीं।

जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का अहम हिस्सा है लैब

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के विभिन्न सैंपल लेकर जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लैब में करीब 134 प्रकार की जांच नि:शुल्क की जाती हैं। लैब का संचालन HLL कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में लैब के अंदर जांच प्रक्रिया और सैंपल से संबंधित गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। इसी वजह से विभाग ने मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू की है।

एचआईवी रिपोर्ट को लेकर पहले भी उठे थे सवाल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहली बार पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से संबंधित जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।

अब ड्यूटी के दौरान रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग दोनों मामलों को ध्यान में रखते हुए लैब की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की भी पड़ताल कर रहा है। फिलहाल नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

दुर्ग में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 हुई

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। भिलाई और दुर्ग क्षेत्र में एक-एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों संक्रमितों की उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इससे पहले जिले में एक बच्चे में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमितों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।


एक मरीज अस्पताल में भर्ती

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, संक्रमित मरीजों में से एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, अन्य संक्रमितों के स्वास्थ्य की भी निगरानी की जा रही है। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने के साथ जरूरी एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।

बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचने और स्वच्छता का ध्यान रखने को कहा गया है।

फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

दुर्ग-भिलाई में निगरानी बढ़ाई

दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के साथ संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घबराने के बजाय सावधानी बरतें और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से संपर्क करें।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.