Media24Media.com: CG NEWS : साइबर ठगी की रकम अब नहीं अटकेगी, 15 दिन में पीड़ितों को पैसा लौटाने के निर्देश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : साइबर ठगी की रकम अब नहीं अटकेगी, 15 दिन में पीड़ितों को पैसा लौटाने के निर्देश

Document Thumbnail

 बिलासपुर। साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत देने के लिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने बैंक खातों में होल्ड ठगी की रकम वापस कराने की प्रक्रिया तेज करने का फैसला किया है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) राम गोपाल गर्ग ने 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए हैं।


आईजी ने अधिकारियों से कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ठगी की रकम जल्द से जल्द पीड़ितों के खातों में वापस कराई जाए। इसके लिए धारा 106 के तहत कोर्ट से आदेश प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

साइबर मामलों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

आईजी कार्यालय में मंगलवार को बिलासपुर रेंज के साइबर थानों, साइबर सेल और संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, एफआईआर और लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने अधिकारियों को लंबित मामलों का बिना अनावश्यक देरी के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने बैंक खातों में होल्ड ठगी की रकम से जुड़े पुराने मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर राशि पीड़ितों को वापस कराने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस के इस कदम से साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत मिलने और लंबित बैंक होल्ड मामलों के जल्द निराकरण की उम्मीद है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.