Media24Media.com: विश्व साइकिल दिवस पर देशभर में उमड़ा जनसैलाब, 4 लाख से अधिक लोगों ने लिया ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान में हिस्सा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

विश्व साइकिल दिवस पर देशभर में उमड़ा जनसैलाब, 4 लाख से अधिक लोगों ने लिया ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान में हिस्सा

Document Thumbnail

नई दिल्ली- विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित विशेष साइक्लिंग कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में अभिनेता विक्रांत मैसी विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता मुक्केबाज नूपुर श्योराण और प्रसिद्ध कन्नड़ अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी भी शामिल हुए।

नई दिल्ली में 15,000 से अधिक फिटनेस प्रेमियों ने साइकिल चलाई, जबकि देशभर में एक ही दिन में 4 लाख से अधिक लोगों ने इस अभियान में भागीदारी की। कारगिल और लेह से लेकर कन्याकुमारी और अल्लेप्पी तक तथा त्रिपुरा से वडोदरा तक हजारों स्थानों पर साइक्लिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

30 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा अभियान

दिसंबर 2024 में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा शुरू किया गया ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान अब तक 30 लाख से अधिक लोगों के जीवन को प्रभावित कर चुका है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अभिनेता विक्रांत मैसी के साथ मैत्रीपूर्ण रस्साकशी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और बाद में हजारों प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाते हुए "भारत माता की जय" और "फिट इंडिया, हिट इंडिया" के नारे लगाए।

साइकिलिंग से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ

डॉ. मांडविया ने कहा कि यह ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 77वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके साथ ही यह बढ़ती ट्रैफिक समस्या का भी प्रभावी समाधान है।

उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के फिटनेस मंत्र को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट साइकिलिंग या अन्य शारीरिक गतिविधि को जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए तो अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।

सुरक्षा बलों और संस्थाओं की व्यापक भागीदारी

इस राष्ट्रीय अभियान में विभिन्न राज्यों के खेल विभागों के अलावा National Cadet Corps, सेना, नौसेना, वायुसेना, तटरक्षक बल, सीआईएसएफ, बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी और एसएसबी सहित अनेक सुरक्षा बलों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।

इसके अलावा माय भारत स्वयंसेवक, किसान संगठन, खिलाड़ी, फिट इंडिया साइक्लिंग क्लब, शारीरिक शिक्षा संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।

युवाओं को स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह

अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा कि इस अभियान ने उन्हें बचपन की यादें ताजा कर दीं, जब बच्चे घंटों बाहर खेलते और साइकिल चलाते थे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करना और उन्हें मैदानों की ओर प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है।

फिटनेस के प्रति बढ़ी जागरूकता

मुक्केबाज नूपुर श्योराण ने कहा कि फिट इंडिया जैसे अभियानों ने लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 15 से 30 मिनट किसी न किसी शारीरिक गतिविधि के लिए निकालने की अपील की।

महिलाओं के लिए विशेष साइक्लिंग प्रतियोगिताएं

कार्यक्रम के तहत देशभर में महिलाओं के लिए विशेष "अस्मिता साइक्लिंग टूर्नामेंट" भी आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग संस्था Union Cycliste Internationale (यूसीआई) ने भी इस अभियान में सहयोग किया।

खेल और मनोरंजन का संगम

साइक्लिंग के अलावा प्रतिभागियों के लिए बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, लूडो, नींबू दौड़, रस्साकशी, स्क्वाट और पुश-अप जैसी मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया।

यह अभियान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा Cycling Federation of India, योगासन भारत, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से आयोजित किया गया। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित यह पहल फिटनेस, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.