Media24Media.com: अमरावती में VIT-AP विश्वविद्यालय परिसर में जेन-Z थीम वाला सब पोस्ट ऑफिस हुआ शुरू

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अमरावती में VIT-AP विश्वविद्यालय परिसर में जेन-Z थीम वाला सब पोस्ट ऑफिस हुआ शुरू

Document Thumbnail

देशभर में कैंपस पोस्ट ऑफिसों के आधुनिकीकरण और उन्हें छात्र-केंद्रित सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने की पहल के तहत आज अमरावती स्थित VIT-AP विश्वविद्यालय परिसर में जेन-Z थीम वाले VIT-AP यूनिवर्सिटी सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने किया।


उद्घाटन समारोह में आंध्र प्रदेश सर्किल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल बी. पी. श्रीदेवी, VIT-AP विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. अरुलमोलिवरमन, गुंटूर जिले की कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  ए. थमीम अनासरिया, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. जगदीश चंद्र मुदिगंटी सहित इंडिया पोस्ट और विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

यह पहल युवाओं से जुड़ने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और विश्वविद्यालय परिसरों में आधुनिक, सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इंडिया पोस्ट के परिवर्तन अभियान का अहम कदम है। नए रूप में तैयार इस पोस्ट ऑफिस को विशेष रूप से जेन-Z की सोच और पसंद को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है, जिसमें आधुनिक सौंदर्य, नवाचार और रचनात्मकता का समावेश किया गया है।

जेन-Z थीम वाले इस पोस्ट ऑफिस में इंडिया पोस्ट साहित्य दीवार, कॉफी ज़ोन, फूसबॉल टेबल, फ्री वाई-फाई, मैगज़ीन स्टैंड और बेहतर डिजिटल सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यह छात्रों के लिए एक आकर्षक और सहज स्थान बन गया है। इस अवसर पर मंत्री द्वारा “VIT: जेन-Z थीम्ड पोस्ट ऑफिस ऑफ आंध्र प्रदेश” शीर्षक से एक विशेष डाक आवरण भी जारी किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कहा कि यह पहल डाक विभाग की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत पारंपरिक पोस्ट ऑफिसों को भविष्य के अनुरूप जीवंत सेवा केंद्रों में बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास छात्रों को डाक, बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सेवाओं से सहज व रोचक तरीके से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह कैंपस पोस्ट ऑफिस एक ही स्थान पर डाक, बैंकिंग और बीमा सेवाओं की सरल, डिजिटल और समेकित सुविधा प्रदान करता है, जिससे छात्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ेगी और इंडिया पोस्ट की नवाचार एवं ग्राहक-केंद्रित सेवा की सोच को मजबूती मिलेगी।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.