Media24Media.com: एयर मार्शल विजय कुमार गर्ग ने वायु सेना स्टेशन प्रहलादपुर, नई दिल्ली का दौरा किया

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

एयर मार्शल विजय कुमार गर्ग ने वायु सेना स्टेशन प्रहलादपुर, नई दिल्ली का दौरा किया

Document Thumbnail

 दिल्ली- एयर मार्शल विजय कुमार गर्ग, एवीएसएम, वीएसएम, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, मेंटेनेंस कमांड, भारतीय वायु सेना ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती ऋतु गर्ग, अध्यक्ष, एयर फोर्स फैमिलीज वेलफेयर एसोसिएशन (क्षेत्रीय) के साथ 29 अगस्त 2025 को वायु सेना स्टेशन प्रहलादपुर, नई दिल्ली का दौरा किया। उनका स्वागत स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन लोकेश कुमार मिश्रा, वीएसएम और श्रीमती ऋचा मिश्रा, अध्यक्ष, एयर फोर्स फैमिलीज वेलफेयर एसोसिएशन (स्थानीय) ने किया।

दौरे के दौरान, एयर मार्शल गर्ग को डिपो की महत्त्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी गई, जो एवीऑनिक्स और ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों के लॉजिस्टिक्स प्रबंधन में अहम योगदान देता है। उन्हें चल रहे इंडक्शन, ओवरहॉल और स्टॉकहोल्डिंग संचालन के बारे में भी अवगत कराया गया।

आधुनिकीकरण और दक्षता के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए एयर मार्शल गर्ग ने डिपो की प्रक्रियाओं को और परिष्कृत करने के लिए रणनीति बनाने और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने डिपो के कर्मियों की समर्पण भावना, पेशेवर दृष्टिकोण और उल्लेखनीय योगदान की सराहना की, विशेष रूप से गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों की तैयारी में उनकी सक्रिय भूमिका की, जो राष्ट्रीय एवं संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।

इसी दौरान, श्रीमती ऋतु गर्ग ने डिपो के एयर फोर्स स्कूल का भ्रमण किया। संगिनियों से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें एएफएफडब्ल्यूए द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी और कौशल विकास पहलों का सक्रिय रूप से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने पुनः दोहराया कि एएफएफडब्ल्यूए संगिनियों के बीच एकता, मित्रता और परस्पर सहयोग की भावना को पोषित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे वायु सेना परिवारों के समग्र कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.