रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना पर हर वर्ष आयोजित होने वाला राज्योत्सव कल से शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में चल रहे इस तीन दिवसीय राज्योत्सव के अंतर्गत कल शाम राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्यपाल ने तैंतीस विभिन्न विधाओं में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली इकतालीस विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया। उन्होंने राज्य अलंकरण पुरस्कार प्राप्त करने वाली विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि इन पुरस्कारों से परिश्रम करने वालों का गौरव बढ़ता है। साथ ही समाज की नई पीढ़ी को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल
ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़िया होने का गौरव उत्सव है। इस मौके पर मुख्यमंत्री
भूपेश बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव से वसुधैव कुटुम्बकम की
परिकल्पना साकार हो रही है। उन्होंने राज्य अलंकरण पुरस्कार प्राप्त करने वाली
विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके योगदान से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। बघेल ने सभी जिला मुख्यालयों में छत्तीसगढ़ महतारी की आदमकद प्रतिमा स्थापित किए
जाने की घोषणा भी की। समारोह में राज्य मंत्रिमण्डल के सभी सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, सांसद और विधायक उपस्थित थे।