Media24Media.com: अलंकरण

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label अलंकरण. Show all posts
Showing posts with label अलंकरण. Show all posts

छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है— मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री साय ने स्टेडियम परिसर में संघ के अध्यक्ष के नवीन कार्यालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन भी किया।

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु हमारी सरकार ने खेल अलंकरण समारोहों का पुनः शुभारंभ किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शीघ्र ही पूर्ण की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि संघ के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए वृहद स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को ₹2 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ओलंपिक खेलों में केवल प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी बताया कि वे स्वयं राज्य तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष हैं और बचपन से उन्हें तीरंदाजी का शौक रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर में एनटीपीसी के सहयोग से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ एक उद्योग प्रधान और खनिज संसाधनों से भरपूर राज्य है। सरकार का प्रयास रहेगा कि सीएसआर मद के माध्यम से खेलों के लिए आधारभूत ढांचे का विकास किया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में वर्षों से बंद खेल अलंकरण समारोह पुनः आरंभ किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची भी घोषित की जाएगी। वर्मा ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर देने की है।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ युवा रत्न पुरस्कार की भी घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत खेल, कला, संगीत, साहित्य, उद्योग, व्यापार आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत प्रत्येक जिले में खेलों को बढ़ावा देने के कार्य किए जा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस आयोजन की प्रधानमंत्री ने अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में भी प्रशंसा की है।

इस अवसर पर सांसद एवं ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष विजय बघेल ने भी बैठक को संबोधित किया और प्रदेश में खेलों के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए संगठनात्मक सुदृढ़ता और संसाधनों की उपलब्धता पर बल दिया।

बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया ने वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए राज्य सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेलों के विकास के लिए लिए गए निर्णयों और सहयोग से प्रदेश में एक सकारात्मक खेल वातावरण निर्मित हो रहा है। इस अवसर पर संघ के अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित थे।


राज्यपाल डेका गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस ग्राउंड में ध्वज फहराएंगे

No comments Document Thumbnail

रायपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2025 को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल रमेन डेका राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।

पुलिस ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल डेका प्रातः 9:00 बजे ध्वज फहराएंगे। परेड के निरीक्षण के पश्चात् मार्च पास्ट होगा। राज्यपाल द्वारा प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। पदक अलंकरण एवं पुरूस्कार वितरण किया जाएगा। समारोह के दौरान हॉर्स शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियों की प्रस्तुति होगी।

छत्तीसगढ़ : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह में आज होंगे शामिल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव का समापन समारोह 6 नवम्बर को संध्या 6 बजे से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव ग्राउण्ड में होगा। यहां उपराष्ट्रपति धनखड़ विभिन्न क्षेत्र की विभूतियों को छत्तीसगढ़ राज्य अंलकरण सम्मान से विभूषित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

उपराष्ट्रपति धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह में शामिल होने के लिए विमान से संध्या 5.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से राज्योत्सव मेला ग्राउण्ड के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह के पश्चात रात्रि 7.45 बजे रायपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

यहां यह उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2024 का भव्य आयोजन 4 नवम्बर से 6 नवम्बर तक राज्योत्सव स्थल, नया रायपुर अटल नगर में हो रहा है। 6 नवम्बर को राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव का समापन होगा। राज्योत्सव का शुभारंभ 4 नवम्बर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ था। राज्योत्सव के दौरान कार्यक्रम स्थल में प्रतिदिन संध्या से लेकर देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 6 नवम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग स्टार नाईट, मनोज प्रसाद द्वारा इंडियाज गॉट टैलेंट मल्लखंभ, सवि श्रीवास्तव द्वारा जादू बस्तर एवं पवनदीप एवं अरूनिता के पार्श्व गायन की प्रस्तुति होगी।

राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव के समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े एवं टंकराम वर्मा, नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्वश्री राजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्र कुमार साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे।

राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों द्वारा राज्योत्सव स्थल पर भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां शिल्प ग्राम में छत्तीसगढ़ के विविध शिल्प प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए उपलब्ध है। राज्योत्सव में प्रदर्शनी, मीना बाजार को देखने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुफ्त उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों के साथ नया रायपुर मेला ग्राउण्ड पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की राज्योत्सव 2024 की तैयारियों की समीक्षा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में राज्योत्सव 2024 की तैयारियों की समीक्षा की। नया रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल पर 4 से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री की अपील : प्रदेशवासी राज्योत्सव के अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव मनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर को अपने -अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव उत्सव मनाने की अपील की है। राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर, अटलनगर में 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी शहरों और गांव में नागरिकों से 1 नवंबर की शाम को अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की है।

आम जनता के लिए राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी

नया रायपुर के राज्योत्सव  स्थल तक आने जाने के लिए आम जनता को परिवहन की सुविधा रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्योत्सव के दौरान आयोजन स्थल पर प्रत्येक दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संस्कृति संध्या में वॉलीवुड सिंगर शान, नीति मोहन, इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता होंगे आकर्षण का केंद्र

सांस्कृतिक संध्या में 4 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर शांतनु मुखर्जी (शान) का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

5 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर नीति मोहन का कार्यक्रम होगा।

6 नवंबर की शाम को इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा।

6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह

राज्योत्सव के आखिरी दिन 6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

विकास प्रदर्शनी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रमुख विभागीय योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। निजी संस्थानों और पीएसयू संस्थानों के लिए भी हैंगर बनाया जाएगा। कृषि और जल संसाधन विभाग द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विभागों की नई योजनाएं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी।

शिल्पग्राम, फूड कोर्ट, फैन पार्क होंगे आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव आयोजन स्थल पर शिल्पग्राम, फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यहां ट्राइबल फूड भी उपलब्ध होगा। बच्चों के लिए फन पार्क भी बनाया जाएगा जहां विभिन्न झूले होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री के कृषि एवं नीति सलाहकार धीरेन्द्र तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद और राहुल भगत, संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. संचालक विवेक आचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

पुरस्कारों से बढ़ता है परिश्रम करने वालों का गौरव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना पर हर वर्ष आयोजित होने वाला राज्योत्सव कल से शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में चल रहे इस तीन दिवसीय राज्योत्सव के अंतर्गत कल शाम राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्यपाल ने तैंतीस विभिन्न विधाओं में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली इकतालीस विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया। उन्होंने राज्य अलंकरण पुरस्कार प्राप्त करने वाली विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि इन पुरस्कारों से परिश्रम करने वालों का गौरव बढ़ता है। साथ ही समाज की नई पीढ़ी को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।



समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़िया होने का गौरव उत्सव है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव से वसुधैव कुटुम्बकम की परिकल्पना साकार हो रही है। उन्होंने राज्य अलंकरण पुरस्कार प्राप्त करने वाली विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके योगदान से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। बघेल ने सभी जिला मुख्यालयों में छत्तीसगढ़ महतारी की आदमकद प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा भी की। समारोह में राज्य मंत्रिमण्डल के सभी सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, सांसद और विधायक उपस्थित थे।

जनसम्पर्क विभाग द्वारा दिये जाने वाले राज्य सम्मान 2022 हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जनसम्पर्क विभाग छत्तीसगढ़ शासन, द्वारा प्रख्यात पत्रकार स्वर्गीय चन्दूलाल चन्द्राकर और स्वर्गीय मधुकर खेर की स्मृति में दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक आमंत्रित की गई है। राज्य की संस्कृति, समृद्धि और विकास के संबंध में रचनात्मक लेखन के लिए पत्रकारों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार और मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार की स्थापना की गयी है। ये पुरस्कार क्रमशः दो-दो पत्रकारों को दिए जाएंगे। इनमें से दो प्रिंट मीडिया से और दो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से होंगे।




पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक संचालक, जनसम्पर्क संचालनालय, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर, जिला-रायपुर (छत्तीसगढ़) 492002 के पते पर निर्धारित प्रारूप में सीलबंद लिफाफे में पंजीकृत डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं। प्रविष्टि से संबंधित सीलबंद लिफाफे के ऊपर चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 अथवा मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इन पुरस्कारों से संबंधित नियम और आवेदन प्रारूप जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट www.dprcg.gov.in से डाउनलोड किये जा सकते हैं।

चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को रूपए 50 हजार- 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए तथा दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार हिंदी या छत्तीसगढ़ी में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के हिंदी या छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम, जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को 50 हजार 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए और दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार अंग्रेजी भाषा में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं अंग्रेजी भाषा में ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के अंग्रेजी कार्यक्रम जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

पुरस्कार के लिए व्यक्ति स्वयं प्रविष्टि दे सकेगा अथवा किसी उपयुक्त व्यक्ति के लिए किसी भी पंजीकृत समाचार पत्र-पत्रिका या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या संपादकीय प्रमुख अथवा छत्तीसगढ़ या भारत का कोई भी अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार प्रस्तावक हो सकेगा। प्रविष्टियां पुरस्कार वर्ष के सितंबर माह के पूर्व वर्ष के 31 अगस्त से एक वर्ष के बीच किए गए रचनात्मक लेखन अथवा रिपोर्टिंग से संबंधित होने चाहिए। पुरस्कार हेतु विचारार्थ प्रविष्टि किसी एक प्रकाशित या प्रसारित सामग्री की सत्यापित कतरन या सीडी या डीवीडी के रूप में छह प्रतियों में आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। आवेदक अथवा प्रस्तावक द्वारा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि पुरस्कार के लिए बताए गए तथ्य वास्तविक हैं।

मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण: शिक्षा दूत, ज्ञान दीप और शिक्षा से सम्मानित होंगे शिक्षक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार प्रति वर्ष 5 सितम्बर को विकासखण्ड स्तर, जिला स्तर और संभाग स्तर पर मुख्यमंत्री गौरव अलंकरणयोजना के अंतर्गत शिक्षकों को पुरस्कृत किया जा रहा है। शिक्षक दिवस 5 सितम्बर 2022 को विकासखण्ड स्तर पर शिक्षा दूतपुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक शाला के कक्षा पहली से पांचवीं तक में अध्यापन कराने वाले शिक्षक ही पात्र होंगे, चाहें वे किसी भी पद नाम से जाने जाते हों। जिला स्तर पर ज्ञान दीपपुरस्कार दिया जाएगा। 



इसके लिए पूर्व माध्यमिक शाला अर्थात् कक्षा 6वीं से 8वीं तक अध्यापन करने वाले शिक्षक ही पात्र होंगे चाहे वे किसी भी नाम से जाने जाते हों। इसी प्रकार संभाग स्तर पर शिक्षा श्रीपुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक में अध्यापन करने वाले शिक्षक ही पात्र होंगे, चाहे वे किसी भी पद नाम से जाने जाते हों। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इन तीनों पुरस्कार प्रदान करने के संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण और जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 

इन तीनों पुरस्कारों के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार शिक्षक, राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का चयन नहीं किया जाएगा। पुरस्कार के लिए यह नियम शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल से उन शिक्षकों पर लागू होगा, जो स्कूल में छात्र-छात्राओं को अध्यापन कराते हैं। उत्कृष्ट शिक्षक चयन हेतु संकुल, विकासखण्ड, जिला स्तर, संभाग स्तर पर दिए जाने वाले पुरस्कार के लिए चयन समिति का गठन किया गया है। इन सभी समितियों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा, किसी कारण से समिति का पद रिक्त होने पर शेष अवधि के लिए समिति गठन हेतु सक्षम अधिकारी पद की पूर्ति कर सकेगा।

संकुल स्तरीय समिति- प्रत्येक संकुल स्तर में एक समिति होगी जिसका गठन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष हाई स्कूल या हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य, उपाध्यक्ष सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और सदस्य सचिव विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समन्वयक होंगे। समिति में सदस्य के रूप में व्याख्याता या व्याख्याता (पंचायत), पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक, संकुल स्त्रोत केन्द्र समन्वयक, शिक्षक या शिक्षक पंचायत, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक या सहायक शिक्षक पंचायत शामिल होंगे।

शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए विकासखण्ड स्तरीय चयन समिति का गठन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और सदस्य सचिव विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का एक सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी होगा। सदस्यों में प्राचार्य हाई स्कूल या हायर सेकेण्डरी स्कूल, विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समन्वयक, व्याख्याता या व्याख्याता पंचायत, पूर्व माध्यमिक शाला का एक प्रधान पाठक और प्राथमिक शाला का प्रधान पाठक शामिल होंगे।

ज्ञान दीप पुरस्कार के लिए जिला स्तरीय चयन समिति का गठन आयुक्त राजस्व संभाग द्वारा किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर, उपाध्यक्ष डीप्टी कलेक्टर और सदस्य सचिव जिला शिक्षा अधिकारी होंगे। सदस्यों में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, डाइट के प्राचार्य या जिले के वरिष्ठ प्राचार्य, सहायक संचालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, एक सेवानिवृत्त शिक्षा या शासकीय अधिकारी-कर्मचारी जो शिक्षा के क्षेत्र में रूचि रखता हो, वे शामिल रहेंगे। 

शिक्षा पुरस्कार के लिए संभाग स्तरीय चयन समिति का गठन शासन स्तर पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष संभागीय आयुक्त, उपाध्यक्ष संभागीय उपायुक्त या सहायक आयुक्त और सदस्य सचिव डाइट के प्राचार्य होंगे। सदस्यों में संभागीय मुख्यालय का जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य हाई स्कूल या हायर सेकेण्डरी स्कूल, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, एक शिक्षाविद् जो शिक्षा के क्षेत्र में अभिरूचि रखता हो, वे शामिल रहेंगे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.