Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मुक्तिधाम में एक के बाद एक जली तीन चिताएं, महासमुंद की मनहूस होली !

आनंदराम साहू

महासमुंद। सैकड़ों आंखें नम है। मन व्यथित है। रंगोत्सव की खुशियां मातम में तब्दील हो गई है। इसलिए मैं इसे 'महासमुंद की मनहूस होली' लिख रहा हूं। महासमुंद शहर के प्रतिष्ठित उद्यमी बस्तीमल चोपड़ा होली के दिन दोपहर में परलोक गमन कर गए। यह सूचना तेजी से शहर में वायरल हुआ। परिजन और परिचितों में होली का उत्साह मातम में बदल गया। इस बीच शहर के प्रतिष्ठित परिवारों के तीन युवाओं के तालाब में डूबने की सूचना आई। राहत की खबर यह रही कि ग्रामीणों ने डूबते हुए युवकों को बचा लिया। कुछ देर बाद फिर सूचना मिली कि रामगढ़िया परिवार के युवक को अज्ञात वाहन ने तुमगांव रोड में टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देर रात खबर मिली कि तालाब में डूबे युवाओं में से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह इस साल की होली के दिन हुई तीन हृदय विदारक घटना ने मन को झकझोर दिया। 

आज सुबह से दोपहर तक मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार का सिलसिला चलता रहा। कोरोना काल के बाद एक के बाद एक तीन लोगों की चिता जलते मैंने पहली बार देखा। मृत्यु, जीवन का अंतिम और शास्वत सत्य है। यह सभी जानते हैं। परंतु, खुशियां मनाने के दौरान जब कोई अपना बिछड़ जाता है। खुशी, पलभर में मातम में बदल जाए तो उस घड़ी को हम मनहूस मान लेते हैं। ऐसा ही इस होली में हुआ। 

ऐसे हुई तालाब में डूबने की घटना

महासमुंद के पास बरोंडाबाजार में होली के दिन दोपहर में शहर के बच्चे तालाब में नहाने के लिए गए। शहर के प्रतिष्ठित परिवार के ये बच्चे केंद्रीय विद्यालय में पढ़ते हैं। इससे इनके बीच गहरी मित्रता थी। अपने अन्य साथियों के साथ तीन नवयुवक तालाब में नहा रहे थे। नहाते समय तालाब की गहराई में डूबने लगे। जिसे ग्रामीणों ने देख लिया। तैराक ग्रामीणों की मदद से डूब रहे युवकों को गंभीर हालत में पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस को सूचना दी गई। इससे पहले कि पुलिस पहुंचती, सभी को निजी वाहन से तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल महासमुंद पहुंचाया गया। जहां दो की हालत नाजुक होने पर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। तीसरे का उपचार शहर के एक निजी हास्पिटल में चल रहा है ।

ASI टीकाराम सारथी से 'मीडिया' को मिली जानकारी

एएसआई टीकाराम सारथी से 'मीडिया' को मिली जानकारी के अनुसार शहर के तीन नवयुवक लक्ष्य चन्द्राकर (17) पिता आलोक चंद्राकर (कांग्रेस नेता) निवासी बीटीआई रोड, दिव्याशु कर्माकर (18) पिता डॉ संजीव कर्माकर अयोध्या नगर और कलश बाघमारे (17) पिता स्व.राजेन्द्र बाघमारे निवासी पुराना मछली मार्केट  महासमुंद रंग गुलाल खेलकर दोपहर में नहाने के लिए बरोंडाबाजार के तालाब में गए थे। नहाते समय अचानक तीनों गहरे पानी में डूबने लगे। इसी समय गाँव के अन्य लोग नहाने के लिए आए थे।  नवयुवकों को डूबता देखकर ग्रामीणों ने गहरे पानी से बाहर निकाला। तब तक लक्ष्य और कलश बेहोश हो गए थे। दिव्यांशु बातचीत कर रहे थे। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान कलश बाघमारे (17) पिता स्व.राजेन्द्र बाघमारे निवासी पुराना मछली मार्केट ने दम तोड़ दिया। लक्ष्य चंद्राकर की स्थिति नाजुक बताई गई है। रायपुर के एक निजी अस्पताल में गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार जारी है। 

रामगढ़िया परिवार का कुलदीपक था मनमीत

मनमीत होली मनाकर बाइक से नहाने के लिए गाड़ाघाट (तुमगांव) जा रहा था। महासमुंद-परसदा के बीच बेमचा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे शहर के जवान मनमीत सिंग रामगढ़िया (38) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 188 बटालियन कोंडागाँव में पदस्थ था। पारिवारिक अड़चनों की वजह से उन्हें रायपुर में अटैच कर सेवाएं ली जा रही थी। वह होली मनाने गृहनगर महासमुंद आए थे । जहां दुर्घटना में जान चली गई।


मनमीत के शहादत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में CRPF के अधिकारी, जवान महासमुंद पहुंचे। पुष्चक्र भेंटकर और गार्ड ऑफ ऑनर देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मनमीत के परिवार में अब उनकी बुजुर्ग विधवा माँ, पत्नी और पांच साल की बेटी रह गए। इस हादसे से रामगढ़िया परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह सगनजोत रामगढ़िया के चचेरे भाई थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.