Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ की युवती के साथ इंदौर के फॉर्म हाउस में गैंगरेप, पीड़िता ने पुलिस को बताई आपबीती

छत्तीसगढ़ की युवती के साथ इंदौर के एक फॉर्म हाउस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश विश्वकर्मा समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने युवती को डेढ़ महीने तक बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।  पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके प्राइवेट पार्ट्स और शरीर के दूसरे अंगों को दांतों से काटा और सिगरेट से दागा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक 32 साल की युवती मूल रूप से बेमेतरा के बीजाघाट की रहने वाली है। शनिवार को उसने क्षिप्रा पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई, जिसमें उसने बताया कि उसकी राजेश विश्वकर्मा से मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर पहचान हुई थी। इसके बाद बातचीत शुरू हुई। राजेश ने उससे  शादी की और अपने साथ इंदौर ले गया, जहां उसके फॉर्म हाउस पर रखा। इस दौरान वो दुष्कर्म करता रहा। फॉर्म हाउस पर उसके दोस्त अंकेश बघेल, विवेक विश्वकर्मा और विपिन भदौरिया भी आते थे, जिनसे पहचान करवाई। सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब डेढ़ महीने तक उसे फॉर्म हाउस में बंधक बनाकर रखा। दुष्कर्म के दौरान आरोपियों ने उसके प्राइवेट पार्ट को सिगरेट से दागा और दांतों से काटा। 

 पीड़िता ने बताई आपबीती

पीड़िता ने बताया कि वो छत्तीसगढ़ के एक सरकारी स्कूल में टीचर थी। साल 2019 में जीवनसाथी डॉट कॉम पर राजेश विश्वकर्मा का प्रपोजल आया। अपनी प्रोफाइल में उसने डेट ऑफ बर्थ 1985 लिखी थी, जो कि असल में 1974 है। उसने खुद को डाइवोर्सी, नॉन ड्रिंकर बताया और इनकम एक करोड़ से ज्यादा लिखी थी। 24 अक्टूबर 2019 को दोनों ने रायपुर के होटल में शादी कर ली। शादी के दौरान पीड़िता के परिवार से सारे लोग मौजूद थे, लेकिन राजेश की फैमिली से कोई नहीं आया था। पीड़िता का कहना है कि उसके परिवारवालों ने इस पर ऑब्जेक्शन किया, पर बात इज्जत की थी, जिसकी वजह से शादी करनी पड़ी। वहीं शादी के बाद आरोपी ने उसे इंदौर के एक होटल में 4 दिन ठहराया। इसके बाद अपने फार्म हाउस ले गया।

टॉर्चर करता था आरोपी: पीड़िता

पीड़िता ने बताया कि युवराज फार्म हाउस में शुरुआती 5 दिन उसे कमरे में बंद कर रखा गया। उससे कहा गया कि उसके परिवार के लोग शादी से नाराज हैं। शादी के 15 दिन तक राजेश ठीक रहा। इसके बाद शुरू हुआ उसके हैरेसमेंट का दौर। दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पास मोबाइल नहीं था। इसलिए आरोपी अपने मोबाइल से सामने बैठाकर बात कराता था। कॉल रिकॉर्डिंग पर होती थी। फार्म हाउस में न्यूड पार्टियां हुआ करती थीं। नौकर निगरानी करते थे। राजेश उसे पोर्न मूवी दिखाकर उसी तरह रिलेशन बनाने के लिए कहता था। अननैचुरल सेक्स करता था। मना करने पर टॉर्चर करता था। फार्म हाउस पर उसे बिना कपड़ों के रखने लगा। 

नौकर से कहकर छिपा दिए थे कपड़े: पीड़िता

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने नौकर विपिन को कहकर उसके कपड़े छिपा दिए। इसके बाद नौकर भी उसके साथ गलत  हरकत करने लगा था। राजेश, विपिन से उस पर ठंडा पानी डलवाता और दोस्तों के सामने बिना कपड़ों के डांस कराता। कुर्सी पर सिगरेट के कश लगाते हुए उसे घूरता। डांस के बाद सभी उसके साथ रेप करते। सिगरेट से प्राइवेट और बॉडी के दूसरे पार्ट दागते। दांतों से काटते थे। इसके वीडियो भी उन्होंने बना रखे हैं।

राजेश को पिता नहीं करते थे पसंद

युवती का कहना है कि वो 16 सितंबर 2021 को छत्तीसगढ़ लौट गई। आत्महत्या का मन बना चुकी थी, लेकिन राजेश ने उसे और परिवारवालों को मारने के लिए दो गुंडे घर भेज दिए। बात परिवार पर आई तो वो हिम्मत जुटाकर इंदौर लौटी। थाने जाकर FIR कराई। गैंगरेप के मामले में गिरफ्त में आए चारों आरोपी नागदा के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी बिल्डर राजेश विश्वकर्मा के पिता जगदीश विश्वकर्मा का नागदा में इंजीनियरिंग वर्क्स का कारोबार है। राजेश शुरू से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। इसी कारण उसके पिता ने कभी उसे पसंद नहीं किया। 

विपिन भदौरिया पर कई केस दर्ज

उन्होंने राजेश को साल 2018 में घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह इंदौर में रहने लगा। यहीं पर उसकी दोस्ती अंकेश बघेल, विपिन भदौरिया और विवेक विश्वकर्मा के साथ हुई। अंकेश और विवेक का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। चारों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी विपिन भदौरिया प्रकाश नगर का रहने वाला है। उस पर करीब 12 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। विपिन हथियारों का भी शौकीन है। उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर बंदूक थामे हुए फोटो लगा रखा है। विपिन के पिता दिनेश पर भी 12 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वो यूपी के आगरा में रहते हैं।

क्षिप्रा पुलिस ने दी जानकारी

क्षिप्रा पुलिस ने बताया कि घटना मांगलिया क्षेत्र की है। यहां बिल्डर राजेश विश्वकर्मा का फॉर्म हाउस है। इसी फॉर्म हाउस में युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। राजेश ही युवती को अपने साथ  लेकर आया था और उससे शादी का वादा किया था। युवती की शिकायत पर आरोपी राजेश, अंकेश बघेल, विवेक विश्वकर्मा और विपिन भदौरिया समेत एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में राजेश विश्वकर्मा समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.