Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में बेलगाम हुआ कोरोना, 2 विधायक समेत कलेक्टर और BJP जिलाध्यक्ष पॉजिटिव

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में बेलगाम हुआ कोरोना, 2 विधायक समेत कलेक्टर और BJP जिलाध्यक्ष पॉजिटिव

Document Thumbnail

कोरोना की दूसरी लहर भारत के लिए काफी घातक साबित हुई है। वहीं देश में अब तीसरी लहर शुरू हो गई है, जिसकी चपेट में मुख्यमंत्री, मंत्री और पुलिसकर्मियों से लेकर डॉक्टर्स आ रहे हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ के PHE मंत्री रूद्र गुरु के कोरोना संक्रमित होने के बाद अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू और महासमुंद कलेक्टर डोमन सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। PHE मंत्री के स्टाफ के 7 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जानकारी के मुताबिक कलेक्टर ने लक्षण दिखने पर कोरोना जांच कराई थी, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया हैं। वहीं कलेक्टर ने संपर्क में आए अधिकारियों को कोरोना जांच कराने की अपील की है।

इधर, विधायक कुलदीप जुनेजा की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विधायक ने सोशल मीडिया के जरिए संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि कोरोना संक्रमण के शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्होंने अपनी कोविड जांच करवाई, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी उनकी तबियत ठीक है और चिकित्सकों के निर्देश पर वे होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा की कि जो भी उनके संपर्क में आए हैं वे सभी अपनी कोविड जांच करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। 

रायपुर BJP जिलाध्यक्ष भी संक्रमित

वहीं BJP के पूर्व विधायक और रायपुर जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उनकी तबीयत पिछले दो दिनों से खराब थी। कोरोना के लक्षण नजर आने पर उन्होंने घर पर खुद को आइसोलेट कर लिया था। एक दिन पहले ही उन्होंने RT-PCR टेस्ट कराया और अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जांजगीर तहसीलदार पवन कोसमा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने अपने संपर्क मे आने वाले सभी लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। फिलहाल उनका इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

24 घंटे में कोरोना के 2 हजार 502 नए मरीज 

बता दें कि छत्तीसगढ़ में 24 घंटे के अंदर कोरोना के 2 हजार 502 नए मरीज सामने आए हैं। रायपुर से सबसे ज्यादा 830 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। महाधिवक्ता सतीशचंद्र वर्मा भी कोरोना पॉजिटिव है। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयब खराब थी। तब उन्होंने RT-PCR सैंपल दिया था। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें घर में आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है। वहीं राजनांदगांव मेयर हेमा देशमुख उनके पति पूर्व मेयर सुदेश देशमुख परिवार समेत संक्रमित हो गए हैं। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबीर छाबड़ा भी पॉजिटिव पाए गए हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर ने रविवार से नाइट कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

पहली से 8वीं तक के स्कूल बंद

जांजगीर में तीसरी लहर के दौरान रविवार को पहली मौत हुई है। कोरोना संक्रमण से 68 साल की महिला ने दम तोड़ दिया है। संक्रमित होने के बाद महिला पैरालाइज्ड हो गई थी। कांकेर के कोयलीबेड़ा के चारगांव CAF कैंप में चार जवान संक्रमित मिले हैं। इन सभी जवानों को कैंप में ही क्वारंटाइन किया गया है। जवान कहां से संक्रमित हुए हैं इसकी भी पुष्टि नहीं हो पाई है। इसके अलावा कांकेर राजपरिवार के भी दो सदस्य पॉजिटिव मिले हैं। जिले में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय में पहली से 8वीं तक के स्कूल को बंद कर दिया गया है। हालांकि 9वीं से 12वीं क्लास तक के बच्चों के लिए स्कूल खुले रहेंगे।

कई डॉक्टर्स के संक्रमित होने की खबर

वहीं बिलासपुर के छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के वायरोलॉजी लैब में चार स्टॉफ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके चलते RTPCR जांच प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बलौदा बाजार जिले के 1700 से अधिक सैंपल पेंडिंग है। बिलासपुर के ही अपोलो अस्पताल में कोरोना ने एक साथ 31 लोगों को अपनी चपेट में लिया। रायपुर में एम्स और जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज के कई इंटर्न डॉक्टर और स्टाफ कोरोना से संक्रमित हुए हैं। निजी अस्पतालों के भी कई डॉक्टरों के संक्रमित होने की खबर है।

कोरोना से प्रभावित मरीजों का इलाज

रायपुर में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को दिखते हुए 117 सरकारी और निजी चिकित्सालयों में 4 हजार 847 बेड की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में इनमें से 111 बेड में कोरोना से प्रभावित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। 4 हजार 736 बेड खाली है। जिले में वर्तमान में शासकीय और निजी चिकित्सालयों में 614 सामान्य बेड, 2 हजार 520 ऑक्सीजन युक्त बेड, 541 HDU बेड, 681 ICU बेड और 380 टोटल वेंटीलेटर बेड खाली है। संक्रमण बढ़ने के साथ होम आइसोलेशन को लेकर पूछताछ बढ़ी है। होम आइसोलेशन में रहने को इच्छुक मरीज अपना पंजीयन homeisolation.cgcovid19.in में कर सकते हैं। 

जिले के लिए नियंत्रण कक्ष का काम शुरू

होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को घर पहुंच दवाई भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी तरह राज्य के किसी भी जिले के शासकीय और निजी अस्पतालों में बिस्तर की स्थिति के लिए govthealth.cg.gov.in से जानकारी ली जा सकती है। रायपुर जिले के लिए नियंत्रण कक्ष काम शुरू कर चुका है। ऐसे लोग जिन्हें कोरोना की जांच, आइसोलेशन की सुविधा, अस्पतालों की सुविधा, एंबुलेंस, डॉक्टर से परामर्श या अन्य चिकित्सा संबंधी जानकारी लेनी है, वे नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 78801-00331, 77124-45785, 78801-00332 में संपर्क कर सकते हैं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.