Media24Media.com: स्वास्थ्य मंत्री ने की विभागीय काम-काज की समीक्षा, कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए पूरी तैयारी करने के दिए निर्देश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

स्वास्थ्य मंत्री ने की विभागीय काम-काज की समीक्षा, कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए पूरी तैयारी करने के दिए निर्देश

Document Thumbnail

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री TS सिंहदेव ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण और वैक्सीनेशन की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव और इलाज के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री सिंहदेव ने अपने निवास कार्यालय में विभागीय काम-काज की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में राजधानी रायपुर सहित अन्य जगहों में फैल रहे डेंगू के प्रकरणों की रोकथाम और बचाव के लिए जल ठहराव, गंदगी के प्रति लोगों में जन-जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू से पीड़ित मरीजों का एलिजा टेस्ट किया जाए। प्रभावित इलाकों के अस्पतालों में डेंगू के इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। 


स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली।  साथ ही ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की उपलब्धता के साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए बेहतर प्रबंधन के लिए सभी आवश्यक तैयारी रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सभी उपकरणों की साफ-सफाई और रख-रखाव पर ध्यान दिया जाए। बैठक में वायरोलॉजी, हमर लैब की स्थापना और आयुष्मान-डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के उचित क्रियान्वयन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री सिंहदेव ने कहा कि वैक्सीनेशन की पहले डोज के साथ-साथ दूसरा डोज लगाना जरूरी है। 


इन मुद्दों पर हुई चर्चा

मंत्री सिंहदेव ने कहा कि वैक्सीन की कमी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से समन्वय कर पर्याप्त वैक्सीन की सप्लाई के लिए मांग की जाए। उन्होंने वैक्सीन का पहला डोज लगा चुके लोगों में इम्यूनिटी बना रहे इसलिए निर्धारित समय-सीमा में दूसरे डोज लगाने पर भी जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री  सिंहदेव ने नए चिकित्सा महाविद्यालयों कांकेर, कोरबा और महासमुंद में सभी जरूरी आवश्यक व्यवस्था करने के साथ ही इन महाविद्यालयों में स्वशासी समिति का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन महाविद्यालयों में नेशनल मेडिकल कांउसिल के निरीक्षण और शैक्षणिक स्टॉफ भर्ती के संबंध में चर्चा की। 

सैंपल जांच के लिए ब्लड टेस्ट केंद्र

मंत्री ने बताया कि विभाग में डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ के रिक्त पदों की भर्ती के लिए वित्त विभाग से स्वीकृति मिल गई है, जल्द ही इन पदों की भर्ती विभागीय और एजेंसियों के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में सिंहदेव ने बताया कि विभाग द्वारा ऐसा सिस्टम तैयार किया जा रहा है कि आगामी छह माह में प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क खून जांच हो। प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों में ही खून जांच कराने वालों का सैंपल लिया जाएगा और विभाग के माध्यम से वाहनों द्वारा सैंपल जांच के लिए ब्लड टेस्ट केंद्रों में पहुंचाया जाएगा। 

ऑनलाइन भेज दी जाएगी रिपोर्ट 

जांच के बाद उसकी रिपोर्ट ऑनलाइन भेज दी जाएगी। इसके अलावा मरीजों के OPD पर्ची में डॉक्टरों द्वारा लिखी गई सभी दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने प्रदेश के दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में भी आवश्यकता के अनुरूप ब्लड बैंकों की स्थापना करने अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव शहला निगार,  विशेष सचिव सी.आर. प्रसन्ना, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला, छत्तीसगढ़ मेडिकल कॉपोरेशन के प्रबंध संचालक कार्तिकेय गोयल, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. विष्णु दत्त सहित मेडिकल कॉलेज कांकेर, कोरबा और महासमुंद के अधिष्ठाता उपस्थित थे। 

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.