Media24Media.com: संबोधित

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label संबोधित. Show all posts
Showing posts with label संबोधित. Show all posts

दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत – विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संपूर्णता अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को पुरस्कृत किया। उन्होंने आज राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित कार्यक्रम में जुलाई-2024 से सितम्बर-2024 तक राज्य के आकांक्षी जिलों और आकांक्षी विकासखंडों में तीन महीनों तक संचालित संपूर्णता अभियान में निर्धारित संकेतकों को संतृप्त करने और लक्ष्यों को हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को पुरस्कार प्रदान किए। 

उन्होंने इन जिलों और विकासखंडों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया। संपूर्णता अभियान के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों बस्तर और कोंडागांव तथा आकांक्षी विकासखंडों शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक सर्वश्री सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और गुरू खुशवंत साहेब भी सम्मान समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना में सभी वर्गों का विकास समाहित है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वालों और विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत है। भारत सरकार ने इसे गहराई से समझकर प्रधानमंत्री जनमन योजना प्रारंभ की है। इस योजना से सुदूर वनांचलों में आवास, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों से जिसमें छत्तीसगढ़ के भी 6661 गांव शामिल हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप विकास की रोशनी सुदूर गांवों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार की आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में शामिल गांव तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि देश में वर्ष 2018 से आकांक्षी जिलों में काम शुरू हुआ है। विकास की दौड़ में पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आगे लाने का काम इसमें हो रहा है। इसके अंतर्गत शामिल गांवों में अलग-अलग सेक्टर में काम कर मानव सूचकांकों को सुधारा जा रहा है। उन्हें संतृप्ति के स्तर पर लाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-एक व्यक्ति के विकास और कल्याण से विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समारोह में कहा कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में भौतिक प्रगति से अलग मानव सूचकांकों को बेहतर करने के लिए काम किए जा रहे हैं। लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें संतृप्त करने अहम इंडीकेटर्स पर काम हो रहे हैं जिनकी तरफ सामान्यतः ज्यादा ध्यान नहीं जाता है। राज्य के आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में और भी बेहतर काम हो, इसके लिए मैं सभी जिलों व विकासखंडों को शुभकामनाएं देता हूं। मुख्य सचिव अमिताभ जैन और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने समारोह में संपूर्णता अभियान के दौरान किए गए कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। नीति आयोग के सदस्य-सचिव आशीष भट्ट, सदस्य के. सुब्रमण्यम और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। 

छह सूचकांकों पर अच्छा काम करने वाले जिलों और विकासखंडों को किया गया पुरस्कृत

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के 49 संकेतकों में से छह और आकांक्षी विकासखंडों के 40 संकेतकों में से छह संकेतकों को चिन्हित कर इन्हें संतृप्त करने संपूर्णता अभियान संचालित किया गया था। इनमें एएनसी पंजीकरण, पूरक पोषण ले रही गर्भवती महिलाओं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पूर्ण टीकाकरण वाले बच्चे, बिजली वाले स्कूल, शैक्षणिक सत्र शुरू होने के एक महीने के भीतर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने वाले स्कूल, मधुमेह जांच, उच्च रक्तचाप जांच, परिक्रामी निधि प्राप्त करने वाले स्वसहायता समूहों की संख्या जैसे संकेतक शामिल थे।

संपूर्णता अभियान के दौरान सभी छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले आकांक्षी जिलों व विकासखंडों को आज स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। पांच संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले जिलों व विकासखंडों को रजत पदक, चार संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वालों को कांस्य पदक तथा तीन संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को ताम्र पदक से सम्मानित किया गया।  

बस्तर और कोंडागांव जिले को स्वर्ण पदक

संपूर्णता अभियान के दौरान सभी छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले आकांक्षी जिलों बस्तर और कोंडागांव तथा आकांक्षी विकासखंडों शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। आकांक्षी जिलों दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर तथा आकांक्षी विकासखंडों लखनपुर, बैकुंठपुर, दुर्गकोंदूल, गौरेला-2, कोरबा और पिथौरा को रजत पदक प्रदान किया गया। आकांक्षी जिला बीजापुर और आकांक्षी विकासखंडों गरियाबंद, उसूर, पोड़ी उपरोड़ा, बोड़ला, तोकापाल एवं कुआंकोंडा को कांस्य पदक तथा आकांक्षी जिलों मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, सुकमा एवं आंकांक्षी विकासखंड अंबागढ़ चौकी को ताम्र पदक से सम्मानित किया गया। संबंधित जिलों के वर्तमान और तत्कालीन कलेक्टरों ने ये पुरस्कार ग्रहण किए।

देश को रचनात्मक दिशा देने का कार्य किया है भारतीय मजदूर संघ ने - अरुण साव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज भिलाई के बैकुंठ नगर में भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहां अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने की। विधायक रिकेश सेन और ललित चन्द्राकर तथा दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब भारतीय मजदूर संघ का 70वां स्वर्णिम स्थापना दिवस मना रहे हैं। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि मजदूर भाईयों ने विगत 70 सालों से भारतीय मजदूर संघ के साथ ही देश को रचनात्मक दिशा देने का कार्य किया है। भारतीय मजदूर संघ दुनिया का सबसे बड़ा संघ है। इसने देश को आत्मनिर्भर बनाने में सरकार और मजदूरों के मध्य सेतु का कार्य किया है। श्री साव ने कहा कि मोदी सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी इस दिशा में काम कर रही है। श्रमिकों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता में है। उन्होंने संघ की मांग पर भवन के लिए पदाधिकारियों से जमीन की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने भवन के निर्माण के लिए हरसम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कार्यक्रम में भारत की आजादी के बाद गठित विभिन्न मजदूर संघों और उनकी विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विधायक रिकेश सेन ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक संगठन नहीं विचारधारा है। विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि संघ मजदूरों के हितों के साथ ही राष्ट्रीय हित के लिए भी काम करते आ रहा है। भिलाई में बड़ी संख्या में मजदूर विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत् हैं। वे सभी भारतीय मजदूर संघ से जुड़े हैं। स्थापना दिवस कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, मजदूर और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी पढिए..

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मंत्रालय में राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया।

उन्होंने पत्रकार-वार्ता में कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी।

यहा भी पढिए : कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी... 








मुख्यमंत्री 11 दिसम्बर केबिनेट की बैठक के बाद पखांजूर जाएंगे

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 दिसम्बर को नवा रायपुर में केबिनेट की बैठक के बाद वहां से हेलीकॉप्टर से पखांजूर जाएंगे। मुख्यमंत्री पखांजूर के पुराना बस स्टैण्ड एवं नेता जी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय पूर्वान्ह 11 बजे से मंत्रालय, महानदी भवन में केबिनेट की बैठक में भाग लेने के बाद दोपहर 2 बजे पुलिस मुख्यालय हेलीपेड नवा रायपुर से हेलीकॉप्टर से पखांजूर जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां की पुराना बस स्टैण्ड में स्वर्गीय असीम राय जी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास और आम सभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पखांजूर से संध्या 5 बजे रायपुर लौट आएंगे। मुख्यमंत्री साय शाम 5 बजे रायपुर के भाटागांव अंतर्राज्जीय बस टर्मिनल में नवनिर्मित को-वर्किंग स्पेस आरंभ एवं इनोवेशन सेंटर इनोवेट का लोकार्पण करेंगे।

स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक - अरूण साव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरूण साव आज बिलासपुर में रक्तदाता सम्मान समारोह एवं युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन विश्वधारम सामाजिक संस्था द्वारा किया गया था। उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले 600 युवाओं को सम्मानित किया।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा दिया गया संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलकर सशक्त और विकसित भारत बनाएं। साव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। आपका योगदान किसी को जीवन देता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा के विधायक सुशांत शुक्ला और मस्तूरी के पूर्व विधायक कृष्णमूर्ति बांधी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वधारम सामाजिक संस्था के संरक्षक दिलेंद्र कौशिल ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय युवाओं को मूल्यों पर आधारित शिक्षा देने के पक्षधर थे। लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति युवाओं को बाबू बनाने वाली है। स्वामी विवेकानंद द्वारा दी गई शिक्षा पर पूरी दुनिया को भरोसा है। वे चाहते थे कि भारत के युवा आत्मकेन्द्रित न बनकर पूरे समाज और देश के उत्थान के लिए कार्य करें। स्वामी जी की मंशा थी कि हमारा देश सिरमौर बने। उनका संदेश उठो, जागो और तब तक न रूको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए, युवाओं को प्रेरणा देने वाला है। उनका मानना था कि हर व्यक्ति में ईश्वर निवास करते हैं। मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है।

साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने 11 सितंबर 1893 को भारतीय स्वाभिमान का पताका अमेरिका के शिकागो में फहराया था। इसी प्रकार से 22 जनवरी 2024 को भारतीय स्वाभिमान का पताका फिर से फहरेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकास के नित नए सोपान तय कर रहा है। 21वीं सदी भारत की सदी है। दुनिया के सारे देश भारत के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं। स्वामी विवेकानंद जी की भी यही मंशा थी। उन्होंने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के लिए युवा स्वामी जी के विचारों का अनुसरण करें। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।


छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की गारंटी को कांग्रेस पूरा करेगी - खड़गे

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। स्थानीय आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाईस्कूल मैदान में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जो गारंटी रखा है उसे कांग्रेस पार्टी पूरा करेगी। खडग़े ने कहा कांग्रेस ने गुलाम राष्ट को आजादी दिलाई। उस कांग्रेस से भाजपा के लोग पूछते हैं कि उन्होंने 70 साल में देश के लिए क्या किया। वे ये नही जानते कि कांग्रेस ने देश को बचाने का काम किया है। लोकतंत्र बचाने और संविधान को जिंदा रखने का काम कांग्रेस ने किया। एक कहावत है "बाप कमाया, बेटा गुमाया"। ये लोग एयर पोर्ट बेचकर खा रहे हैं।

देश की एक-एक संपत्ति उद्योगपतियों को बेच रहे हैं। जो संपत्ति बेचता है,वह देश की भलाई के लिए नही सोच सकता। राहुल गांधी भारत जोडऩे के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करते हैं और लोगों से मुलाकात करते हैं। लेकिन  पीएम नरेंद्र मोदी ने कभी भी गरीब जनता से मुलाकात नही किया। बल्कि किसानों और गरीबों की बात कहकर वोट मांगने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी मोदी जी जैसा भागने वाली और जुमलेबाजी करने वाली पार्टी नहीं है। जो वायदा करते है उसे पूरा करते हैं। वे चुनावी आमसभा को संबोधित करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पहुंचे थे। उन्हें दोपहर 2.35 को  पहुंचना था लेकिन सवा दो घंटे के विलंब से पहुंचे जिसके कारण बिना औपचारिकता के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीधे मंच में माइक थामते हुए संबोधन शुरू कर दिया।

सीएम के बाद खडग़े ने संक्षिप्त उदबोधन देते हुए जिले के चारों कांग्रेस उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से कहा था कि कालाधन लाकर 15 लाख रुपये प्रत्येक व्यक्ति को देंगे, 2 करोड़ नौकरियां नौजवानों को हर साल मिलेगा। किसानों की आमदनी डबल करेंगे लेकिन एक भी वायदा पूरा नही किया। जो जैसा बोलता है वैसा करने वाला एक मात्र कांग्रेस की सरकार है। जो भरोसा दिलाने के साथ ही अपनी बातों को अमल में लाती है। मोदी जी गरीब की बात करते हैं लेकिन कभी भी गरीबों के  पास नही गए। खडग़े ने कहा कि मणीपुर  जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी एक भी दिन मणीपुर नही गए।

इसके  पहले संबोधित करते हुए सीएम बघेल ने पब्लिक से पूछा कि कर्ज माफ करना है कि नही, जोर की आवाज आने  पर उन्होंने कहा कि हमारे अध्यक्ष खडग़े जी, राहुल जी, प्रियंका जी ने जो 16 वायदे किए हैं, वे भी कांग्रेस की सरकार बनने  पर  पूरा करेंगे। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए घोषणाओं का सिलसिलेवार जिक्र करते हुए कहा कि आज से 20 क्विंटल धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की कर्ज माफी, गैस रिफिलिंग में 5 सौ रुपये की सब्सिडी, 35 किलो चावल, 2 सौ यूनिट तक बिजली बिल माफ, तेंदूपत्ता तोडऩे वाले परिवार को 4 हजार रुपये अतिरिक्त लाभांश, भूमिहीन मजदूरों को 7 के बदले 10 हजार रुपए और लघुवनोपज में 10 रुपए प्रति किलो की वृद्धि, सभी स्कूलों का आत्मानंद स्कूलों में उन्नयन, केजी से पीजी तक फ्री शिक्षा जैसे घोषणाओं का जिक्र करते हूुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। 

बघेल ने कहा कि हमने किसानों का कर्ज माफ किया लेकिन मोदी सरकार 24 लाख करोड़ रुपए उद्योगपतियों का माफ किया है। हमने सत्ता में आने के बाद जनता की सेवा ईमानदारी से की। सुख-दुख सभी परिस्थितियों में जनता के साथ खड़े रहे। आगे भी खड़े रहेंगे। सीएम के साथ छग प्रभारी कुमारी शैलजा, नासिरहुसैन भी पहुंचे थे। राष्ट्रीय  प्रवक्ता  प्रमोद तिवारी ने कहा कि वे अवध से छग ननिहाल आए हैं और ननिहाल में मांगने का हक है और आप को देने का। मै केवल  हाथ के लिए साथ  और विकास के लिए वोट मांग रहा हूं। चंदन यादव ने कहा कि आज  पूरे देश और अन्य राज्यों में छग मॉडल की चर्चा हो रही है वह भूपेश सरकार की देन है। पूर्वमंत्री नंदकुमार साय ने कहा कि भाजपा केवल राम का नाम लेकर राजनीतिक लाभ लेते रही। लेकिन यहां की वर्तमान छग सरकार ने सही मायने में राम वनगमन पथ में भगवान की दिव्य  प्रतिमाएं स्थापित की है।

अधिकांश समय भगवान राम दण्डकारण्य में रहे। बस्तर ही हमारा दण्डकारण्य है जिसे संवारने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। सभा को विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, कांग्रेस उम्मीदवार डा. रश्मि चंद्राकर, द्वारिकाधीश यादव, देवेंद्र बहादूर सिंह ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा  के 15 साल का शासनकाल यहां की जनता ने देखा है। छत्तीसगढिय़ों का केवल शोसन होता रहा है भाजपा ने धान के कटोरा को केवल कटोरा बनाकर रख दिया था। जिसे भूपेश सरकार ने वापस धान का कटोरा बनाया। जो आज धान से लबालब होकर छलक रहा है। मंच में सरायपाली उम्मीदवार चातुरी नंद, दाऊलाल चंद्राकर, मोहित ध्रुव, नपाध्यक्ष राशि महिलांग, नपा उपाध्यक्ष कृष्णा कुमार चंद्राकर, लक्ष्मण पटेलपरमानंद साहू, खिलावन बघेल, खिलावन साहू, ढेलू निषाद आदि मौजूद थे। संचालन संजय शर्मा ने किया।

नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने सक्रिय हुए भाजपा कार्यकर्ताओं, कहा - भ्रष्ट सरकार के जाने का वक्त आ गया

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। जनसम्पर्क एवं संपर्क से समर्थन के तहत ग्राम खमतराई-सिरपुर में नव मतदाता जुड़वाने हेतु कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस अवसर पर भाजपा नेता मोती साहूचैनूराम साहू, दुलराव धीवर, सिरपुर उपसरपंच भारत साहू, राजेश ठाकुर, दिलीप ध्रुव उपस्थित थे। इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए मोती साहू ने कहा कि नए मतदाता जोड़ने का कार्यक्रम अंतिम चरण में है। सभी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में लगे।इस क्षेत्र में जो विकास हुआ है वह भारतीय जनता पार्टी के 15 वर्षों की डॉ रमन सिंह की देन है। अनेक योजना से सीधा लाभ जनता को मिला है, वह प्रधानमंत्री मोदी की देन है।

आज घर-घर शौचालय,निःशुल्क गैस कनेक्शन,हर घर शुद्ध पेय जल हेतु नल कनेक्शन, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख तक स्वास्थ्य सुविधा, प्रधानमंत्री आवास के तहत गरीबों को आवास सभी नरेंद्र मोदी की देन है। छ. ग. मे कांग्रेस सरकार की योजना नरवा,गरवा, घुरवा, बाड़ी फ्लॉप हो चुकी है। भूपेश बघेल की सरकार केवल भ्रष्टाचार की सरकार हो गयी। शराब घोटाला, कोयला घोटाला,रेत घोटाला, चावल घोटाला की सरकार बन गयी है। भूपेश बघेल गरीबों का आवास रोक कर रखा है, गरीबों के चावल मे कालाबाजारी करता है।अब इस सरकार का जाने का वक्त आ गया है।

इस अवसर पर सोहन ठाकुर, मनोहर ध्रुव, गैंद यादव, नारायण साहू, ईश्वर साहू, प्रीतम,रमेश पटेल, सीताराम ध्रुव, चिंताराम ध्रुव, संतोष साहू, किसन, नरेंद्र, कामता ध्रुव, लोकनाथ ध्रुव, तुलसी साहू, कामता गिरी, पूरन ध्रुव, मनहरण निर्मलकर, गंगाधर यादव, पांचूराम साहू, रतनी यादव, गायत्री ध्रुव, पांचो बाई साहू आदि कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने हरेली तिहार के मौके पर पशुपालक किसानों और गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 16.29 करोड़ रूपए की दी सौगात

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 17 जुलाई को हरेली तिहार के अवसर पर गौठानों में गोबर बेचने वाले ग्रामीण पशुपालक किसानों सहित गौठान समितियों और महिला समूहों को 16 करोड़ 29 लाख रूपए की राशि का अंतरण सीधे उनके बैंक खातों में किया। गोधन न्याय योजना के तहत ऑनलाईन राशि अंतरण का यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हरेली तिहार उत्सव के अवसर पर आज शाम आयोजित हुआ।
                     

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इनमें जुलाई माह की प्रथम पखवाड़े में गौठानों में गोबर विक्रय करने वाले 59,729 किसानों को 3 करोड़ 96 लाख रूपए तथा गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 12 करोड़ 33 लाख रूपए की राशि जारी किया। गौठानों में जुलाई माह के प्रथम पखवाड़े में एक लाख 98 हजार क्विंटल गोबर की खरीदी गोधन न्याय योजना के तहत की गई है। गौरतलब है कि गोधन न्याय योजना अंतर्गत आज 17 जुलाई को 16.29 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद हितग्राहियों को अब तक 526.37 करोड़ रूपए का भुगतान हो चुका है।
                   

मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हरेली तिहार को रोजगार और आय से जोड़ते हुए गोधन न्याय योजना की शुरूआत हरेली के ही दिन 20 जुलाई 2020 को हुई थी। आय यह योजना अपनी सफलता के लिए एक नजीर बन चुकी है।  छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना जिसने 2 रूपए किलों में गोबर खरीदकर उससे जैविक खाद का निर्माण किया, बिजली बनाई, प्राकृतिक पेंट का निर्माण किया। इस सब कामों के माध्यम से छत्तीसगढ़ ने देश को महिला सशक्तिकरण की नई राह दिखाई। देश के अनेक राज्य हमारी गोधन न्याय योजना का लगातार विस्तार किया है। गोबर से जैविक खाद बनाने के साथ-साथ गोमूत्र से जैविक वृद्धिवर्धक और जैविक कीटनाशक भी बना रहें है।
                   

उन्होंने अवगत कराया कि अब अपने गौठानों को हम रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में उन्नत कर रहें है। प्रदेश में रीपा योजना शुरू की गई है। इस योजना में 300 रूरल इंडस्ट्रियल पार्कों की स्थापना की गई है। गोधन न्याय योजना से 03 लाख 58 हजार से ज्यादा किसानों को लाभ हो रहा है। 17 हजार 834 स्व-सहायता समूहों के 02 लाख 09 हजार 750 सदस्यों कों इस योजना से आजीविका मिल रही है। इस योजना ने हमारी माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाकर उनका आत्मविश्वास मजबूत किया है। प्रदेश में 10 हजार 327 गौठान स्वीकृत किए गए है, जिनमें से 10 हजार 263 गौठानों को निर्माण पूरा हो चुका है। याने 99.38 प्रतिशत गौठानों का निर्माण हमने कर लिया है। हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि यह हैै कि हमारे गौठान तेजी से स्वावलंबी भी हो रहे है।
                    

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस गौठानों द्वारा स्वयं की राशि से गोबर की खरीदी की जा रही है अभी तक 5 हजार 960 स्वावलंबी गौठानों द्वारा 66 करोड़ 96 लाख रूपए के गोबर की खरीदी की जा चुकी है। गोधन न्याय योजना मे अभी तक कुल 125.54 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। इसकी एवज में 251 करोड़ रूपए का भुगतान गोबर विक्रेताओं को किया जा चुका है। इसी तरह गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 257 करोड़ 29 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. अय्याज एफ. तम्बोली, संचालक पशुधन श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी आदि उपस्थित थें। 

सीएम भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं। प्रभु राम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री जी से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं।

                                             

हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। हम तो मांगते ही रहेंगे लेकिन और ज्यादा नहीं कहना चाहता हूँ फिर भी इतना कहना चाहता हूँ कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद हमको मिलती रहे।

छत्तीसगढ़ नवोदित राज्य, हमें केन्द्र से मिले ज्यादा से ज्यादा मदद : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, एनसीसी ग्राउंड में आयोजित समारोह में 7600 से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और शुभारंभ किया।
                   

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ नवोदित राज्य है, इसलिए छत्तीसगढ़ को ज्यादा से ज्यादा मदद केन्द्र से मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे पर आये हैं। प्रभु राम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री जी से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं। हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं।
                   

मुख्यमंत्री ने इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हेलीपेड पहुंचने पर उनकी अगवानी की तथा समारोह के मंच पर उन्हें राजकीय गमछा पहनाकर और मिलेट्स से बने उत्पाद भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, लोकसभा सांसद अरूण साव और सुनील सोनी, विधायक डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

समारोह में 7600 करोड़ की लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ

समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 7600 करोड़ रूपए की लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया। उन्होंने इनमें से राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित लगभग 6,400 करोड़ रूपए की लागत की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिन दो परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रायपुर-कोडेबोड़ खंड की 988 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 33 कि.मी. लंबी 4 लेन वाली सड़क और एनएच-130 के बिलासपुर-अंबिकापुर खंड के 1261 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 53 किलोमीटर लंबे बिलासपुर-पथरापाली खंड पर निर्मित 4-लेन की सड़क का लोकार्पण शामिल है।
                  

प्रधानमंत्री मोदी ने 6-लेन वाले ग्रीनफील्ड रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर के छत्तीसगढ़ खंड के लिए तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें - एनएच-130 सीडी पर 1368 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 43 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले झांकी-सरगी खंड एनएच-130 सीडी पर 1471 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 57 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले सरगी-बसनवाही खंड और एनएच-130 सीडी पर 1307 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 25 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले बसनवाही-मारंगपुरी खंड का विकास शामिल है। 2.8 किलोमीटर लंबी 6-लेन सुरंग इसका एक प्रमुख घटक है - उदंती वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों के आसान आवागमन के लिए 27 रास्ते और 17 बंदर छतरियों का निर्माण भी किया जाएगा।
                    

इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने 750 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 103 किलोमीटर लंबी रायपुर-खरियार रोड रेल लाइन के दोहरीकरण, 290 करोड़ रूपए की लागत से विकसित केवटी-अंतागढ़ को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का लोकार्पण किया और हरी झंडी दिखाकर अंतागढ़ से रायपुर नई ट्रेन को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कोरबा में 130 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 1700 सिलेण्डर दैनिक क्षमता के इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का लोकार्पण तथा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को 75 लाख कार्डों के वितरण का शुभारंभ किया।

 

मुख्यमंत्री चौहान ने कर्मचारियों का डीए 4% बढ़ाने की घोषणा की

No comments Document Thumbnail

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि राज्य के कर्मचारियों का महँगाई भत्ता 4% बढ़ाया जाएगा। अभी केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों में 4% महँगाई भत्ते का अंतर है,

अब इस अंतर को समाप्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान आज सीहोर जिले के भैरुंदा तहसील के ग्राम गिल्लौर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह /निकाह समारोह को संबोधित कर रहे थे।

माड़ नदी में पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा : भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायगढ़। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि दीपावली से पहले राजीव गांधी न्याय योजना की तीसरी किश्त हितग्राहियों के खाते में जमा करा दी जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण में रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के छाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खरसिया और छाल के बीच माड़ नदी में पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, खरसिया से छाल, छाल से धरमजयगढ़ और छाल से घरघोड़ा के बीच जल्द ही सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। 



उन्होंने कापू उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने के साथ ही क्षेत्र के विकास को लेकर कई अनेक घोषणाएं भी कीं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बारिश का मौसम खत्म होते ही रायगढ़ जिले की खराब सड़कों को सुधार लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो सौ पांच करोड़ चौदह लाख रुपये की लागत के तेरह विभिन्न विकास के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

खरसिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक का उद्घाटन किया। बताया जाता है कि राज्य का यह पहला सिविल अस्पताल है, जहां ब्लड बैंक की स्थापना की गई है।  वहीं, घरघोड़ा में भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की स्थापना और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन करने के साथ ही कई अन्य घोषणाएं भी कीं।

सरपंच संघ के समर्थन में आया भाजपा, राज्य सरकार की तानाशाही चरम पर : रूपकुमारी चौधरी

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। विगत 14 दिनों से चल रहे सरपंचों के धरना प्रदर्शन के समर्थन में भाजपा जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन। जिले के पिथौरा जनपद परिसर में  सरपंचों का धरना जारी है 13 सूत्रीय मांगो को लेकर धरने में बैठे सरपंचों को संबोधित करते हुवे भाजपा जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा की लगातार राज्य सरकार के वादाखिलाफी के खिलाफ अधिकारी कर्मचारियों के बाद सरपंचों को भी अपनी मांगों को लेकर मैदान में उतरना पड़ा है।



सरकार में आने के लिए किए गए वायदों को पूरा करने मे असमर्थ है राज्य सरकार,, सरपंचों की जायज मांगों को सुनने तक को तैयार नहीं है। राज्य सरकार की तानाशाही चरम पर है। समर्थन में पहुंचे भाजपा नेताओं में शशि डडसेना मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल ग्रामीण अध्यक्ष प्रीतम साहू  महामंत्री आशीष शर्मा सांसद प्रतिनिधि स्वप्निल तिवारी हरजिंदर सिंह पप्पू वीरेंद्र तिवारी मन्नू लाल ठाकुर सुशीला पटेल  सुरेंद्र साहू मनमीत छाबड़ा  सौरभ अग्रवाल सहित भाजपा जन समर्थन में पहुंचे। सरपंचों के धरने पर बैठने से विकास कार्यों एवं मूलभूत कार्यों में भी रूकावटे सामने आ रही है।

अब देखना ये होगा की क्या राज्य सरकार  सरपंचों की मांगों को पूरा करेगी या आंदोलन यू ही जारी रहेगा। सरपंच संघ के अध्यक्ष विद्या पटेल ने कहा की हम सब 13 सूत्रीय मांगों को लेकर आज से अनिश्चित कालीन धरने में बैठे है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हमारी मांगे है की सरपंचों एवं पंचों के मानदेय में वृद्धि कर सरपंचों का 20 हजार व पंचों का मानदेय 5 हजार करने की मांग,सरपंचों को पेंशन 10 हजार देने की मांग, 50 लाख तक सभी कार्यों में कार्य एंजेशी पंचायत को बनाये जाने की मांग सरपंच निधि के रूप में 10 लाख दिए, 

जाने की मांगनक्सलाइटो द्वारा सरपंचों को मारे जाने पर 20 लाख की आर्थिक सहायता, 15 वे वित्त की राशि को अन्य मद में अभिशरण ना किया जाय नरेगा सामग्री भुगतान हर तीन महीने में किया जाए 15 वित्त की राशि को जनपद व जिला पंचायत सदस्य द्वारा अपने ही क्षेत्र में दिया जाये, नरेगा निर्माण कार्य में 40% प्रतिशत अग्रिम राशि दी जाए,सरपंचों व पंचों के कार्यकाल को दो वर्ष बढ़ाया जाये,ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास की राशि लाख करते हुवे तत्काल राशि जारी किया जाएसरपंचों के अविश्वास प्रस्ताव अधिनियम में संशोधन किया जाए व धारा 40 में संशोधन करने की मांग शामिल है

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के साथ संस्कृति को आगे बढ़ाने का कर रहे हैं काम : सीएम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज एक दिवसीय जांजगीर-चाम्पा जिले के शिवरीनारायण प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने माता शबरी और भगवान नर नारायण के दर्शन कर मंदिर में पूजा की और कन्नौजिया कुर्मी समाज के धर्मशाला का लोकार्पण किया। यहां आयोजित सामाजिक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि प्रदेश के विकास में सभी समाज की सहभागिता जरूरी है। उनकी सरकार सभी समाज और वर्ग को साथ लेकर विकास की राह में आगे बढ़ रही है।


शिक्षा
, स्वास्थ्य और रोजगार की दिशा में जो भी योजनाएं बनाई गई है, उससे सभी समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों का उत्थान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अपनी गौरवशाली संस्कृति है। इन्हें संरक्षित करने के साथ आने वाली पीढ़ी को बताने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री बघेल ने शिवरीनारायण में कन्नौजिया कुर्मी समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमदान और सहयोग राशि से धर्मशाला भवन का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ कर सर्वाधिक समर्थन मूल्य में धान खरीदी शुरू की गई।  राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत इस वर्ष 21 मई को पहली किस्त दी गई। दूसरी किस्त 20 अगस्त को तीजा पर्व से पहले दी जाएगी। तीसरी किस्त एक नवंबर को और चौथी किस्त 31 मार्च को प्रदान की जाएगी। इसी तरह राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की राशि भी दी जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन राशि से किसानों, गौपालकों तथा भूमिहीन मजदूरों के आय को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चाम्पा जिले में बहुत अच्छा गौठान है। यहां भी गोबर की खरीदी होती है। इससे बनने वाले वर्मी कम्पोस्ट को इस्तेमाल धान उत्पादन में किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैरा का उपयोग भी खाद बनाने के लिए किया जा सकता है। यह सभी खेतों की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने के साथ जमीन को उपजाऊ बनाती है।

छत्तीसगढ़ की सरकार गौ सेवा के साथ गोबर और गौ-मूत्र की खरीदी भी कर रही है। गौमूत्र से कीटनाशक और गोबर से खाद बनाया जा रहा है। इससे किसानों, मजदूरों को आर्थिक लाभ पहुंच रहा है। ग्रामीण आद्यौगिक पार्क स्थापना से रोजगार के नये अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव-गांव गौठान बनाया गया है। इसका संचालन गांववासी करें और आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बने। उन्होंने गांव में अतिक्रमण रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक बनने की भी अपील की।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष श्रीमती अंजनी तिवारी, कन्नौजिया कुर्मी समाज के अध्यक्ष छोटेलाल कश्यप और समाज के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक रामकुमार यादव, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल सहित श्रीमती मंजू सिंह सदस्य अन्य भवन सन्निर्माण कर्मकार मण्डल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह उपाध्यक्ष जिला पंचायत, व्यासनारायण कश्यप मण्डी अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। 

शिक्षा और स्वास्थ्य में हो रहा बदलाव

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के माध्यम से गरीब बच्चों को सर्वसुविधायुक्त अध्यापन सुविधाएं मिलने के साथ अंग्रेजी की शिक्षा दी जा रही है। पहले किसी निजी स्कूल में पढ़ाने के लिए अधिक शुल्क देने के साथ पुस्तकों एवं ड्रेस के लिए भी अधिक पैसे खर्च करने पड़ते थे। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी आने वाले दिनों में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गरीब वर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सस्ती दर पर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही है। हाट बाजारों में लगने वाले क्लीनिक से मुफ्त में उपचार भी किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व के मानचित्र पर लाना है

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति उन्नत, प्राचीन और गौरवशाली है। इसे दुनिया के मानचित्र पर आगे लाना है। यहां की आदिवासी संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ सरंक्षित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। राजिम, गिरौदपुरी, दामाखेड़ा सहित शिवरीनारायण आदि के विकास के लिए कदम उठाए गए हैं। संस्कृति को संरक्षित करने के साथ पर्यटन को विकसित करने का काम किया जा रहा है। राम वनगमन पर्यटन परिपथ भी इसी कड़ी का हिस्सा है। हमारे राज्य में विशिष्ट कार्य करने वाले महापुरूष और लोग है। ऐसे लोगों को सामने लाने के साथ आने वाले पीढ़ियों को भी उनसे अवगत कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

इंडोर स्टेडियम का नाम माता शबरी के नाम पर करने मुख्यमंत्री ने की घोषणा

मुख्यमंत्री बघेल ने शिवरीनारायण में बनाए जा रहे इंडोर स्टेडियम का नाम माता शबरी के नाम पर करने की घोषणा मंच से की। उन्होंने कन्नौजिया कुर्मी समाज के धर्मशाला हेतु अतिरिक्त कक्ष हेतु सहयोग करने की बात भी कही। उन्होंने 30 बेड अस्पताल भवन हेतु टेण्डर जारी होने तथा पर्यटन के विकास के लिए कार्य प्रगति पर होने की बात कही।

नवा कलेक्टर हे, अच्छा काम करही

मुख्यमंत्री बघेल ने मंच से कहा कि आने वाले समय में जिला का विकास तेजी से होगा। आपके जिला में नवा कलेक्टर आ गे हे। लकठा परोस के रहइया हे, बिलासपुर के हे। अच्छा काम करही। इहा के जिला पंचायत सीईओ रह चुके हे, अब निरन्तर विकास होही। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में कलेक्टर से पहले तारन प्रकाश सिन्हा, जनसंपर्क के आयुक्त सह संचालक थे। अब आपके जिले के कलेक्टर बन गये हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.