महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुडमार बांधा जंगल में शनिवार सुबह आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। जंगल में शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ था आरक्षक
मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है। वह महासमुंद पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण मुडमार बांधा के जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके आरक्षक के शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू से जांच
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसके पीछे क्या वजह रही और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

.gif)