Media24Media.com: सौरभ चंद्राकर के बाद मोहित सोमानी पर CBI का शिकंजा! रायपुर में घर पर छापा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सौरभ चंद्राकर के बाद मोहित सोमानी पर CBI का शिकंजा! रायपुर में घर पर छापा

Document Thumbnail

 रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रायपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए समता कॉलोनी स्थित आरोपी मोहित सोमानी के आवास पर छापेमारी की। जांच टीम ने यहां पहुंचकर सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, संभावित वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की तलाश की।


पैनल आईडी के जरिए सट्टा नेटवर्क चलाने का संदेह

जांच एजेंसियों को आशंका है कि मोहित सोमानी महादेव सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटरों से पैनल आईडी हासिल कर उन्हें आगे बेचने के काम में शामिल था। इसके जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किए जाने की भी जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर से जुड़े इनपुट और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के दौरान मोहित सोमानी की भूमिका जांच के दायरे में आई। इसके बाद सीबीआई की टीम ने उसके रायपुर स्थित ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की।

गोवा से गिरफ्तार हुआ था मोहित सोमानी

मोहित सोमानी को इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने एक विशेष कार्रवाई के दौरान गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। फिलहाल वह रायगढ़ जेल में बंद है।

अब सीबीआई की ओर से उसके रायपुर स्थित आवास पर की गई छापेमारी को महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच की रफ्तार

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही हैं। एजेंसियों का फोकस पैनल आईडी के कारोबार, आर्थिक लेन-देन और सट्टेबाजी के पूरे तंत्र से जुड़े लोगों की पहचान पर है।

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ और जांच में कौन से नए तथ्य सामने आए हैं, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.