Media24Media.com: स्कूल में नशे का वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, 2 छात्राओं समेत 7 को TC का नोटिस; प्राचार्य ने की कार्रवाई

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

स्कूल में नशे का वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, 2 छात्राओं समेत 7 को TC का नोटिस; प्राचार्य ने की कार्रवाई

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में दो छात्राएं शराब और सिगरेट पीती नजर आ रही हैं, जबकि पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राचार्य ने दो छात्राओं और पांच छात्रों समेत कुल सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का नोटिस जारी किया है।


धतूरा स्कूल का बताया जा रहा वायरल वीडियो

पूरा मामला कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धतूरा का है। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, स्कूल के पांच छात्र परिसर से बाहर जाकर गांजा पीते नजर आ रहे हैं।


वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई। स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के इस तरह नशा करते दिखाई देने से अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया।

बैठक के बाद सात विद्यार्थियों को TC का नोटिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के परिजनों की बैठक बुलाई। बैठक में वायरल वीडियो और विद्यार्थियों के कथित नशे के मामले पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए दो छात्राओं और पांच छात्रों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) जारी करने के संबंध में नोटिस थमा दिया। इस कार्रवाई के बाद स्कूल और क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्कूली बच्चों में नशे की प्रवृत्ति पर उठे सवाल

इस घटना ने स्कूली विद्यार्थियों के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और बच्चों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल से जुड़े इस मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों में भी चिंता देखी जा रही है।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से सात विद्यार्थियों को TC का नोटिस जारी किया गया है। मामले में शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई को लेकर भी नजर बनी हुई है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement



Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.