Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, 91 हजार किसानों ने बेचा 4.43 लाख मीट्रिक टन धान

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, 91 हजार किसानों ने बेचा 4.43 लाख मीट्रिक टन धान

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश में 26 नवंबर तक 91 हजार 614 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। राज्य के 2,590 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। खास बात यह है कि 26 नवंबर को एक ही दिन में 82 हजार 746 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इससे खरीदी केंद्रों में किसानों की बढ़ती आवक का अंदाजा लगाया जा सकता है।


राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी व्यवस्था में कई बदलाव किए हैं। प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प मिल रहे हैं। वर्तमान में सभी 2,590 केंद्रों में धान की आवक जारी है।

घर बैठे टोकन से आसान हुई धान बिक्री

धान खरीदी को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। किसान 'टोकन तुंहर हाथ' एप के माध्यम से घर बैठे ही धान बेचने की तारीख और समय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और किसानों की परेशानी कम करने में मदद मिल रही है।

सरकार की ओर से उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन को इन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल भाव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं और व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जाएं।

राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। खरीदी केंद्रों में बढ़ती आवक के बीच अब आने वाले दिनों में धान खरीदी की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement



Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.