Media24Media.com: मोदी कैबिनेट ने परिसीमन प्रस्ताव को दी मंजूरी, लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने की तैयारी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मोदी कैबिनेट ने परिसीमन प्रस्ताव को दी मंजूरी, लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने की तैयारी

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के तहत देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा अनुपात के आधार पर 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना है। साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व वर्ष 2051 तक बरकरार रखने का प्रस्ताव है।


सरकार के इस फैसले को दक्षिण भारतीय राज्यों की उस चिंता के समाधान के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उनकी लोकसभा में हिस्सेदारी घटने की आशंका जताई जा रही थी। नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ाने की व्यवस्था रखी गई है, ताकि राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात प्रभावित न हो।

850 तक पहुंच सकती है लोकसभा की सदस्य संख्या

प्रस्तावित बदलावों के बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच सकती है। इसमें राज्यों के प्रतिनिधियों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। सरकार की योजना परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ आगे बढ़ाने की है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।

यूपी में 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं सीटें

प्रस्ताव के आधार पर विभिन्न राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120, बिहार में 40 से 60, महाराष्ट्र में 48 से 72 और पश्चिम बंगाल में 42 से 63 हो सकती हैं। वहीं तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर करीब 59 होने का अनुमान है।

ये आंकड़े प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के आधार पर लगाए गए अनुमान हैं। अंतिम सीटों का निर्धारण विधायी प्रक्रिया और परिसीमन आयोग के फैसलों के बाद ही होगा।

दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता दूर करने की कोशिश

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के कई राज्यों ने चिंता जताई थी कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें लोकसभा में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से वृद्धि करने का प्रस्ताव लाया गया है।

इस व्यवस्था के तहत किसी राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी दूसरे राज्यों की तुलना में कम या ज्यादा नहीं होगी। यानी सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की कोशिश की गई है।

30 नवंबर से फिर शुरू होगी संसद की बैठक

केंद्र सरकार ने संसद की विशेष बैठक भी बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। माना जा रहा है कि इस दौरान सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को संसद में आगे बढ़ा सकती है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सभी की नजरें संसद की कार्यवाही पर टिकी हैं। संविधान संशोधन विधेयक को कानून का रूप देने के लिए दोनों सदनों में आवश्यक विशेष बहुमत से पारित कराना होगा। इसके बाद ही प्रस्तावित व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement



Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.