रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक ही दिन में बड़ी सफलता मिली है। सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिले में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान जवानों ने हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। वहीं, बीजापुर में ओडिशा में सक्रिय 13 लाख रुपये के दो इनामी माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके अलावा भैरमगढ़ क्षेत्र के जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
सुकमा और नारायणपुर में हथियारों का डंप बरामद
सुरक्षा बलों को यह सफलता नक्सल उन्मूलन अभियान और सर्चिंग के दौरान मिली है। सुकमा जिले के चिंतलनार क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम और रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में आत्मसमर्पित माओवादी से मिली जानकारी के आधार पर जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 8 कंट्रीमेड हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड, तीर बम समेत अन्य विस्फोटक और संचार सामग्री बरामद की गई।
इसी तरह नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र के चालचेर जंगल में भी सुरक्षा बलों ने माओवादियों का डंप बरामद किया। यहां से एसएलआर, इंसास राइफल, देशी कट्टा, 104 कारतूस, वॉकी-टॉकी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
बीजापुर में 13 लाख के दो इनामी माओवादियों का सरेंडर
बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा में सक्रिय दो इनामी माओवादी नागमणी कुड़मे उर्फ शीला और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू ने बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस इसे माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका मान रही है।
जमीन में छिपाकर रखे थे 39.77 लाख रुपये
बीजापुर के भैरमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत बड़ेपल्ली जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों को माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नकदी का डंप मिला। तलाशी में 500 रुपये के नोटों की गड्डियों के साथ कुल 39 लाख 77 हजार रुपये बरामद किए गए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सुरक्षा बल माओवादी डंप से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद कर चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से माओवादी नेटवर्क के आर्थिक और हथियार संबंधी ठिकानों को बड़ा नुकसान पहुंच रहा है।

.gif)