Media24Media.com: छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति की मांग को लेकर संयुक्त संचालक को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र प्रक्रिया पूरी करने की मांग

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति की मांग को लेकर संयुक्त संचालक को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र प्रक्रिया पूरी करने की मांग

Document Thumbnail

आरंग- छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने रायपुर संभाग में लंबे समय से लंबित शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति का मुद्दा उठाते हुए संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संभाग रायपुर संजीव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और इसके लिए समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की।

इस अवसर पर एसोसिएशन के संयोजक सुधीर प्रधान एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कई वर्षों से लंबित है पदोन्नति का मामला

प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू एवं हरीश दीवान ने बताया कि रायपुर संभाग में विगत कई वर्षों से शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति लंबित है। इसके कारण संभाग के शिक्षकों में नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य संभागों में शिक्षक तथा माध्यमिक शाला प्रधान पाठक के पदों पर कई बार पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन रायपुर संभाग में अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक पदोन्नति नहीं हो पाई है।

इससे संभाग के शिक्षक आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर तथा शिक्षक से माध्यमिक शाला प्रधान पाठक पद पर शीघ्र पदोन्नति देने की मांग रखी।

समय-सीमा तय कर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक से चर्चा के दौरान मांग की कि पदोन्नति प्रक्रिया के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि वर्षों से प्रतीक्षारत शिक्षकों को जल्द लाभ मिल सके। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के इच्छुक शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा शिक्षक ग्रंथपाल की पदोन्नति से संबंधित प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजने का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय महामंत्री योगेश ठाकुर, जितेंद्र मिश्रा, श्रीमती अंजुम शेख, धमतरी जिलाध्यक्ष डॉ. भूषणलाल चंद्राकर, ओमप्रकाश सोनकला (रायपुर), जिला पदाधिकारी अतुल शर्मा, कैलाश साहू, डॉ. आशीष नायक, डॉ. सी.एल. साहू, ब्लॉक अध्यक्ष गेवाराम नेताम, दिनेश साहू, हरीश दीवान एवं कविता आचार्य सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि संयुक्त संचालक द्वारा शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

— देवनाथ साहू
प्रदेश उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.