Media24Media.com: पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- देश पर संकट आता है तो इन्हें खुशी मिलती है

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- देश पर संकट आता है तो इन्हें खुशी मिलती है

Document Thumbnail

 बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश को मुश्किल में देखकर खुश होता है और संकट के समय जनता के बीच डर और अफवाह फैलाने का काम करता है। पीएम मोदी ने ईरान में जारी तनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भारत एकजुट होकर परिस्थितियों का सामना कर रहा है, तब विपक्ष खाद और गैस की किल्लत जैसी अफवाहें फैलाकर लोगों को डराने में जुटा है।


प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए।

'देश पर संकट आता है तो इन्हें खुशी मिलती है'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग देश को मुश्किल में देखना चाहते हैं। जब देश पर संकट आता है तो उन्हें खुशी मिलती है। उन्होंने कहा कि ईरान में तनाव के बीच भारत एकजुट होकर हालात का सामना करने में जुटा है, लेकिन विपक्ष अफवाह फैलाने का काम कर रहा है।

पीएम मोदी के मुताबिक, लोगों के बीच यह डर फैलाया गया कि देश में खाद की कमी हो जाएगी और बहनों को गैस नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद देश में अफरातफरी का माहौल पैदा करना और सरकार को बदनाम करना था। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देशवासियों की सेवा करते रहेंगे।

चारपाइयों पर बैठे नजर आए कार्यक्रम में शामिल लोग

बनासकांठा के कार्यक्रम में एक खास नजारा भी देखने को मिला। यहां मौजूद लोग कुर्सियों के बजाय चारपाइयों पर बैठे थे। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लोगों के लिए यह हैरानी की बात हो सकती है कि कार्यक्रम में सभी लोग चारपाइयों पर बैठे हैं।

उन्होंने बनासकांठा की सराहना करते हुए कहा कि यहां गांवों की परंपरा को फिर से जीवित किया गया है। पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इसकी जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती तो शायद इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता मिल जाती।

कृषि बजट में पांच गुना बढ़ोतरी का दावा

प्रधानमंत्री ने किसानों को सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर बताते हुए कहा कि अन्नदाता विकसित भारत के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं और परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

पीएम मोदी ने दावा किया कि वर्ष 2013 की तुलना में देश का कृषि बजट पांच गुना बढ़ गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को करोड़ों छोटे किसानों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता मिल रही है।

एमएसपी को लेकर पिछली सरकारों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के मुद्दे पर भी पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक छोटे किसानों की जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जबकि देश के करीब 85 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं।

पीएम मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने एमएसपी को लेकर किए गए वादे पूरे किए हैं। उनके मुताबिक, एमएसपी के माध्यम से किसानों के खातों में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीते वर्षों में सरकार की नीतियों के कारण किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिला है या उनकी बचत हुई है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और कृषि क्षेत्र को विकसित भारत की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बनाना है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.