Media24Media.com: तहसील कार्यालय में निकला कोबरा, अलमारी के पीछे छिपा था जहरीला सांप; रेस्क्यू टीम ने पकड़ा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तहसील कार्यालय में निकला कोबरा, अलमारी के पीछे छिपा था जहरीला सांप; रेस्क्यू टीम ने पकड़ा

Document Thumbnail

 कोरबा। तहसील कार्यालय की प्रतिलिपि शाखा में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अलमारी के पीछे एक कोबरा सांप दिखाई दिया। कार्यालय में राजस्व संबंधी कामकाज के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में कार्यालय के भीतर जहरीले सांप की मौजूदगी से खतरे की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।


अलमारी के पीछे बैठा था कोबरा

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह प्रतिलिपि शाखा में काम के सिलसिले में सहायक ग्रेड-2 आईपी डाहिरे और एक अन्य व्यक्ति पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर अलमारी के पीछे बैठे कोबरा पर पड़ी। अचानक सांप दिखाई देने से दोनों सतर्क हो गए। उन्होंने बिना देर किए वन विभाग और सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

टीम ने सावधानी से किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सदस्य अविनाश यादव अपने सहयोगी मानस के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की न करें कोशिश

घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसके पास जाने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। सांप को छेड़ने या पकड़ने का प्रयास खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके और लोगों को भी खतरे से बचाया जा सके।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.