Media24Media.com: CG NEWS : रावण दहन के बाद खूनी खेल, चाकू से गोदकर युवक की हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : रावण दहन के बाद खूनी खेल, चाकू से गोदकर युवक की हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी पर रावण दहन के बाद युवकों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मूड़ापार बाजार के पास हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। हमलावरों ने युवक पर चाकू से आधा दर्जन से अधिक वार किए थे। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मूड़ापार बाजार के नजदीक रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने दूसरे युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जिला अस्पताल में तोड़ा दम

चाकूबाजी की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

रातभर चली तलाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए रातभर कार्रवाई की। इस दौरान तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.