Media24Media.com: Bilaspur Crime: गर्भवती पत्नी पर रॉड से हमला, गर्भस्थ शिशु की मौत, आरोपी पति फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Bilaspur Crime: गर्भवती पत्नी पर रॉड से हमला, गर्भस्थ शिशु की मौत, आरोपी पति फरार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में घरेलू विवाद के दौरान एक गर्भवती महिला पर उसके पति ने कथित तौर पर रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी पति फरार है।


पुलिस के अनुसार, चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली सभ्या की करीब तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से शादी हुई थी। शुक्रवार रात दोनों घर पर थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आशीष ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की। महिला ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।

रॉड से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रॉड से पत्नी पर हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।

महिला की हालत देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद हिर्री पुलिस ने आरोपी पति आशीष कौशिक के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर और आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस मामले में घटना के कारणों और विवाद की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मां से मारपीट का भी आरोप

पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व व्यवहार से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, करीब पांच महीने पहले खाना देर से मिलने की बात को लेकर आशीष का अपनी वृद्ध मां से भी विवाद हुआ था और उसने उनके साथ मारपीट की थी। पुलिस अब आरोपी के पारिवारिक विवादों और पूर्व घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.