Media24Media.com: महासमुंद : रात 1.30 बजे घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों को नोचा; 3 गंभीर, गांव में दहशत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद : रात 1.30 बजे घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों को नोचा; 3 गंभीर, गांव में दहशत

Document Thumbnail

 महासमुंद। जिले के बागबाहरा क्षेत्र के झिटकी गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तेंदुए के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने यादव परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


बाथरूम जाने निकली महिला पर किया हमला

बताया जा रहा है कि रात करीब 1:30 बजे उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उत्तरी बाई के शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे।


इसी बीच तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), तुषार यादव (14) और सुनीता यादव (32) घायल हो गए।

चीख-पुकार के बीच कमरे में बंद किया तेंदुआ

तेंदुए के घर में घुसते ही परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए परिजनों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस और वन विभाग को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। जिस कमरे में तेंदुआ बंद है, वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

छह घायल अस्पताल पहुंचे, तीन को रायपुर भेजा

हमले में घायल सभी छह लोगों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहां जांच के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर पाए जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

घटना में घायल महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उपचार के दौरान उसके चेहरे को पट्टी से ढका गया है।

तेंदुए के रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेषज्ञ टीम

तेंदुए के घर में बंद होने के बाद वन विभाग ने उसके सुरक्षित रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी है। कमरे के आसपास वनकर्मियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई गई है।

टीम के मौके पर पहुंचने के बाद तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कार्रवाई की जाएगी।

झिटकी गांव में दहशत, वन विभाग की निगरानी

घटना के बाद झिटकी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई है। वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और कमरे में बंद तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.