Media24Media.com: पत्थर से सिर कुचलकर महिला की हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पत्थर से सिर कुचलकर महिला की हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतका के पड़ोसी सहस राम मिंज (38) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा आरोपी की पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाने की बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।


खेत के पास मिला था महिला का शव

घटना 23 सितंबर की है। ग्राम लैंगा के पास लोकहड़ा गांव में 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का का शव खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। उसके सिर पर पत्थर से वार के निशान थे। सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की जांच के लिए फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की टीम को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।

‘बाघा’ ने पहुंचाया आरोपी के घर

लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां तकनीकी और संचार सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से सुराग लेने के बाद करीब आधा किलोमीटर दूर एक घर तक पुलिस को पहुंचाया।

घर में रहने वाले सहस राम मिंज को पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पत्नी और भाभी को शराब पिलाने से था नाराज

पुलिस के अनुसार, आरोपी सहस राम मिंज पिता प्रेम सिंह, निवासी लोकहड़ा उरांवपारा ने पूछताछ में बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का उसकी पत्नी की सहेली थी। दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर थे।

आरोपी के मुताबिक, सुखमनिया उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाती थी। उसने कई बार मृतका को ऐसा करने से मना किया था, जिससे वह नाराज था।

सुनसान जगह पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम आरोपी बकरी चराकर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी, भाभी और सुखमनिया को शराब के नशे में देखा। इस पर उसने सुखमनिया को घर से चले जाने के लिए कहा।

पुलिस का दावा है कि इसके बाद जब सुखमनिया अपने चाचा के घर जाने लगी तो आरोपी ने उसका पीछा किया। मुडहीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर उसने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.