Media24Media.com: बारिश में मदद के बहाने मोबाइल चोरी, फिर UPI से 2.84 लाख पार; चार आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बारिश में मदद के बहाने मोबाइल चोरी, फिर UPI से 2.84 लाख पार; चार आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी कर उससे जुड़े बैंक खातों से UPI के जरिए रकम निकालने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बारिश के दौरान मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करने और बाद में मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए बैंक खातों से रकम निकालने का आरोप है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद सहित करीब 75 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

बारिश में मदद के बहाने चोरी

पुलिस के अनुसार प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर 2026 को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह इंडियन कॉफी हाउस, चकरभाठा के पास तेज बारिश के कारण रुका था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

होश आने पर उसने खुद को सिम्स अस्पताल में भर्ती पाया। इस दौरान उसका दोस्त भी वहां मौजूद नहीं था और उसका मोबाइल फोन गायब था। मोबाइल में प्रार्थी और उसकी मां के बैंक खाते लिंक थे।

तबीयत ठीक होने के बाद घर लौटकर उसने दो-तीन दिन बाद नया सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसे बैंक खातों से हुए UPI लेन-देन के मैसेज मिलने लगे। जांच करने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाले गए हैं।

आधार की फोटो से रीसेट किए पेमेंट ऐप

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा गवाहों के बयान और बैंक से प्राप्त जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात की जानकारी दी। आरोपियों पर मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करने और उसके बाद मोबाइल में मौजूद गैलरी एवं एल्बम से आधार कार्ड की फोटो हासिल करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फोन-पे और पेटीएम जैसे ऑनलाइन पेमेंट ऐप को रीसेट किया गया।

इसके बाद प्रार्थी और उसकी मां के बैंक खातों से रकम निकालकर आरोपियों के खातों में ट्रांसफर की गई। पुलिस के मुताबिक रकम का कुछ हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाला गया, जबकि कुछ पैसे खाने-पीने और कार से घूमने में खर्च किए गए।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी चकरभाठा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो वीवो मोबाइल, एक पोको मोबाइल, एक आईफोन, एक पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

BNS और IT Act की धाराओं में मामला

चकरभाठा पुलिस ने अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) BNS तथा धारा 66(C), 66(D) IT Act के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस ने मोबाइल में बैंकिंग और UPI से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रखने तथा अनजान लोगों को मोबाइल फोन सौंपने से बचने की सलाह दी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.