Media24Media.com: पत्नी की गला दबाकर हत्या, मौत को बीमारी बताकर पति ने पुलिस को किया गुमराह

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पत्नी की गला दबाकर हत्या, मौत को बीमारी बताकर पति ने पुलिस को किया गुमराह

Document Thumbnail

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर मुक्कों से वार किया और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद हत्या को छिपाने के लिए पत्नी को बीमार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच के दौरान महज 24 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।


मामला धमधा के ग्राम अगर का है। पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच 26 वर्षीय त्रिलोक खांडे और उसकी पत्नी अन्नू खांडे के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान त्रिलोक ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर लगातार मुक्के मारे। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बीमारी बताकर अस्पताल पहुंचाया

वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत को बीमारी से जोड़ने की कोशिश की। वह अन्नू को पुरानी बीमारी होने की बात कहते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

नवविवाहिता की मौत की सूचना एसडीएम को दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। इस दौरान अन्नू के सिर पर चोट के निशान मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की।

पहले से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

पुलिस की पूछताछ में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक के लिए धमधा न्यायालय पहुंचे थे। इसके अलावा अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसकी रिपोर्ट जामुल थाने में दर्ज है।

पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.