Media24Media.com: ड्यूटी छोड़ लैब में बना रहीं थीं रील, वीडियो वायरल होते ही 3 पर गिरी गाज

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ड्यूटी छोड़ लैब में बना रहीं थीं रील, वीडियो वायरल होते ही 3 पर गिरी गाज

Document Thumbnail

 दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेकर रील बनाने वाली तीन महिला टेक्नीशियनों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई लैब संचालन करने वाली HLL लाइफकेयर लिमिटेड की ओर से की गई है।


दरअसल, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर अलग-अलग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। इनमें एक वीडियो में महिला टेक्नीशियन हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती नजर आ रही थी, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करते हुए वीडियो बनाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

सिविल सर्जन ने मांगा था जवाब

वीडियो वायरल होने के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।

मामले की जांच के बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा। इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

जांच व्यवस्था प्रभावित हुई या नहीं, इसकी भी जांच

स्वास्थ्य विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि जिस दौरान लैब में रील बनाई गई, उस समय जांच व्यवस्था पर किसी तरह का असर पड़ा था या नहीं। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया था। इंचार्ज की ओर से संबंधित स्टाफ पर कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया, जिसके बाद तीनों को सेवा से हटा दिया गया।

जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवाद में रह चुकी है लैब

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से लोगों को उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है।

कुछ समय पहले यह लैब जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवादों में रही थी। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका उचित कैलिब्रेशन कराने के निर्देश भी दिए गए थे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.