Media24Media.com: वृद्ध चौकीदार की हत्या का खुलासा, 17 वर्षीय नाबालिग लड़की गिरफ्तार; पुलिस ने बताई वजह

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

वृद्ध चौकीदार की हत्या का खुलासा, 17 वर्षीय नाबालिग लड़की गिरफ्तार; पुलिस ने बताई वजह

Document Thumbnail

 सूरजपुर। जिले के महुआपारा में निर्माणाधीन मकान में 65 वर्षीय चौकीदार की गला काटकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने पूछताछ में बताया कि चौकीदार ने उसके साथ कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया था, जिसके बाद आक्रोश में उसने उस पर हमला कर दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद किशोरी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।


निर्माणाधीन मकान में मिला था शव

मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के महुआपारा का है। यहां एसईसीएल कर्मचारी कामता प्रसाद साहू का मकान निर्माणाधीन है। निर्माणाधीन मकान में सामानों की देखरेख के लिए 65 वर्षीय सीताराम गोंड चौकीदार के रूप में रहता था।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह निर्माण कार्य में लगे मजदूर मकान पर पहुंचे। इसी दौरान एक किशोरी को वहां से निकलकर जाते हुए देखा गया। मजदूरों ने अंदर जाकर देखा तो सीताराम गोंड मृत अवस्था में पड़ा था। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था।

पूछताछ में सामने आई घटना की जानकारी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से निकलकर गई किशोरी के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि किशोरी मृतक की दूर की रिश्तेदार थी और कुछ दिनों से उसके साथ रह रही थी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह चौकीदार के साथ सोई थी। उसके आरोप के मुताबिक, तड़के चौकीदार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

सब्बल और ब्लेड से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, किशोरी ने पूछताछ में बताया कि घटना के बाद उसने गुस्से में पास रखे सब्बल से चौकीदार के सिर पर वार किया। इसके बाद बिस्तर के पास रखे ब्लेड से उसके गले पर हमला किया। गंभीर चोट लगने से चौकीदार की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद किशोरी कुछ समय तक वहीं रही और सुबह वहां से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने उसे देख लिया।

बाल संप्रेक्षण गृह भेजी गई किशोरी

सूरजपुर के एएसपी योगेश कुमार देवांगन के अनुसार, पुलिस पूछताछ में किशोरी ने चौकीदार पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है और इसी के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने किशोरी को बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.