Media24Media.com: छात्रा की रेप की खबर पर भड़के छात्र, देर रात यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छात्रा की रेप की खबर पर भड़के छात्र, देर रात यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़

Document Thumbnail

 फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित रेप की सूचना को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। सोशल मीडिया पर छात्रा से कथित दुष्कर्म से जुड़ा एक मैसेज वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र देर रात यूनिवर्सिटी परिसर में जुट गए। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और परिसर में तोड़फोड़ की गई।


हालांकि, पुलिस ने अभी तक छात्रा से रेप की किसी घटना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस वायरल मैसेज की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह मैसेज कहां से आया और उसमें किए गए दावे की सच्चाई क्या है।

रात करीब 2 बजे जुटे छात्र

बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी परिसर में जमा हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के आसपास से होने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मैसेज में दावा किया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया है।

मैसेज के वायरल होने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया और प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना सामने आई।

यूनिवर्सिटी गेट पर भी तोड़फोड़

हंगामा बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर पहुंच गए। यहां भी तोड़फोड़ की गई। इसके बाद छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचकर धरना दिया और सड़क को बंद कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ।

मौके पर पहुंची पुलिस

हंगामे की सूचना मिलने के बाद कपूरथला के एसपी गौरव तूर समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती सोशल मीडिया पर वायरल हुए मैसेज की सत्यता का पता लगाना है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित घटना वास्तव में हुई है या वायरल संदेश के आधार पर विवाद और प्रदर्शन शुरू हुआ।

पुलिस ने नहीं की रेप की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, अभी तक छात्रा से रेप की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल यूनिवर्सिटी परिसर में हुए हंगामे, तोड़फोड़ और हाईवे जाम को लेकर भी पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.