Media24Media.com: पहले पीटा, फिर पट्टे से गला घोंटा; हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाया, तीन गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पहले पीटा, फिर पट्टे से गला घोंटा; हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाया, तीन गिरफ्तार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग और दो बेटियां होने को लेकर महिला के पति, देवर और सास ने उसके साथ मारपीट की और फिर पट्टे से गला कस दिया। महिला की मौत के बाद आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के मुताबिक ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर (30) से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव आ गया था। उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही मायके से 1 लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव भी बनाया जा रहा था।

अचानक तबीयत बिगड़ने की दी सूचना

26 सितंबर को दुर्गा के मायके वालों को सूचना दी गई कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह बेहोश हो गई है। परिजन और ससुराल वाले उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

पुलिस जांच में सामने आया कि 26 सितंबर को दहेज और पारिवारिक विवाद को लेकर दुर्गा के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया।

पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

पति, देवर और सास जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में रोहित निर्मलकर, मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ बीएनएस की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.