Media24Media.com: महिला हत्याकांड का खुलासा: साइकिल से पीछा कर महिला को बनाया निशाना, दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महिला हत्याकांड का खुलासा: साइकिल से पीछा कर महिला को बनाया निशाना, दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट व छेड़छाड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अकेली महिलाओं का पीछा कर उन्हें निशाना बनाता था।


खाली प्लॉट में मिला था महिला का शव

पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में एक महिला का शव मिला था। महिला के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरी महिला से मारपीट और छेड़छाड़

इसी दौरान 5 अगस्त की रात सेजबहार इलाके में एक अन्य महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की घटना सामने आई। महिला ने पुलिस को बताया कि घर लौटते समय एक युवक ने पीछे से आकर उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उसे नाली में धक्का देकर मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 8 से अधिक टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पुराने आपराधिक मामलों में शामिल रहे और हाल ही में जेल से बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या और दूसरी महिला के साथ मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

साइकिल से पीछा कर महिला को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी ने महिला को अकेले जाते देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ झूमाझटकी की। इसके बाद महिला को घटनास्थल के पास पानी में गिरा दिया।

पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला दबाने तथा उसके मुंह-नाक को पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मृतका का मोबाइल फोन लेकर साइकिल से मौके से फरार हो गया।

मोबाइल, साइकिल और कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल साइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पहले भी गंभीर अपराध में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के मामले में उसे अदालत से 10 वर्ष के कारावास की सजा हुई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले इस तरह की और कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.